देवघर/वरीय संवाददाता। अंकिता भंडारी हत्याकांड में दोषियों को फांसी की सजा दिलवाने के लिए युवा कांग्रेस ने वीर कुंवर सिंह चौक से टावर चौक तक कैंडल मार्च निकाला। युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष अनुराग आनंद ने कहा भाजपा नेता पूर्व राज्य मंत्री विनोद आर्या, उसका बेटा पुलकित आर्या, उसका साथी अंकित उर्फ पुलकित गुप्ता, सौरभ भास्कर यह लोग उत्तराखंड में महिलाओं का शोषण करते हैं। अंकिता ने जब देह व्यापार का विरोध किया तो आरोपियों ने उनकी हत्या कर दी। दोषियों को फांसी की सजा तक पहुंचाने के लिए युवा कांग्रेस ने कैंडल मार्च निकाला। मौके पर युवा कांग्रेस के नेता अभिषेक दुबे , मिन्हाज मिर्जा, एजाज चौघरी आशुतोष पासवान, मणिकांत यादव, अश्विनी सिंह, रविंद्र राणा, सूरज सिंह, अमूल राय, सुभाष कुमार रोहन कुमार, जयंत सिंह, सौरव दुबे, अजय श्रीवास्तव समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
चार सूत्री मांगों पर कार्यवाही नहीं आउटसोर्सिंग कर्मचारी संघ ने जताया रोष
देवघर/नगर संवाददाता। रविवार को कुष्ठ आश्रम रोड स्थित संघ कार्यालय में झारखंड चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष मनोज कुमार मिश्र व स्वास्थ्य आउटसोर्सिंग कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष दिव्यांशु कुमार के संयुक्त अध्यक्षता में आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की बैठक हुई। जिसमें आउटसोर्सिंग कर्मचारी संघ द्वारा 6 सितंबर को 4 सूत्री मांगों से संबंधित सिविल सर्जन को समर्पित किए गए पत्र पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं होने पर रोष प्रकट किया गया। साथ ही आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं पर विचार विमर्श किया गया। विचार विमर्श में कई प्रखंडों से यह बात सामने आई कि आउटसोर्सिंग कर्मचारियों से 26 दिन के वेतन के बदले 30 दिन का काम लिया जा रहा है। इस संबंध में संगठन की मांग पर सिविल सर्जन द्वारा जारी किए गए सप्ताह में 1 दिन के अवकाश दिए जाने संबंधी आदेश पर भी कोई कार्यवाही नहीं की जा रही है। इस संदर्भ में मनोज कुमार मिश्र द्वारा फ्रंटलाइन कंपनी के जिला व्यवस्थापक धर्मेंद्र कुमार से संपर्क कर बात की गई। बातचीत के बाद दो-तीन दिन में सभी प्रखंडों को साप्ताहिक अवकाश से संबंधित दिशा निर्देश जारी करने की बात कही गई। वही संगठन में बहुत सारे निष्क्रिय सदस्य तथा कोरोना कर्मचारियों का चुनाव हो जाने के कारण संगठन की छवि पर असर पड़ने की बात करते हुए सर्वसम्मति से संगठन की जिला शाखा के पुनर्गठन का निर्णय लिया गया। इसके लिए 9 अक्टूबर को तिथि निर्धारित किया गया है। बैठक में सभी आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है। 4 सूत्री मांगों पर पुन: आवेदन देते हुए प्रतिनिधि मंडल द्वारा 27 सितंबर को सिविल सर्जन से मुलाकात कर अपनी बातों को मजबूती से रखने का निर्णय लिया गया। सिविल सर्जन द्वारा मांगे नहीं माने जाने पर 11 अक्टूबर को एक दिवसीय धरना प्रदर्शन का निर्णय लिया गया। बैठक में झारखंड चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के राज्य उपाध्यक्ष अरुण कापरी, जिला अध्यक्ष मनोज कुमार मिश्र, जिला सचिव अरुण प्रसाद यादव, उपाध्यक्ष रीना कुमारी, संघर्ष मंत्री सौरभ रिचर्ड देवीपुर, जिला अध्यक्ष चंद्रमौली सहित अन्य कर्मचारी मौजूद थे।
आशीष झा बतौर तकनीकी अधिकारी राष्ट्रीय खेल में भाग लेने अहमदाबाद रवाना
देवघर/नगर संवाददाता। रविवार को जिला ओलंपिक संघ व जिला खेल प्राधिकरण के सचिव आशीष झा बतौर तकनीकी अधिकारी 36 वीं राष्ट्रीय खेल में भाग लेने अहमदाबाद रवाना हो गए। वह रांची से हवाई मार्ग द्वारा रवाना हुए। राष्ट्रीय तकनीकी अधिकारी आशीष झा 26 सितंबर से 5 अक्टूबर तक होने वाली लॉन बॉल्स स्पर्धा में बतौर निर्णायक अपनी भागीदारी देंगे। बताते चले की इसके पूर्व बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल के चयन शिविर दिल्ली में लगातार 1 महीने तक आशीष झा बतौर आब्जर्वर की भूमिका निभा चुके है। श्री झा झारखंड बॉलिंग के वरिष्ठ संयुक्त सचिव भी है। बतौर तकनीकी अधिकारी चयन होने पर झारखंड लॉन बॉल्स के महासचिव डॉ मधुकांत पाठक ने शुभकामनाएं दी। वही देवघर जिला ओलिंपिक संघ एवं जिला खेल प्राधिकरण के आजाद पाठक, बीरेंद्र सिंह, संजय मालवीय, इफ्तिखार शेख, मनोज मिश्रा, धर्मेंद्र देव, कृष्ण बर्णवाल, नवीन शर्मा, सोनी कुमारी, गिरधारी यादव, कनिष्क कश्यप, ज्ञान साही, दीपक, अंकेश, राहुल समेत खेल प्रेमियों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।
त्रिकुट पहाड़ के पीड़ित दुकानदारों को सांसद ने दिया आर्थिक सहयोग
देवघर/वरीय संवाददाता। पिछले दिनों त्रिकुट पहाड़ के नीचे अवस्थित दुकानों में आग लग जाने से काफी संख्या में दुकान जलकर राख हो गयी थी। रविवार को सांसद निशिकांत दुबे ने 9 दुकानदारों को पांच 5-5 हजार रुपया की आर्थिक सहयोग प्रदान किया। साथ ही कहा कि इन दुकानदारों के लिए राज्य सरकार को एसडीआरएम से राहत देना चाहिए। व्यापार में सहयोग के लिए सहायता करनी चाहिए। सांसद ने अपने निजी आवास शिव धाम में रविवार को प्रेस वार्ता करते हुए कहा कि देवघर से बासुकीनाथ तक सड़क निर्माण का कार्य होना है। जिसका टेंडर हो चुका है। इस पथ में पैदल एवं दंडवत कांवरियों के लिए अलग से व्यवस्था होगी। यह काम जनवरी 2023 तक चालू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि 2024 के दौरान वे देवघर से गोड्डा ट्रेन पर चढ़कर नॉमिनेशन करने जाएंगे। सांसद ने कहा कि देवघर के विकास के लिए रिंग रोड पूरा होने वाला है। साथ ही सभी हाईवे को एक दूसरे के साथ जोड़ने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन का स्थापना देवघर में होगा जो फुटवियर का कार्य करेगी इसमय हजारों लोगों को रोजगार उपलब्ध होगा वही प्लास्टिक इंस्टीट्यूट की स्थापना देवघर में होगी। उन्होंने कहा कि गोड्डा लोकसभा क्षेत्र को मॉडल लोकसभा क्षेत्र के रूप में लाने के लिए ये सब कार्य हो रहा है। मौके पर संजय यादव, अरुण गुटगुटिया, देवता पांडेय, हरि किशोर सिंह, मुकेश पाठक सहित अन्य उपस्थित थे।