तीरंदाजी के प्रशिक्षण व प्रतियोगिता पर खर्च करेंगे 115 करोड़ रुपए: अर्जुन मुण्डा
केन्द्रीय मंत्री ने दुमका में तीरंदाजी केंद्र के धनुर्धरों से की मुलाकात, देखा अभ्यास
दुमका/वरीय संवाददाता। केंद्रीय आदिवासी मामलों के मंत्री सह भारतीय तीरंदाजी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष अर्जुन मुंडा ने शनिवार को दुमका के विजयपुर स्थित राज्यस्तरीय आवासीय तीरंदाजी केंद्र के धनुर्धरों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि तीरंदाजी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देने के लिए अगले पांच साल के लिए नई योजना की शुरूआत की जा रही है। इस योजना पर 115 करोड़ रुपये का प्राविधान किया गया है, जिसमें प्रत्येक साल 27 करोड़ रुपये खर्च होगा। मुंडा ने कहा कि इस राशि से तीरंदाजों को प्रशिक्षण दिया जायेगा और विभिन्न स्थानों पर तीरंदाजी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके तहत खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के साथ अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को बेहतर मंच देने की कोशिश की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस समय देश भर में खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। सभी खेलों को बढ़ावा दिया जा रहा है। अच्छे खिलाड़ियों को उचित मंच भी मिल रहा है। उन्होंने कहा कि झारखंड में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। लक्ष्य यह है कि हमारे देश के प्रतिभावान खिलाड़ी ओलंपिक में मेडल हासिल करें। इसके लिए तमाम कोशिश की जा रही है। अर्जुन ने कहा कि केंद्रीय आदिवासी मामलों के मंत्रालय के माध्यम से तीरंदाजों को स्कूली स्तर पर तराशने की भी गंभीरता से पहल हो रही है। इस मंत्रालय के तहत संचालित होने वाले विभिन्न राज्यों के आवासीय विद्यालयों को चिह्नित कर कक्षा छह से 12 के छात्रों को प्रारंभिक स्तर से ही तीरंदाजी का गुर सिखाने की पहल हो रही है। मंशा है कि स्कूल कैंपस से निकलते ही ऐसे खिलाड़ियों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल सके। इससे पूर्व तीरंदाजी एकेडमी में भ्रमण के दौरान उन्होंने एक्सलेंस सेंटर तथा आवासीय केंद्र को देखा। उन्होंने ग्रामीण तींरदाजो से परिचय प्राप्त कर खिलाड़ियों के अभ्यास को भी देखा तथा उनके संसाधनों की भी जानकारी ली। एकेडमी परिसर की प्रशंसा करते हुए कहा कि जल्द ही राष्ट्रीय प्रतियोगिता हेतु टीम भेजकर सुविधाओं की जानकारी ली जाएगी क्योंकि राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में कई ओलंपियन एवं विश्वकप के विजेता खिलाड़ी भाग लेते हैं। कार्यक्रम संचालन करते हुए झारखंड तीरंदाजी संघ के वरीय उपाध्यक्ष सह दुमका जिला तीरंदाजी संघ के कार्यकारी अध्यक्ष ईन्जीनीयर कृष्ण नंदन सिंह ने बताया कि अभी राष्ट्रीय प्रतियोगिता जो गुजरात में होने जा रही है, उसमें दुमका की एक खिलाड़ी भारतीय परंपरा के तीर धनुष प्रतियोगिता में भाग ले रही है। तत्काल पर्याप्त संख्या में महिला खिलाड़ी आने के कारण महिला वॉशरूम, अभ्यास शेड निर्माण की आवश्यकता है तथा मैदान का समतलीकरण अत्यंत आवश्यकता है।