कुंडहित। संवाददाता। शुक्रवार को कुंडहित मुख्यालय स्थित सिंचाई परिसदन में आजसू प्रखंड इकाई की बैठक हुई। प्रखंड अध्यक्ष गया प्रसाद मंडल की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में पार्टी के केंद्रीय सचिव माधव चंद्र महतो, जिला महासचिव ननी गोपाल गोराई मुख्य रूप से उपस्थित थे। बैठक के दौरान पंचायत स्तर पर पार्टी के 12 आनुषंगिक इकाइयों के गठन को लेकर चर्चा की गई। प्रखंड के 15 पंचायत के लिए प्रभारी प्रतिनियुक्त किए गए। प्रतिनियुक्त किए गए प्रभारियों को 15 दिन का समय दिया गया। 15 दिन के भीतर सभी प्रभारियों को अपने अपने पंचायत में पार्टी के समस्त 12 आनुषंगिक इकाइयों का गठन कर उसकी सूची कार्यालय को सौंपने का निर्देश दिया गया। बैठक के दौरान पार्टी के केंद्रीय सचिव माधव चंद्र महतो ने बताया कि पार्टी की ओर से पूरे राज्य में दस लाख साधारण सदस्य तथा एक लाख पदेन सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है जिसके लिए कार्यकर्ताओं से क्षेत्र में संगठन को मजबूत बनाने और अधिक से अधिक संख्या में लोगों को पार्टी से जोड़ने का लक्ष्य दिया गया है। बैठक के दौरान नाला विधानसभा क्षेत्र में होने वाले पार्टी सुप्रीमो सुदेश महतो के आगमन की तैयारियों को लेकर भी चर्चा की गई। इस दौरान केंद्रीय सचिव ने पार्टी सुप्रीमो के कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने को लेकर आवश्यक रणनीति पर विचार विमर्श किया। कहा कि पार्टी सुप्रीमो के कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी। बैठक में पार्टी के गतिविधियों से जुड़े अन्य मुद्दों पर चर्चा कर स्थानीय कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। बैठक में उक्त नेताओं के अलावे खिरोद सिंह, देवी प्रसाद बनर्जी, सोमनाथ राय, युद्धपति सिंह, स्वपन गोराई, तपन माजी, स्वपन मंडल, प्रदीप खां, गौतम मान्ना, भीम बाउरी, विश्वनाथ दास सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।