तीनपहाड़। संवाददाता। राजमहल प्रखंड अंतर्गत तीनपहाड़ के बभनगामा मोड़ समीप काली मंदिर में मंगलवार रात्रि को वार्षिकोत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान गुरु चांद, हरि चांद व शांति माता की पूजा की जाएगी। मंदिर के साधक सुशांत कुमार विश्वास ने जानकारी देते हुए कहा कि बंगला आश्विन माह की अंतिम रात्रि में उक्त त्योहार मनाया जाता है जिसे गाससी त्योहार कहा जाता है। इसको लेकर सारी तैयारी कर ली गयी है। पूजा के अवसर पर झारखंड, बिहार व बंगाल प्रांत से भक्तगण शामिल होंगे।
ऑटो चढ़ने से महिला हुई घायल
बोरियो। संवाददाता। बोरियो प्रखंड क्षेत्र के डाकबंग्ला के पीछे सोमवार को एक महिला पर ऑटो चढ़ गया जिससे महिला घायल हो गयी। मिली जानकारी के अनुसार बड़ा पुल निवासी पिंकी देवी(37) अपने घर से ऑटो पर सवार होकर बाजार जा रही थी। इसी क्रम में महिला ऑटो से सड़क पर गिर गई। आनन-फानन में ऑटो ड्राइवर ऑटो भगाने के चक्कर में महिला के हाथ पर चढ़ कर फरार हो गया। उसके पति जितेंद्र शर्मा ने बताया कि उसकी पत्नी ग्रुप लोन की राशि जमा करने के लिए बोरियो बाजार आ रही थी। इसी क्रम में हादसा का शिकार हो गयी। घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बोरियो लाया गया जहां डॉ. चंदन कुमार ने महिला का प्राथमिक इलाज कर उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
लैम्पस खाता धारकों ने सदस्य सचिव को बनाया बंधक
उधवा। संवाददाता। प्रखंड मुख्यालय स्थित लैम्पस कार्यालय में सोमवार को दर्जनों खाताधारियों ने लैम्पस के सदस्य सचिव ह्रदय नारायण झा को बंधक बना लिया। बाद में खाताधारियों ने उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। इसके पूर्व खाताधारियों ने बताया कि लैम्पस में दर्जनों लोगों की जमा वृद्धि राशि का समय अवधि पूरा होने के बावजूद उन्हें भुगतान नहीं किया जा रहा है। खाता धारक प्रत्येक दिन लैम्पस कार्यालय का चक्कर लगा रहे हैं। इधर घटना की सूचना मिलने पर राधानगर थाना के पुलिस अवर निरीक्षक वीणा कुमारी ने मौके पर पहुंच कर मामले की जानकारी ली। इस बीच खाता धारकों ने सदस्य सचिव को पुलिस को सौंप दिया। खाता धारकों ने थाना पहुंच कर प्रदर्शन किया। स्थानीय जनप्रतिनिधि के हस्तक्षेप के बाद तीन माह के अंदर 50 खाता धारकों के करीब 43 लाख रुपये देने की सहमति के बाद पीआर बॉन्ड के आधार पर सदस्य सचिव को छोड़ दिया गया।