देवघर/वरीय संवाददाता। इनरव्हील क्लब ऑफ देवघर का 13वां स्थापना दिवस समारोह स्थानीय एक होटल में मनाया गया। इस अवसर पर कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिसमे शरीक होने के लिए इनरव्हील क्लब की अंतर्राष्ट्रीय मीडिया मैनेजर प्रभा रघुनंदन तथा डिस्ट्रक्टि सचिव रश्मि गुप्ता देवघर पहुंची थी। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय इनरव्हील का शताब्दी वर्ष है।
सबसे पहले आर मित्रा स्कूल परिसर में 20 बच्चों और 20 सदस्यों के साथ फलदार, फूलदार तथा इमारती लकड़ियों के पौधे का रोपण किया गया। नए सत्र के लिए अध्यक्ष के पद पर सारिका साह, उपाध्यक्ष अर्पणा सिन्हा, आई पी पी सरिता अग्रवाल, सचिव अर्चना भगत, कोषाध्यक्ष सीमा मुंद्रा, आईएसओ ज्ञानी मिश्रा तथा संपादक के पद पर कंचन मूर्ति साह ने अपना पदभार ग्रहण किया। पूर्व अध्यक्षा सरिता अग्रवाल ने अध्यक्ष का कॉलर नवनियुक्त अध्यक्षा सारिका साह को पहनाया। इसके साथ ही पांच एग्जीक्यूटिव मेंबर कमेटी का भी गठन किया गया। जिनके नाम क्रमश: रश्मि रंजन झा, ममता किरण, श्वेता केशरी, श्रूपा छावछरिया तथा डॉक्टर के पल्लवी हैं। तत्पश्चात क्लब द्वारा दो बच्चियों की पढई की जिम्मेदारी लेते हुए अध्यक्ष सारिका साह एवं सदस्य रेणु खेतान द्वारा उन्हें शिक्षा हेतु स्कूल फीस, स्कूल बैग, सोलर लैंटर्न, बरसाती और स्टेशनरी का सामान दियो। डॉ एकता रानी ने मंच संचालन किया। संपादक कंचन मूर्ति ने प्रभा रघुनंदन का संक्षिप्त परिचय देते हुए बताया कि प्रभा रघुनंदन राष्ट्रीय इनरव्हील संगठन की 41वीं अध्यक्षा रही हैं तथा संगठन में अनेक पदों पर प्रथम स्थान पर काबिज रही है। वर्तमान में ये अंतर्राष्ट्रीय इनरव्हील संगठन की अंतरराष्ट्रीय मीडिया मैनेजर के पद पर सुशोभित है। कार्यक्रम में रोटरी क्लब, लायंस क्लब, इनरव्हील बाबा धाम ,मारवाड़ी महिला समिति, संकल्प शाखा, रेडक्रॉस सोसाइटी, संथाल परगना चेंबर ऑफ कॉमर्स, एवं देवघर एम्स की डॉक्टर प्रतिमा गुप्ता उपस्थित थी।
डीएवी में किया गया पौधरोपण कार्यक्रम
देवघर/वरीय संवाददाता। भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी देवघर द्वारा पर्यावरण की सुरक्षा के लिए गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल भंडारकोला में पौधरोपण कार्यक्रम चलाया गया। जिसके तहत कई फलदार, छायादार और औषधीय पौधे लगाए गए। पौधरोपण कार्यक्रम की शुरुआत संस्था के चेयरमैन जितेश राजपाल और वाईस चेयरमैन पियूष जायसवाल ने प्राचार्य को पुष्प गुच्छ भेंट करके किया। इस अवसर पर सभी ने वृक्ष लगाने एवं बचाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ विजय कुमार ने कहा कि आज समाज में पर्यावरण एवं जल संरक्षण बहुत बड़ी समस्या है और इसे लेकर ही रेडक्रॉस सोसाइटी ने इस दिशा में पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण अभियान चलाया है। अलग-अलग फलदार एवं छायादार वृक्ष लोगों के लिए लाभदायक सिद्ध होंगे। वर्ष 2023 के संकल्प “बेहतर कल के लिए आज वृक्ष लगाना है ” के प्रति विद्यालय कृत संकल्पित है। इस अवसर पर संस्था के सदस्यों ने कहा कि हमारी संस्था समाज के सभी तरह की समस्याओं में सहयोग करने के लिए हमेशा तत्पर रहती है। इस कार्यक्रम का समन्वय प्रीति गुप्ता ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी मौजूद थे।
वुशू प्रतियोगिता में देवघर खिलाड़ियों का उम्दा प्रदर्शन
देवघर/वरीय संवाददाता। 19वीं जूनियर राज्य स्तरीय दो दिवसीय धनबाद में वुशू प्रतियोगिता संपन्न हुई। जिसमंे देवघर के खिलाड़ियों का बहुत ही उम्दा प्रदर्शन रहा। जूनियर ग्रुप में कृष कुमार ने गोल्ड मेडल लाकर देवघर जिले का नाम रोशन किया।आयुष कुमार एवं सिद्धार्थ कुमार ने सिल्वर मेडल लाया। इस संदर्भ में संघ के सचिव संजय झा ने बताया की कोच चंदन भार्गव की देखरेख में बहुत ही अच्छा प्रदर्शन रहा। साथ में शंभू शंकर भी मैनेजर के रूप में रहे और आने वाले समय जिले में ज्यादा से ज्यादा मैडल आएंगे मेडल जीत कर आने वाले खिलाड़ियों को बधाई देने वाले में सभी खेलप्रेमी के साथ जिला ओलंपिक एसोसिएशन के सचिव आशीष झा , सुरेशानंद झा, पंकज घोष, मलई सरकार, अनुपम आनंद, विनय कृष्ण ठाकुर, उज्जवल आर्य थे। इस संबंध में वुशु संघ के अध्यक्ष आजाद कुमार पाठक ने बधाई देते हुए बताया कि स्वर्ण पदक जीतने वाले कृष कुमार जूनियर नेशनल जो 6 से 11 अगस्त पटना पाटलिपुत्र स्टेडियम में होने जा रहा है उसमें भाग लेंगे।
आज रांची जायेंगे कांग्रेसी
देवघर/वरीय संवाददाता। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी की एक वर्जुवल मीटिंग प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर की अध्यक्षता में आहूत की गई। इस बैठक में जिला कांग्रेस कार्यालय से देवघर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष प्रो उदय प्रकाश ने भी भाग लिया। बैठक मुख्य रूप से राहुल गांधी के संघर्ष को बल देने के लिए 12 जुलाई को रांची के बापू वाटिका में सत्याग्रह की सफलता तथा सांगठनिक कार्यों को लेकर किया गया।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने बताया कि आज भारत ही नहीं पूरे विश्व ने यह देखा है कि कैसे कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने विभिन्न मंचों पर लगातार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं अडानी के संबंधों को उजागर करते हुए सवाल उठाते रहे हैं। राहुल गांधी के साहसिक प्रयास ने प्रधानमंत्री और भाजपा को कुटिल कदम उठाने के लिए मजबूर कर दिया, जिसके परिणाम स्वरूप उन्हे दोषी ठहराया गया और लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य घोषित कर दिया गया।
इन सभी कठिनाइयों के बावजूद राहुल गांधी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा सत्ता के दुरूपयोग के खिलाफ सच्चाई की अजेय लड़ाई लड़ते हुए देश के आमजनों से जुड़े मुद्दों को उठाने में लगातार लगे हुए हैं। इस लड़ाई में न केवल कांग्रेस पार्टी, बल्कि पूरे देश ने राहुल गांधी को दिये गए गलत सजा एवं संसद सदस्य की अयोग्यता की निंदा की है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में पूरी एकजुटता के साथ राहुल गांधी के साहसी एवं समझौताविहीन लड़ाई के समर्थन में अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के निर्देश पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी द्वारा 12 जुलाई को प्रदेश मुख्यालय में एक दिवसीय मौन सत्याग्रह (मौन विरोध) आयोजित करने का निर्णय लिया है। बुधवार को मोरहाबादी रांची स्थित बापू वाटिका, महात्मा गांधी जी की प्रतिमा के सामने सुबह 10 बजे से शाम 05 बजे तक एक दिवसीय मौन सत्याग्रह कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम में सभी जिला कांग्रेस कमिटी के सभी पदाधिकारी,नेता,अग्रणी संगठन,विभागों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता भारी संख्या में भाग लेना सुनिश्त करेंगें। इस निर्देश पर जिलाध्यक्ष प्रो उदय प्रकाश ने उक्त कार्यक्रम में देवघर से भी भारी उपस्थिति होगी।