- प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष ने विधायक की उपस्थिति में प्रेस वार्ता को किया संबोधित
महागामा। संवाददाता युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अभिजीत राज ने मंगलवार को महागामा के ऊर्जा नगर एक्सपर्ट हॉस्टल में महागामा विधानसभा क्षेत्र के युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ बैठक की। बैठक में विशेष रूप से महागामा विधायक दीपिका पांडेय सिंह भी शामिल हुईं। इस बैठक में स्पष्ट रूप से जल्द से जल्द ईसीएल की राजमहल परियोजना, ललमटिया और आउट सोसिंर्ग कंपनी में 75 प्रतिशत स्थानीय युवाओं के बहाली की प्रक्रिया को लागू करने की बात कही गई। प्रदेश यूथ कांग्रेस अध्यक्ष अभिजीत राज ने कहा कि महागामा कांग्रेस यूथ मोर्चा आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा । उन्होंने कहा कि झारखंड के अन्य सरकारी एवं गैर सरकारी उपक्रमों, संस्थानों में भी जल्द से जल्द 75% सीट पर झारखंड के स्थानीय युवाओं की बहाली शुरू हो, इसके लिए अभियान चलाया जाएगा । साथ ही झारखंड सरकार द्वारा बेरोजगारी भत्ता स्कीम की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की बात कही। प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष अभिजीत राज ने सरकारी नौकरियों में नियुक्ति की प्रक्रिया जल्द शुरू करने की मांग झारखंड सरकार से की। युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अभिजीत राज ने महागामा विधायक दीपिका पांडेय सिंह द्वारा पूर्ण सहयोग दिए जाने की बात कही। बताते चलें कि अपने शुरूआती राजनीतिक जीवन में विधायक सिंह भी युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय स्तर की पदाधिकारी रह चुकी हैं। झारखंड के छात्र- युवा हित में हर संभव कार्य करने की बात विधायक दीपिका पांडेय सिंह ने कहा ।