-दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
साहिबगंज/संवाददाता। सदर एसडीओ अंगारनाथ स्वर्णकार का पौधों से प्रेम लोगों के लिए भी प्रेरणादायक है। पर्यावरण संरक्षण का संदेश लिए सदर एसडीओ रविवार को डीएसओ झुन्नू कुमार मिश्र के साथ वन विभाग के पंचगढ़ स्थित नर्सरी पहुंच गए। यहां उन्होंने घूम-घूम कर पेड़-पौधों की जानकारी ली। खुद से आम, पपीता सहित कई फलदार और छायादार पौधा लिया। इस दौरान उन्होंने बताया कि पेड़-पौधों से उन्हें बहुत लगाव है। हर किसी को इनसे लगाव रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर हमें शुद्ध पर्यावरण, फल-फूल, हरियाली चाहिए तो पौधा लगाना होगा। उन्होंने बताया कि इन पौधों को आवासीय कार्यालय में लगाएंगे। एसडीओ ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि इस मॉनसून में खुद भी पौधा लगाएं और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
उमा अमृता फाउंडेशन ने थैलेसीमिया पेशेंट के लिए किया आठ यूनिट रक्तदान
-भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्व जिप अध्यक्ष रेणुका मुर्मू ने भी किया रक्तदान
साहिबगंज। संवाददाता। उमा अमृता फाउंडेशन ब्लड डोनर सेल की टीम ने रविवार को सदर अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में थैलेसीमिया से ग्रसित बच्चों के लिए ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन किया। कैंप में आठ यूनिट रक्तदान किया। रक्तदान करने वालों में भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष रेणुका मुर्मू, सुभाष कुमार, सत्यम कुमार सिंह, संजय यादव, मनीष कुमार शाह, अमित कुमार शाह, धीरेंद्र कुमार सहित अन्य शामिल थे। इस दौरान रेणुका मुर्मू ने कहा कि युवा, महिला व पुरुष स्वास्थ्य व्यक्ति को रक्तदान अवश्य करना चाहिए। रक्तदान करने से किसी जरूरतमंद की जान बचेगी और आपका स्वास्थ्य भी उत्तम रहेगा। रक्तदान करने से दर्जनों बीमारियां आपको छू भी नहीं पाएंगी। मौके पर अभिषेक कुमार, प्रशांत शेखर, ज्योति शर्मा, सियाराम यादव, आलोक कुमार, रोशन कुमार, राहुल गुप्ता, एलटी अजहर, शुभम कुमार सहित अन्य थे।
मारपीट कर पिता-पुत्र को किया घायल
राजमहल। संवाददाता। अनुमंडल अंतर्गत राधानगर थाना क्षेत्र के दक्षिण पियारपुर गांव में जमीन विवाद में हुई मारपीट में तीन लोग घायल हो गए। आनन-फानन में परिजनों ने तीनों घायलों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां से मिली जानकारी के अनुसार दक्षिण पियारपुर निवासी जाकिर हुसैन (55), सुल्तान शेख (48) व सरफराज शेख (22) का गांव के ही कुछ लोगों के साथ जमीन को लेकर विवाद था। रविवार को विवाद बढ़ते-बढ़ते मारपीट की घटना में तब्दील हो गया। अस्पताल में मौजूद चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मियों ने दोनों घायलों का इलाज किया। थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
जहरीले पदार्थ के सेवन से विवाहिता मूर्छित
राजमहल। संवाददाता। थाना अंतर्गत कन्हैया स्थान गांव में रविवार को 22 वर्षीय विवाहिता ने भूलवश जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। जिससे महिला मूर्छित हो गई। मिली जानकारी के अनुसार कन्हैया स्थान निवासी करण कुमार की 22 वर्षीय पत्नी मनीषा कुमारी ने दवा समझकर गलती से विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। परिजनों को इसकी जानकारी मिलने पर आनन-फानन में उसे अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया। समाचार लिखे जाने तक विवाहिता का इलाज जारी था। उसकी स्थिति स्थिर बनी हुई थी।
मारपीट कर महिला को किया घायल
राजमहल। संवाददाता। अनुमंडल अंतर्गत तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के छोटा हरिशचंद्रपुर गांव में आपसी विवाद में कुछ लोगों ने मारपीट कर 26 वर्षीय महिला घायल को कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार छोटा हरिशचंद्रपुर निवासी मनोज कुमार की पत्नी अनिमा देवी का गांव के ही कुछ लोगों के साथ विवाद होते-होते मारपीट हो गई। घटना में महिला घायल हो गई। इलाज के लिए उसे अनुमंडलीय अस्पताल राजमहल में भर्ती करवाया गया। जहां मौजूद चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मियों ने घायल महिला का इलाज किया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
भटकी विवाहिता को पुलिस ने सीडब्ल्यूसी वन स्टॉप सेंटर पहुंचाया
राजमहल। संवाददाता। थाना पुलिस ने एक भटकी विवाहित महिला की मदद की और उसे सीडब्ल्यूसी वन स्टॉप सेंटर पहुंचा दिया। मिली जानकारी के अनुसार नगर पंचायत क्षेत्र के तीनपहाड़ मोड़ के समीप शनिवार को रात्रि 09 बजे के करीब एक महिला को लोगों ने देखा। देखने से महिला भटक कर पहुंची प्रतीत हो रही थी। आसपास के दुकानदारों को नजर पड़ते ही उसे एक किराना दुकानदार ने अपनी दुकान पर बिठाकर तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी गुलाम सरवर, महिला थाना प्रभारी पूजा कुमारी, एसआई ददन साहा ने दलबल के साथ मौके पर पहुंच कर महिला से पूछताछ की। महिला सही से जवाब नहीं दे पा रही थी। किसी तरह उसने अपना नाम देवकी देवी, पति का नाम रोशन साहनी, समस्तीपुर जिला बताया। महिला की उम्र लगभग 30 वर्ष है। महिला ने बताया कि लगभग 03 महीने पहले घर से भटक गई है। भटकते हुए शनिवार को मानिकचक से जहाज के माध्यम से राजमहल पहुंच गई। थाना प्रभारी गुलाम सरवर ने मानवता एवं सुरक्षा की दृष्टिकोण से महिला थाना प्रभारी की मदद से भटकी हुई महिला को रात में ही सीडब्ल्यूसी वन स्टॉप सेंटर पहुंचाया। थाना प्रभारी ने बताया कि महिला को घर भेजने की व्यवस्था की जा रही है।
गुणवत्ता के साथ पुलिया निर्माण हो, डायवर्सन को रखें दुरुस्त : सोमा
-नप ईओ ने निर्माणाधीन पुलिया का लिया जायजा
साहिबगंज। संवाददाता। डीसी हेमंत सती के निर्देशानुसार नगर परिषद ईओ सोमा खंडाईत ने रविवार को शहर के रसूलपुर दहला में निर्माणाधीन पुलिया सहित पूरे शहर व जल जमाव वाले इलाकों का जायजा लिया। उन्होंने संवेदक को निर्देश दिया कि पुलिया निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान रखा जाए। स्थानीय लोगों के आने-जाने के लिए बने डायवर्सन को बेहतर बनाए रखें। किसी को परेशानी न हो। उन्होंने जल जमाव वाले इलाकों में जल निकासी की त्वरित अस्थाई व्यवस्था करने का निर्देश दिया। वहीं वार्ड-17 में पोकलेन से बड़ा नाला की हो रही साफ-सफाई का निरीक्षण किया। शहर में साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने, डोर टू डोर कूड़ा कचरा उठाव समय पर प्रत्येक दिन करने ओर छोटे-बड़े नाला की प्रतिदिन साफ-सफाई करने का निर्देश दिया। मौके पर सीटी मैनेजर, जेई, संवेदक सहित अन्य थे।
भक्तिमय वातावरण में भगवान जगन्नाथ की निकली रथ यात्रा
-सात दिनों के लिए मौसी बाड़ी गये भगवान कृष्ण, बलराम और सुभद्रा
राजमहल। संवाददाता। नगर पंचायत के वार्ड नंबर 06 स्थित बर्मन कॉलोनी से दुर्गा पूजा कमेटी ने रथ यात्रा के अवसर पर रविवार की संध्या महाप्रभु जगन्नाथ, बहन देवी सुभद्रा एवं बड़े भाई भगवान बलभद्र की रथ यात्रा निकाली। पुरोहित ने पूरे विधि विधान और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ भगवान जगन्नाथ की रथ का शुभारंभ किया। हजारों श्रद्धालुओं ने रथ की रस्सी को खींचते हुए नगर भ्रमण किया। रथ यात्रा बर्मन कॉलोनी से प्रारंभ होकर स्टेशन रोड, गांधी चौक, कासिम बाजार, महाजन टोली, नया बाजार व अन्य इलाके का भ्रमण कर हाटपाड़ा स्थित बबलू हलदार के आवास में बने राधा-कृष्ण मंदिर पहुंची। मान्यता के अनुसार मौसी बाड़ी में भगवान जगन्नाथ को 07 दिनों के लिए रखा गया। पुन: 07 दिनों के बाद इसी तरह नगर भ्रमण करते हुए दुर्गा मंदिर परिसर में आकर रथ यात्रा की समाप्ति होगी। भक्तों के बीच महाभोग का वितरण भी किया गया। मौके पर कमेटी के अध्यक्ष महादेव विश्वास, सचिव किशन बर्मन, सुकुमार बर्मन, कृष्णा बर्मन, अभिराम बर्मन, संजीत जोरदार, समीर बर्मन, प्रसन्नजीत विश्वास, दीपांकर विश्वास, भोला विश्वास, विजय बर्मन, कान्हू बर्मन, विशाल बर्मन, आकाश बर्मन, जय बर्मन, शेखर बर्मन, रवि बर्मन, जय बर्मन सहित हजारों भक्तजन उपस्थित थे।
लोगों को कानून, अधिकार व योजनाओं की जानकारी होना जरूरी: अखिल
-विधिक सेवाएं सह महिला सशक्तीकरण शिविर का आयोजन
साहिबगंज। संवाददाता। जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में रविवार को सिद्धू-कान्हू सभागार में विधिक सेवाएं सह सशक्तीकरण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरूआत प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार अध्यक्ष अखिल कुमार, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव विश्वनाथ भगत, अपरसमाहर्ता राजमहेश्वरम, अनुमंडल पदाधिकारी अंगारनाथ स्वर्णकार, अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष प्रेमनाथ तिवारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार अध्यक्ष अखिल कुमार ने विधिक सेवा प्राधिकार के विषय में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शिविर के आयोजन का मुख्य उद्देश्य आम जनता को विधि रूप से सशक्त बनाना है। लोगों को उनके अधिकारों, देश के कानून व सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना है। कहा कि किसी तरह की समस्या आने पर नि:संकोच जिला विधिक सेवा प्राधिकार में अपनी बात रखें। उनकी समस्या का समाधान किया जाएगा। कार्यक्रम को जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव एवं अपर समाहर्ता ने भी संबोधित किया। पदाधिकारियों ने शिविर में विभिन्न विभागों के लगाए स्टॉल का निरीक्षण भी किया। वहीं कार्यक्रम में परिसंपत्ति का वितरण भी किया। मौके पर डीएसपी विजय कुमार कुशवाहा, उप निर्वाचन पदाधिकारी सुनीता किस्कू, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी डॉ. सुमन गुप्ता, जिला सहकारिता पदाधिकारी रामकुमार प्रसाद, जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमार हर्ष, जिला कृषि पदाधिकारी प्रमोद इक्का, जिला खेल पदाधिकारी राजेश कुमार चौधरी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी झुनू कुमार मिश्रा, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी सीके दास, जिला योजना पदाधिकारी अनूप कुमार व अन्य मौजूद थे। इधर बोरियो प्रखंड कार्यालय में भी शिविर का आयोजन किया गया। मौके पर जिला सत्र न्यायाधीश धर्मेंद्र कुमार, अधिवक्ता ज्योति कुमारी, सीओ हेमराज खलको, मनरेगा बीपीओ श्वेता कुमारी, नोडल पदाधिकरी डॉ. विवेक भारती, पीएलवी कुर्बान अंसारी, माधुरी कुमारी, सेमी मालतो सहित अन्य मौजूद थे।
बैंक के मृत ग्राहकों के खाते से अवैध निकासी
-जेआरजी बैंक के सहायक प्रबंधक ने थाना में की शिकायत
-पूर्व ब्रांच मैनेजर और अन्य पर केस दर्ज
तीनपहाड़। संवाददाता। तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के रामचौकी स्थित झारखंड राज्य वनांचल ग्रामीण बैंक के मृत ग्राहकों के खाता से अवैध तरीके से रुपया की निकासी कर ली गयी है। मामले में बैंक के सहायक प्रबंधक सिकंदर राम ने थाना में आवेदन देकर इसमें शामिल लोगों पर कार्रवाई की मांग की है। आवेदन में बताया गया है कि बैंक के पूर्व प्रबंधक व अन्य ने मिलीभगत कर मृत ग्राहकों के खाते से अवैध तरीके से रुपयों की निकासी कर ली। कुल 10 खातों से 07 लाख, 38 हजार की निकासी की गई है। मामले में बैंक के पूर्व में शाखा प्रबंधक चंदन सिंह, शेषनाथ मंडल, बिनोद सोरन, दिनेश मुर्मू पर तीनपहाड़ थाना में कांड संख्या 37/24 दर्ज की गई है। तीनपहाड़ थाना प्रभारी शाहरुख ने बताया कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
रेलवे पैदल पुल पर लगाया बैरिकेट
तीनपहाड़। संवाददाता। रेलवे स्टेशन के पैदल पुल पर टोटो व बाइक के आवागमन को रोकने के लिए रविवार को आरपीएफ ने बैरिकेटिंग लगा दी। वहां तैनात आरपीएफ जवान दिनेश कुमार मंडल ने बताया कि वरीय अधिकारी के आदेशानुसार पैदल पुल पर यात्री सहित अन्य लोग पैदल आवागमन कर सकते हैं। साइकिल हो तो बिना चलाये पार कर सकते हैं। लेकिन बाइक और टोटो किसी भी कीमत पर नहीं चलने दिया जाएगा। आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने कहा कि पैदल पुल पर बाइक या टोटो चलाने वाले पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।