-मंत्री ने लगाया आरोप केंद्र सरकार हर मोर्चे पर विफल
पाकुड़/संवाददाता। सदर प्रखंड के मनीरामपुर गांव में जनसभा का आयोजन किया गया। राज्य के ग्रामीण विकास मंत्री व स्थानीय विधायक आलमगीर आलम ने जनसभा को संबोधित करते राज्य सरकार के तीन वर्षों के कार्यकाल को अभूतपूर्व करार देते कहा कि राज्य सरकार आम लोगों को विकास व कल्याणकारी योजना का लाभ उपलब्ध कराने के लिए आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम पूरे राज्य में सफल रहा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से हजारों आवेदन लोगों के द्वारा सौंपा गया। आवेदन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए लोगों को लाभान्वित किया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर ग्रामीणों की रखी जा रही समस्या का समाधान कर रहे हैं। आलमगीर आलम ने इस दौरान केंद्र सरकार पर जम कर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र सरकार बड़े-बड़े वादे कर सत्ता पर काबिज हुई परंतु यदि जमीनी स्तर पर देखा जाए तो केंद्र सरकार हर मोर्चे पर पूरी तरह से विफल साबित हुई है। देश में महंगाई चरम स्थिति पर पहुंच चुकी है। देश का माहौल खराब किया जा रहा है परंतु कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने देश में भाईचारा और अमन स्थापित करने के लिए भारत जोड़ो यात्रा प्रारंभ किया है। यात्रा के जरिये देश को एक सूत्र में बांधने का प्रयास किया जा रहा है। आलम ने कहा कि कांग्रेस देश की सबसे पुरानी पार्टी है। जनता का दु:ख दर्द कांग्रेस के कार्यकर्ता ही समझ सकते हैं। वहीं मौके पर कांग्रेसी नेता हाजीकूल आलम ने भी सभा को संबोधित किया। मौके पर बड़ी संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ता मौजूद थे।