उधवा। संवाददाता। प्रखंड के श्रीधर दियारा पंचायत में गुरुवार को जूट विकास निदेशालय, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय भारत सरकार के सहायक निदेशक ए. अंसारी ने क्षेत्र भ्रमण किया। उन्होंने किसानों से मुलाकात की और खेतों में लगे हुए जूट फसल के वास्तविक स्थिति का भौतिक निरीक्षण किया। तत्पश्चात झारखंड राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से गठित सखी मंडल से जुड़े हुए सखी मंडल सदस्यों से भी संवाद किया। भ्रमण कार्यक्रम में जूट के मास्टर ट्रेनरों ने अपना अनुभव साझा किया। वहीं गांधी आजीविका संकुल स्तरीय संगठन ने 7,000 किलोग्राम जूट का बीज जेआरओ 204 किसानों के बीच बांटा। इस वर्ष वैज्ञानिक तरीका अपना कर लाइन विधि से जूट की खेती की जा रही है। मौके पर झारखंड राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन आजीविका प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार, आत्मा के उप- परियोजना निदेशक अजय पुरी, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक, क्षेत्र प्रसार पदाधिकारी प्रेम कुमार पासवान, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक राहुल वर्मा, फील्ड को-ऑर्डिनेटर मनोज कुमार मंडल एवं सखी मंडल की सदस्य मौजूद थे।
दो बाइकों की भिड़ंत में चार हुए घायल
तालझारी। संवाददाता। थाना क्षेत्र के सकरीगली में गुरुवार को दो मोटरसाइकिल की आमने-सामने की भिड़ंत में तीन युवक सहित एक किशोर घायल हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार सकरीगली-साहिबगंज मुख्य सड़क के नया टोला स्थित प्रज्ञा केंद्र के समीप सुबह 09 बजे के लगभग साहिबगंज की ओर से आ रहे बाइक संख्या जेएच 18 ई 5114 होंडा पर सवार जमनी फाटक निवासी अंकित कुमार (19) एवं गौतम कुमार (20) सकरीगली की तरफ से आ रहे बाइक संख्या बीआर 10 एस 1170 होंडा पर सवार विकास कुमार (18) एवं पप्पू मंडल (14) की आमने- सामने की भिड़ंत हो गई। जिसमें चारों घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से परिजनों ने घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गौतम कुमार व पप्पू मंडल को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
अतिक्रमण पर चला प्रशासन का बुल्डोजर
तीनपहाड़। संवाददाता। राजमहल अंचल के मौजा बभंनगामा से मौजा तीनपहाड़ मोड़, राजमहल बोरियो सड़क पर अतिक्रमण कर बनी दुकानों को हटाया गया। दरअसल दुकानदारों को नोटिस की गई थी। जिसके बाद कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें हटा ली। वहीं कुछ दुकानों को प्रशासन ने बुलडोजर से तोड़वा दिया। इधर तीनपहाड़ बाजार में जेसीबी देखकर बाजार में अफरा-तफरी मच गई। बाजार समिति के लोगों ने कागजात दिखा कर जेसीबी रूकवाया। मौके पर तीनपहाड़ थाना पर प्रभारी चिंतामन रजक, राजमहल सीओ प्रीति लता किस्कू, सीआई प्रभारी फारूक, राजस्व उपनिरीक्षक सच्चिदानंद राय, अमीन मीर अब्दुल करीम सहित अन्य मौजूद थे।
उधवा में 18 घंटा बाद हुई बिजली आपूर्ति बहाल
उधवा। संवाददाता। इलाके में 18 घंटा तक बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित रही। इससे उपभोक्ताओं को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। गुरुवार की शाम करीब 4:30 बजे बिजली आपूर्ति बहाल हुई। जानकारी के अनुसार बीते बुधवार की दोपहर तेज आंधी के साथ बारिश हुई थी। करीब रात्रि 9 बजे के आसपास बिजली आपूर्ति बाधित हुई। इसके बाद रात्रि करीब 10:30 बजे के आसपास बिजली आपूर्ति बहाल हुई। करीब 10 मिनट के बाद अचानक बिजली आपूर्ति ठप हो गई। उपभोक्ताओं का कहना है कि रातभर बिजली के इंतजार में सुबह हो गई। लेकिन बिजली आपूर्ति नहीं हुई। बताया जाता है कि 33 हजार तार मे टेक्निकल प्रोब्लम होने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हुई थी। वहीं चांदशहर पंचायत मुखिया मोहम्मद मुस्ताकिम ने कहा कि प्रखंड क्षेत्रों में 18 घंटा बिजली बाधित रहना विभाग की लापरवाही को दशार्ता है। इस संबंध में मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर समस्या से अवगत कराएंगे।
बंधक बनाकर मारपीट मामले में 4 पर केस दर्ज
बोरियो। संवाददाता। थाना क्षेत्र के सोंगले निवासी बड़की मुर्मू ने बोरियो थाना में आवेदन देकर बंधक बनाकर मारपीट करने का मामला दर्ज कराया है। उन्होंने आवेदन में बताया कि घर के शुद्धीकरण एवं शांति के लिए 20 जून को गुरु बाबा की टीम के सदस्य मरांगमय मुर्मू, रगात बास्की, तालाकुड़ी मुर्मू, मरांगकुड़ी हंसदा को पूजा पाठ के लिए बुलाया था। इसी दौरान पड़ोस में रह रहे सोंगले निवासी मोहन मुर्मू पूजा पाठ करता देख डायन कह कर हल्ला करने लगा। हल्ला सुनकर जंजू मुर्मू, डेडे मुर्मू, हेमलाल मुर्मू, पूजा पाठ वाली जगह पर आ कर मारपीट की और रात भर बंद बंधक बनाकर रखा। इधर थाना प्रभारी निरंजन कच्छप ने बताया कि महिला के आवेदन पर कांड संख्या 154/23 के तहत 4 नामजद एवं 4 या 5 अज्ञात लोगों के ऊपर मामला दर्ज करते हुए छानबीन की जा रही।
राज्यपाल आज साहिबगंज में, डीसी ने तैयारी कर लिया जायजा
बरहेट। संवाददाता। प्रखंड के गोपलाडीह फुटबॉल मैदान में शुक्रवार को झारखंड के राज्यपाल सी पी राधाकृष्णन का आगमन हो रहा है। जिसकी तैयारी को लेकर उपायुक्त रामनिवास यादव ने गुरुवार को कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। डीसी ने बताया कि राज्यपाल यहां सरकार की महत्वकांक्षी योजनाओं से लोगों को लाभान्वित कर परिसंपत्ति का वितरण करेंगे। बताया कि राज्यपाल सड़क मार्ग से करीब दो बजे पाकुड़ से साहिबगंज के बरहेट प्रखण्ड अंतर्गत गोपलाडीह पंचायत के गोपलाडीह गांव पहुंचेंगे। मौके पर पुलिस अधीक्षक अनुरंजन किस्पोट्टा, अनुमंडल पदाधिकारी राहुल जी आनंद जी, जिला खनन पदाधिकारी विभूति कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी अमर प्रसाद, प्रखंड विकास पदाधिकारी सोमनाथ बनर्जी, थाना प्रभारी गौरव कुमार सहित अन्य मौजूद थे।