भाजपा की जिला स्तरीय टीफिन बैठक में विधायक ने कार्यकर्ताओं को दिया संदेश
राजमहल। संवाददाता। भाजपा की जिला स्तरीय टीफिन बैठक रविवार को मंडई स्थित मां पगली दुर्गा मंदिर के समीप पंचायत भवन में जिला अध्यक्ष रामदरश यादव की अध्यक्षता में हुई। विधायक अनंत कुमार ओझा मुख्य रूप से उपस्थित थे। कार्यकर्ताआंे ने विधायक सहित पार्टी पदाधिकारियों को अंग वस्त्र ओढ़ा कर सम्मानित किया। विधायक ने बैठक को संबोधित करते हुए केंद्र की मोदी सरकार के पिछले 9 वर्षों के दौरान किए गए जन कल्याणकारी कार्य एवं योजनाओं की विस्तार पूर्वक जानकारी दी। कहा कि सरकार ने विकास को लेकर नए आयाम स्थापित किए हैं। समाज के गरीब-शोषित-वंचित, किसानों, महिलाओं और युवाओं के कल्याण के लिए अनेक काम हुए हैं। सरकार गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से 80 करोड़ लोगों को जरूरी राशन पहुंचा रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना, नल से जल कलेक्शन, किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत योजना, सौभाग्य योजना सहित सैकड़ों योजना के तहत लोगों तक लाभ पहुंचाने का काम किया है। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं को जनसम्पर्क अभियान को और तेजी से बढ़ाने को लेकर कार्यकर्ताओं को जोर देने की बात कही। विधायक ने मां पगली दुर्गा मंदिर में कार्यकर्ताओं के साथ पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की विकास और प्रगति की कामना की। मौके पर जिला उपाध्यक्ष संजीव दे, पूर्व जिला अध्यक्ष उज्ज्वल मंडल, जिला महामंत्री कार्तिक साहा, राजेश मंडल, सोनेलाल ठाकुर, सागर मंडल, ललन राय, धर्मराज मंडल, बिरेन साहा, सुरेंद्र सिंह, धर्मेन्द्र मंडल, सुनील प्रमाणिक, श्रीकांत मंडल, मंजू सिंह, संजय प्रमाणिक, उमाकांत मंडल सहित सभी मंडलों से आए सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।
एबीवीपी के 75वें स्थापना दिवस पर प्रतिभा सम्मान समारोह व प्रखंड इकाई का गठन
उधवा। संवाददाता। एबीवीपी के 75वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में राजकीय मध्य विद्यालय में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन व प्रखंड इकाई का गठन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राजमहल विधायक अनंत कुमार ओझा, एबीवीपी जिला संयोजक पवन कुमार सिन्हा, भाजपा जिलाध्यक्ष रामदरश यादव सहित अन्य ने विधिवत रूप से स्वामी विवेकानंद व मां सरस्वती के तैलीय तस्वीर समीप दीप प्रज्वलित करके किया। राजमहल विधायक अनंत कुमार ओझा ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् ने छात्र हित से लेकर देश हित से संबंधित समस्याओं को उठाया। बांग्लादेशी घुसपैठ और कश्मीर से धारा 370 को हटाने के लिए विद्यार्थी परिषद् समय-समय पर आन्दोलन चलाता रहा है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् शिक्षा के व्यवसायीकरण के खिलाफ बार-बार आवाज उठाती है। इसके अतिरिक्त अलगाववाद, अल्पसंख्यक तुष्टीकरण, आतंकवाद और भ्रष्टाचार जैसी राष्ट्रविरोधी गतिविधियों के खिलाफ लगातार संघर्षरत है। स्थापना से लेकर 75 वर्षों में विद्यार्थी परिषद ने राष्ट्र के पुनर्निर्माण के लिए करोड़ों विद्यार्थी एवं युवा वर्ग के छात्रों के व्यक्तित्व निर्माण की दिशा में सफल भूमिका निभाई है। भाजपा जिलाध्यक्ष रामदरश यादव, एबीवीपी जिला संयोजक पवन कुमार सिन्हा सहित अन्य ने छात्रों को संबोधित किया। प्रतिभा सम्मान समारोह में विभिन्न विद्यालयों के दर्जनों छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सभी के उज्ज्वल भविष्य का कामना किया। मंच संचालन राधानगर नगर मंत्री सत्यम कुमार ने किया। धन्यवाद ज्ञापन राजमहल नगर मंत्री कविन्द्र पासवान ने किया। मौके पर रोहित साहा, निरंजन मंडल, बन्टी चौधरी, रोहित प्रमाणिक, शुभम घोष, टिंकू मंडल, संजय मंडल, अमन मंडल, अदिति राज, अंकित प्रमाणिक, तुषार सरकार, मनीष मंडल, पांडव चौधरी, दीपक भगत, विमल मंडल, अश्वनी राज, ऋतुराज मंडल, राहुल शर्मा सहित अन्य उपस्थित थे।
जनसेवकों का हड़ताल समाप्त, जिला के सभी जनसेवक आज करेंगे योगदान
साहिबगंज। संवाददाता। झारखण्ड राज्य जनसेवक संघ का 67 दिनों से चला आ रहा अनिश्चितकालीन हड़ताल संयुक्त सचिव के साथ सकारात्मक वार्ता के बाद समाप्त हो गया। जिला जनसेवक संघ के अध्यक्ष मसीह मुर्मू ने झारखण्ड राज्य जनसेवक संघ के प्रांतीय अध्यक्ष देवेन्द्र कुमार सहित प्रांतीय टीम, संताल परगना टीम सहित जिला की टीम नेतृत्व का आभार जताया। मीडिया प्रभारी कैलाश वर्मा ने बताया कि हड़ताल के दौरान साहिबगंज के जनसेवकों ने कई मिसाल पेश की। रक्तदान से लेकर बुजुर्गों की सेवा सहित प्रतियोगिता का भी आयोजन किया। उन्होंने बताया कि जनसेवकों के साथ कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के संयुक्त सचिव के साथ शुक्रवार को वार्ता हुई। वार्ता उपरांत सहमति से शपथ पत्र जारी करते हुए सरकार ने न्यायालय के आदेशानुसार जनसेवकों का ग्रेड पे यथावत 2400 रहने दिया। हड़ताल अवधि को उनके उपार्जित अवकाश, अग्रिम अवकाश में समायोजित कर दिया गया है। साथ ही अन्य 11 सूत्री मांगों को विधिसम्मत जल्द पूरा करने का लिखित आश्वासन दिया है। आज सभी जनसेवक अपने कार्य पर लौट जाएंगे। रविवार को सभी जनसेवकों ने सिद्धू-कान्हू स्टेडियम में एकत्रित होकर एक दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर एवं माला पहनाकर, मिठाई खिलाकर खुशी मनाई। मौके पर दर्जनों जनसेवक मौजूद थे।
नमामि जल प्लांट का बैंक मैनेजर ने किया उद्घाटन
साहिबगंज। संवाददाता। नगर परिषद क्षेत्र के घाट लाइन मुक्तेश्वरधाम बिजली सीढ़ी गंगा घाट समीप नमामी जल प्लांट का रविवार को विधिवत उद्घाटन केनरा बैंक मैनेजर गौरव कुमार झा ने नारियल फोड़कर व फीता काटकर किया। प्रोपराइटर अमित कुमार रंजन ने बताया कि अब शहरवासियों को बेहतर क्वालिटी का पेयजल उचित मूल्य पर मुहैया कराया जाएगा। मौके पर अमित कुमार रंजन, अरविन्द ठाकुर, देव आर्यन, नवीन मिश्रा, उत्तम मिश्रा, अमरेश झा, जयराज झा, सिवेश झा, राजू पाठक, चंदन सिंह, राजू पाठक, इमरान, ओमप्रकाश, बबलू सहित अन्य थे।
न्याय की लगाई गुहार
साहिबगंज। संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के पुरुषोत्तम गली निवासी मोहित अग्रवाल ने रविवार को नगर थाना प्रभारी को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। दिए आवेदन में उसने बताया कि सब्जी मंडी निवासी सोंटा यादव, रवि पासवान व उसका भाई सहित अन्य चार युवकों ने मिलकर उसे लोहा का रड, डंडा सहित अन्य से मारकर लहूलुहान कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। मोहित सब्जी मंडी स्थित होटल नीलिमा पैलेस में कार्य करता है। आए दिन उक्त लोग उसे रोककर रंगदारी की मांग करते हैं शनिवार रात को पैसा देने से इंकार किया तो उक्त लोगों ने उसके साथ मारपीट की। नगर थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर अमित कुमार ने बताया कि मामले की जांच कर करवाई की जाएगी।
एसडीओ ने झरना नाला का लिया जायजा
साहिबगंज। संवाददाता। शहर के कॉलेज समीप झरना नाला को अतिक्रमण मुक्त करा कर वास्तविक स्वरूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को नगर परिषद ईओ सह एसडीओ राहुल जी आनंद जी ने स्थल का निरीक्षण किया। झरना नाला को पूरी तरह से अतिक्रमण मुक्त करके टूटे दुकानों के मलबा को जल्द से जल्द साफ-सफाई करने का निर्देश दिया। साथ ही नगर परिषद अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
परिवार का राशन-पानी बंद करने के मामले में पहुंचा प्रशासन
एसडीओ ने दोनों पक्षों में कराई सुलह
साहिबगंज। जिरवाबाड़ी ओपी क्षेत्र अंतर्गत बड़ा मदनशाही, छोटा पांगड़ो में पंचायत के एक परिवार का राशन-पानी बंद करने के मामले में पीड़ित परिवार की गुहार के बाद डीसी के निर्देश पर पदाधिकारियों ने गांव पहुंच दोनों पक्षों में सुलह कराई। सदर एसडीओ राहुल जी आनंद जी,बोरियो बीडीओ टुडू दिलीप, ओपी प्रभारी चिरंजीत प्रसाद ने दोनों पक्षों की बात सुनी। उप मुखिया अलाउद्दीन ने राशन-पानी बंद करने के आरोप को निराधार बताया। एसडीओ ने इसके बाद दोनों पक्षों में सुलह कराते हुए दोबारा ऐसी गलती नहीं करने की चेतावनी दी। ज्ञात हो कि महिला ने जमीन विवाद से जुड़े एक मामले में राशन-पानी बंद करने की शिकायत पदाधिकारियों से की थी। जिसके बाद डीसी ने त्वरित संज्ञान लेते हुए मामले के निपटारे के लिए पदाधिकारियों को वहां भेजा था।
रिश्ता तय होने के बाद किसी दूसरे से विवाह का आरोप, शिकायत
साहिबगंज। संवाददाता। जिरवाबाड़ी ओपी में वधू पक्ष से लड़की के पिता ने विवाह का झांसा देकर रुपये ठगने का आरोप लगाते हुए आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। बिहार के मुंगेर जिला के संग्रामपुर निवासी आवेदक उदय कुमार दास ने आवेदन में उल्लेख किया है कि उनकी पुत्री के साथ ओपी क्षेत्र के छोटा पंचगढ़ निवासी पूर्व वार्ड पार्षद सुंदर दास ने अपने पुत्र विकास कुमार दास से विवाह के लिए किसी रिश्तेदार के जरिये विवाह प्रस्ताव भिजवाया। तत्पश्चात दोनों पक्षों ने वर-वधू को पसंद किया। फिर उन्होंने कुछ लोगों को साथ ले हिन्दू विवाह रीति रिवाज से लड़के के घर आकर 51 हजार नगद, लड़के का कपड़ा, मिठाई वगैरह के साथ छेका की रस्म अदा की। विवाह इसी वर्ष दुर्गा पूजा के बाद किसी तारीख को करने की बात तय की। फिर उन्हें अचानक खबर मिली कि 16 जुलाई रविवार को उक्त लड़के का विवाह किसी अन्य लड़की से मंदिर में होने जा रहा है। साहिबगंज पहुंच मामले की जांच की तो बात सही निकली। इसके उदय कुमार दास ने जिरवाबाड़ी पुलिस से इसकी शिकायत की। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
7 घंटे बंद रही विधुत आपूर्ति
तीनपहाड़। संवाददाता। तीनपहाड़ पावर सबस्टेशन से प्रवाहित होने वाले 6 फीडर में तकरीबन 7 घंटे तक विद्युत आपूर्ति बंद रही। जिस कारण उमस भरी गर्मी से लोगों का हाल बेहाल रहा। बताते चलें कि इस दौरान तीनपहाड़ से बरहरवा के बीच प्रवाहित होने वाले 33 हजार केवीए लाइन में ब्रेकर लगाया गया। अब ब्रेकर लगाए जाने से क्षेत्र वासियों को निर्बाध रूप से बिजली मिल सकेगी। समाचार भेजे जाने तक क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई थी।
विहिप ने किया संगठन विस्तार
बोरियो। संवाददाता। रविवार को विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल की जिला स्तरीय बैठक सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में हुई। जिसमें मुख्य रूप से प्रांत मंत्री देवी सिंह उपस्थित थीं। बैठक में संगठन का विस्तार किया गया। मौके पर जिला मंत्री गोपीचन्द्र साह, विभाग मंत्री कालीचरण मंडल, जिला संयोजक करण सिंह यादव, सुरक्षा प्रमुख अर्जुन यादव, किशोर ठाकुर, रजनीश साह, अरुण ठाकुर, रितेश मंडल, विजय शर्मा, विष्णु मोदी, रोहित पंडित, अनुप दास, शिवम, सुभाष पांडेय, ध्रुव कुमार व अन्य मौजूद थे।
प्रखंड प्रमुख ने उप प्रमुख पर दर्ज कराया केस
बोरियो। संवाददाता। प्रखंड प्रमुख शांति बास्की ने उप प्रमुख कैलाश प्रसाद पर गाली-गलौज, धक्का-मुक्की करने व साड़ी खींच के अर्धनग्न करने का आरोप लगाते हुए थाना में केस दर्ज कराया है। थाना प्रभारी निरंजन कच्छप ने बताया कि मामले में कांड संख्या 175/23 दर्ज कर छानबीन की जा रही है। वहीं उप प्रमुख कैलाश प्रसाद ने सभी आरोपों को निराधार बताया है।