गंगा का बढ़ा जल स्तर, एलसीटी में भारी वाहनों का परिचालन बंद
राजमहल। संवाददाता। गंगा नदी के जल स्तर में लगातार हो रही वृद्धि के कारण पश्चिमबंगाल के मानिकचक तथा झारखंड के राजमहल के बीच फेरी सेवा के तहत चलने वाले मालवाहक जहाज एलसीटी का परिचालन प्रभावित हो गया है। राजमहल का लाइफ लाइन माने जाने वाला फेरी सेवा के तहत चलने वाले एलसीटी में बुधवार की सुबह से भारी वाहनों का परिचालन ठप्प हो गया है। बीते एक सप्ताह से गंगा के बढ़ते जल स्तर के कारण आसार लगाए जा रहे थे कि फेरी घाट में सेवा प्रभावित होगी और हुआ भी वही। बुधवार की सुबह पश्चिमबंगाल की ओर जाने वाले स्टोन चिप्स लदे ट्रकों को जहाज में नहीं चढ़ाया जा सका। गोदारा घाट स्थित फेरी घाट पर गंगा तट स्थित दुकानों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया। अब राजमहल के रिहायशी इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है।
ट्रैक्टर से बैटरी चोरी करने वाला धराया
राजमहल। संवाददाता। पुलिस ने ट्रैक्टर से बैटरी चोरी मामले में थाना क्षेत्र के लखीपुर मस्तानगढ़ से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के अनुसार थाना अंतर्गत मंडई गांव से संजीव दे के ट्रैक्टर से चोरों ने बैटरी की चोरी कर ली थी। मामले को लेकर पीड़ित के बयान पर थाना कांड संख्या 230/22 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लखीपुर मस्तानगढ़ से हामिद शेख को गिरफ्तार किया। आरोपी को पुलिस ने न्यायालय में प्रस्तुत किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
अवैध जावा महुआ और हजारों लीटर शराब को पुलिस ने किया नष्ट
राजमहल। संवाददाता। अवैध रूप से शराब बनाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र के लालमाटी, हाथीगढ़ एवं दलाही में अवैध रूप से महुआ शराब बनाने की गुप्त सूचना पर बुधवार को छापामारी अभियान चलाया गया। उत्पाद विभाग एवं राजमहल थाना पुलिस के संयुक्त रूप से चलाये अभियान में उत्पाद विभाग के सबइंस्पेक्टर रजनीश कुमार एवं राजमहल के एएसआई नवल किशोर राय ने सशस्त्र पुलिस बल की उपस्थिति में हजारों लीटर महुआ शराब को नष्ट कर दिया। शराब बनाने के लिए प्रयुक्त होने वाला जावा महुआ को भी नष्ट किया गया। महुआ शराब बनाने में शामिल लोग घर से फरार हो गये। जिसके कारण पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर सकी। एएसआई नवल किशोर राय ने कहा कि समय-समय पर अभियान जारी रहेगा। क्षेत्र में अवैध शराब बनाने नहीं दिया जाएगा।
स्टॉक यार्ड से चोरी मामले में छह को भेजा जेल
राजमहल। संवाददाता। थाना अंतर्गत नौगच्छी के समीप गंगा घाट में स्थित नमामि गंगे स्टॉक यार्ड में राम इंटरप्राइजेज का निर्माण कार्य के लिए रखा हुआ लोहे का चदरा, लाइनर, एंगल व अन्य सामान चोरी कर छह चक्का वाहन में लादने के आरोप में गिरफ्तार छह मजदूरों को पुलिस ने बुधवार को जेल भेज दिया। ज्ञात हो कि पुलिस ने नौगच्छी घाट के समीप से लोहे का चदरा, लाइनर, एंगल, गैस कटर, छह पीस सिलेंडर सहित अन्य लोहे का सामान छह चक्का वाहन रजि. संख्या जेएच 04 जी 5320 में लोड करते हुए छह व्यक्तियों को पकड़ा था। मामले में गिरफ्तार व्यक्तियों ने बताया था कि भीम सिंह और अंसारी के कहने पर ही माल लोड कर रहे थे। माल लोड करवाने वाले मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जानु शेख, बदरुल शेख, फेकारुल शेख, जोहरुल शेख, अनिरुल शेख, रूहूल शेख आदि आठ आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। भीम सिंह व अंसारी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है जबकि मुफस्सिल थाना क्षेत्र के छह आरोपियों को कोविड-19 एवं स्वास्थ्य जांच उपरांत न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया।
बाढ़ राहत और बचाव कार्य शीघ्र शुरू करे प्रशासन : विधायक
-भाजपा ग्रामीण मंडल की बैठक में उठा बाढ़ का मुद्दा
साहिबगंज। संवाददाता। महादेवगंज में भाजपा ग्रामीण मंडल की बैठक बुधवार को संजय मंडल की अध्यक्षता में हुई। राजमहल विधायक अनंत ओझा ने मुख्य रूप से भाग लिया। कार्यकर्ताओं ने विधायक को वर्तमान में बाढ़ से उत्पन्न हुई समस्याओं से अवगत कराया। राजमहल विधायक अंनत ओझा ने कहा कि गंगा का जल स्तर तेजी से बढ़ रहा है। बड़ी आबादी बाढ़ प्रभावित होने लगी है। दियारा क्षेत्र में तेजी से पानी भरने के बाद दियारावासी जानमाल की रक्षा के लिए अन्य जगह पलायन करने लगे हैं या फिर गांव में ही मचान बना कर उस पर शरण लिए हुए हैं। इससे ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। साहिबगंज प्रखंड के लालबथानी, किसानप्रसाद, हरप्रसाद, रामपुर, टोपरा, कारगिल सहित कई पंचायत व गांव में बाढ़ का पानी आ गया है। लेकिन प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में कोई राहत नहीं पहुंची है। और न ही नाव की व्यवस्था की गयी। उन्होंने जिला प्रशासन से राहत व बचाव कार्य शुरू करने की बात कही। कार्यकर्ताओं को संगठन मजबूती का टिप्स भी दिया। मौके पर जि़लाध्यक्ष रामदरश यादव, शिव शंकर यादव, सीताराम सिंह, मनोज यादव, अरविंद गुप्ता, मनोज ओझा, ओम प्रकाश, रामप्रताप चौधरी, अभय पासवान सहित कार्यकर्ता उपस्थित थे ।