गिद्धौर। संवाददाता। गिद्धौर प्रखंड क्षेत्र में काले मुंह वाले लंगूरों के आतंक से लोग दहशत में हैं। लोग घर के छत, सब्जी के खेत, सड़क पर सब्जी लेने जाते बच्चे अपने आप को सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रहे हैं। कारण की अत्यधिक गर्मी की वजह से नदी, तालाब सूख गए हैं। इसलिए पानी की तलाश में लंगूरों का जत्था घूमते हुए गिद्धौर के घनी आबादी क्षेत्र की ओर आ पहुंचा है, जिससे लोगों को सड़क पर आवाजाही करने में भी खासकर बच्चे को हमेशा भय बना रहता है कि कहीं लंगूर के चपेट न ले या फिर उन्हें घायल कर दे। विशेष रूप से गिद्धौर के पंच मंदिर मुहल्ले में लंगूरों के आतंक से लोग परेशान हैं। राहगीर और स्कूली बच्चों का गली मोहल्लों से लेकर मुख्य मार्गो से गुजरना मुश्किल हो गया है। लंगूर मकानों की छतों पर जमकर उत्पात मचाते हुए टंकियों के ढक्कन खोल कर उसके पानी में जमकर नहाते हैं। यदि कोई उन्हें भगाने जाए तो वह उसे काटने के लिए दौड़ते हैं। इसके अलावा बंदर छतों पर सुखाने के लिए लटकाए गए कपड़ों को भी फाड़ देते हैं और फेंक देते हैं।
गायत्री मंदिर के निकट रहने वाली गृहणी कामिनी सिन्हा बताती है कि उनकी रसोई में लंगूरों ने जमकर उत्पात मचाया। एक साथ रसोई में चार लंगूर घुस गए और सारा सामान बिखेर दिया। स्थानीय निवासी राजीव सिंह, अंजू कुमारी, ललिता देवी, शालू ने बताया कि लंगूरों का आतंक काफी अधिक बढ़ गया है। ये लंगूर कब किस पर हमला कर दे और सामान छीन ले कहां किसकी छत पर का कपड़ा लेकर भाग जाए कहा नहीं जा सकता। स्थानीय राजो पंडित ने कहा कि अधिक संख्या में लंगूरों के आ जाने से हम बुजुर्गों को काफी डर सताने लगा है। जानू बेवफा चाय दुकान के राहुल कुमार छोटू ने कहा कि अत्यधिक लंगूर हो जाने के कारण मोहल्ले में उनका आतंक बढ़ गया है, मेरे दुकान के बाहर लटकता हुआ चिप्स, कुरकुरे का पैकेट बंदर ले भागते हैं, जिससे नुकसान होता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से उचित कदम उठाते हुए इनसे निजात दिलाने का अनुरोध किया है।
स्नातक पार्ट थ्री की परीक्षा आयोजित
चकाई। संवाददाता। फाल्गुनी प्रसाद यादव महाविद्यालय चकाई में स्नातक पार्ट-3 की परीक्षा बुधवार को भी शांतिपूर्ण रूप से ली गईं। जानकारी देते हुए कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य सह केन्द्राधीक्षक डॉ.रविशंकर यादव ने बताया कि बुधवार को प्रथम पाली पाली में 417 मे से 413 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। जबकि 4 अनुपस्थित पाए गए। वही दूसरी पाली मे 217 में से 215 परीक्षार्थियों ने परीक्षा मे भाग लिया, जबकि 2 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा के सफल संचालन में परीक्षा नियंत्रक प्रो.चंद्रशेखर पंडित, विनोद कुमार, विजय कुमार, कृष्ण कुमार, रामनारायण यादव, कामेश्वर यादव, रोहित यादव, संगीता कुमारी, पिंकी कुमारी, राजीव कुमार, रमेश कुमार सहित अन्य कॉलेज कर्मी मौजूद थे।
उड़हुआ पहाड़ के सबसे ऊंची चोटी पर अवस्थित है औलिया बाबा की मजार
दुर-दुर इलाके तक मनोकामना पूर्ण के लिए प्रसिद्धि है चहुंओर
अलीगंज। संवाददाता। जिले के अलीगंज प्रखंड के कोदवरिया पंचायत के भलुआना गांव के समीप दक्षिण पहाड़ पर औलिया बाबा का मजार है, जो हिन्दुओं और मुसलमानों के लिए कई वर्षों से आस्था व विश्वास का केन्द्र बना हुआ है। यह पहाड़ के पश्चिम गिरीडीह और कौआकोल सटा हुआ है तो पूरब जमुई-खैरा सीमा को छू रखा है जो नक्सलियों और अपराधियों के लिए सेफ जोन माना जाता है। यह पहाड़ कई जिलों की सीमाओं को छूता है। औलिया बाबा मजार भक्तजनों का असीम विश्वास व भक्ति का केन्द्र बिंदु बना हुआ है। मजार के बारे में कई पुराने लोग बताते हैं कि लगभग 250 वर्षो से पूजा-अर्चना की जा रही है। वहीं बाबा का मजार चारों तरफ जंगल से घिरा हुआ है और पहाड़ की सबसे ऊंची चोटी पर उनका मजार स्थित है। पुरानी गाथा है कि कुछ लकड़हारे लकड़ी लाने के लिए जंगल जाया करते थे जिन्होंने देखा कि एक सफेद पैजामा-कुर्ता और उजले घोड़े की सवारी कर जंगलों का भ्रमण करते थे और उसकी जंगली जानवरों से रक्षा करते थे। कुछ लोगों का दुख-दर्द भी सुनते थे। कई लोगों की मन्नतें भी पूरी हुई और स्वप्न देकर पहाड़ की सबसे ऊंची चोटी पर ही रूक गए और वहीं समाधि ले लिये। तबसे भक्त यहां पूजा-अर्चना कर अपनी मन्नतें मागते हैं। लोगों का ऐसा मानना है कि सच्चे दिल से बाबा के दरबार मन्नतें मांगने वालों की मुरादें पूरी होती है। बाबा का मजार लगभग 200 फीट ऊंची पहाड़ पर है जो पहाड़ के बीचोबीच हरे-भरे पेड़ पौधों की लहराते वृक्षों की नीचे टेढ़ी-मेढ़ी नुकीले पथरों की बीच जाने का रास्ता है। पहले जुम्मे और जुम्मेरात शुक्रवार व गुरूवार को रात में बड़ी संख्या में महिला व पुरूष बाबा का दर्शन करने के लिए पहाड़ पर ठहरते हैं। बाबा के प्रसाद के रूप में मिठाई, बतासा, पेड़ा व सिरनी चदरा हरा कपड़ा चढ़ाया जाता है और खस्सी की बली दी जाती है। बाबा का पूजा भादो महीना छोड़कर सभी दिन होती है और बकरे की बलि दी जाती है जो सप्ताह के तीन दिन सोमवार, गुरुवार, शुक्रवार को बलि दी जाती है। बाकी शेष दिन सिर्फ पूजा होती है। ऐसी मान्यता है कि जो लोग सभी जगह निराश होने पर बाबा के दरबार में अपनी समस्या रखते हैं जो अवश्य पूर्ण होती है।
लोकसभा चुनाव को लेकर मासस कार्यकर्ता सम्मेलन में जुटे सैकड़ों कार्यकर्ता
कुमारधुबी। संवाददाता। बुधवार को नगर परिषद चिरकुंडा के अंतर्गत दुर्गा मैरिज हॉल डूमरकुंडा में मासस का कार्यकर्ता सम्मेलन संपन्न हुआ। धनबाद लोकसभा के मासस प्रत्याशी जगदीश रवानी और निरसा के पूर्व विधायक अरूप चटर्जी मुख्य रूप से उपस्थित हुए। सम्मेलन में 2024 लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज करने को लेकर रणनीति तैयार किया गया। साथ ही, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को जाकर जगदीश रवानी के पक्ष में मतदान करने की अपील करने की बात कही गई। अपने संबोधन में पूर्व विधायक अरूप चटर्जी और मासस प्रत्याशी जगदीश रवानी ने केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। साथ ही, अरूप चटर्जी ने कहा कि आज राजनीति का स्तर कितना नीचे गिरते चला जा रहा है, काम के नाम पर वोट मांगने का काम नही किया जा रहा है। मंगलसूत्र के नाम पर वोट मांगा जा रहा है और वो भी देश के प्रधानमंत्री द्वारा जो काफी शर्मनाक है। वही जगदीश रवानी ने अपने पक्ष में मतदान करने का अपील किया। साथ ही, कहा कि इस बार अगर आप सभी सोच समझ कर वोट नही देने का काम करेंगे तो आने वाले दिनों में केंद्र की मोदी सरकार संविधान को बदल कर रख देगी। इसके बाद देश में चुनाव नही कराया जाएगा। मौके पर अध्यक्ष संतु चटर्जी, उपाध्यक्ष कल्याण राय, वरुण दे, सचिव फिरोज अंसारी, संगठन सचिव अमरेश चक्रवर्ती, जिला परिषद सदस्य बादल चंद्र बाउरी, मासस के कर्मठ युवा नेता संतोष मिश्रा, नंटु गोस्वामी, मानिक लाल गोराई, कौशिक दास, दीपक यादव, शैलेंद्र यादव, शांतनु, मोईन खान, राजू सहित सैकड़ो की संख्या में मासस के कार्यकर्ता मौजूद थे।
पशु-पक्षियों के दाना पानी के लिए स्कूली बच्चों ने लोगों के बीच चलाया जागरूकता अभियान
झाझा। संवाददाता। भीषण गर्मी में इंसान से लेकर पशु-पक्षियों के लिए प्यास बुझाने को लेकर पानी की अत्यंत आवश्यक पड़ रही है। इसी उद्ेश्य से बुधवार को झाझा पब्लिक स्कूल के स्कूली बच्चों ने रैली निकालकर घर-घर एवं दुकानदारों के पास पहुंचकर पक्षियों की सुरक्षा के लिए जागरूकता अभियान चलाया। स्कूली बच्चों ने लोगों को बताया कि गर्मी में पानी को अमृत के समान माना जाता है। मनुष्य को प्यास लगती है तो वह कहीं भी लोगों से मांगकर अपनी प्यास बुझा लेते हैं लेकिन मूक पशु पक्षियों को प्यास में तड़पना पड़ता है। हालांकि जब वे प्यासे होते हैं तो घर, दुकान के सामने आकर खड़े हो जाते हैं। कुछ लोग पानी पिला देते हैं तो कुछ लोग पशु पक्षियों को भगा देते हैं। इस गर्मी में पशु पक्षियों की प्यास बुझाने के लिए लोगों को प्रयास करना चाहिए। गर्मियों में कई परिंदों व पशुओं की मौत पानी की कमी के कारण हो जाती है। लोगों का थोड़ा सा प्रयास घरों के आसपास उड़ने वाली परिंदों की प्यास बुझाकर उनकी जिंदगी बचा सकता है। स्कूली बच्चों ने बताया कि जब सुबह में पक्षियों की चहचहाट होती है तो लोगों का मन मोह लेता है। पशु-पक्षियों की जिंदगी बचाने के लिए हमलोगों को चाहिए कि अपने अपने घरों पर पशु-पक्षियों के लिए भी पानी किसी बर्तन में रखें ताकि प्यासे पशु-पक्षियां भी अपनी प्यास बुझा सके। विद्यालय निदेशक डॉ. सुरेंद्र निराला ने कहा कि लोग भीषण गर्मी को देखते हुए पशु-पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था के साथ उनके लिए दाना की भी व्यवस्था करें। जागरूकता अभियान के दौरान स्कूली बच्चों ने लोगों को संकल्प भी दिलवाया कि अपने घर के पास पशु- पक्षियों के लिए दाना पानी की अवश्य व्यवस्था करें। मौके पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं भी मौजूद थे।
तेज आंधी में घर पर गिरा पेड़, अंदर सो रहे पोती की मौत, दादी गंभीर
चंद्रमंडी। संवाददाता। चकाई प्रखंड में मंगलवार की देर रात आए तेज आंधी ने जमकर नुकसान पहुंचाया। आंधी की चपेट में आने से कई घर का छत उड़ गया जबकि चंद्रमंडी थाना क्षेत्र के डढ़वा पंचायत अंतर्गत जम्हा गांव में घर पर पेड़ गिरने से घर के अंदर सो रही पोती की मौत हो गई। जबकि दादी गंभीर रूप से घायल है। जानकारी के अनुसार, जम्हा गांव में तेज आंधी के कारण नवल किशोर राय के घर के ऊपर एक विशालकाय पेड़ गिर गया, जिससे घर के अंदर सो रही नवल किशोर राय की पुत्री गुड्डी कुमारी 15 वर्ष एवं नवल किशोर राय की मां मंदोदरी देवी 62 वर्ष पति अंबिका राय गंभीर रूप से घायल हो गई। रात में ही दोनों को इलाज के लिए देवघर ले जाया गया। जहां गुड्डी कुमारी की इलाज के क्रम में मौत हो गई, जबकि दादी मंदोदरी देवी का इलाज चल रहा है। इस घटना में नवल किशोर राय का घर भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि विशालकाय शीशम का पेड़ जड़ से उखाड़ कर घर पर गिर जाने से यह दुर्घटना घटी। इधर गुड्डी कुमारी की मौत से पूरे गांव में मातम पसर गया। वहीं चकाई थाना क्षेत्र के बुढ़ियाताड़ गांव में तालु हेंब्रम का कच्चा घर का छत तेज हवा के कारण उड़ गया, जिससे हजारों रुपए मूल की संपत्ति का नुकसान हो गया। इसके अलावा बिहार-झारखंड की सीमा पर स्थित कई गांव में तेज आंधी के कारण कई घरों को नुकसान होने की खबर है।
मुझे चारों ओर से फंसाने की साजिश रची जा रही है : तेजस्वी यादव
पूर्व मुख्यमंत्री पूर्णिया में चुनावी दौरे पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही
पूर्णिया। संवाददाता। राजद नेता एवं पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव कहा कि यहां दो ही गठबंधन चुनाव लगे हैं। एक आईेएनडीआईए गठबंधन और दूसरा एमबीए गठबंधन, तीसरा यहां कोई नहीं है। मुझे चारों ओर से फंसाने की कोशिश की जा रही है। मेरे सभी भाई बहन पर केस है। हर दो-तीन महीने में मेरे यहां रेड की जाती है। बिहार में अकेले सबसे लड़ रहा हुं। आईएनडीआईए गठबंधन को मजबूत करने के लिए मैं लगातार नीतीश कुमार के साथ हर जगह घूमता रहा और गठबंधन को मजबूत करने का प्रयास किया।
तेजस्वी यादव ने एनडीए गठबंधन पर आरोप लगाते हुए कहा कि 40 में से 39 सांसद इन लोगों के पास ही थे फिर भी विकास क्यों नहीं हुआ। तेजस्वी ने कहा कि हमारा गठबंधन बेरोजगारी, महंगाई, शिक्षा, चिकित्सा की बात करता है। सीमांचल सबसे गरीब इलाका है बिहार का लेकिन सीमांचल का ही विकास नहीं हुआ हमें सीमांचल का विकास करना है। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन अपने ताकत के बल पर विपक्षी गठबंधन को आगे नहीं आने देगा।
मोदी जी को प्रधानमंत्री बनायेंगे तो भारत अर्थव्यवस्था में तीसरे नंबर पर होगी : जेपी नड्डा
भागलपुर। संवाददाता। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बुधवार को भागलपुर के सैंडिस कंपाउंड में आयोजित चुनावी सभा में कहा कि दुनिया की अर्थव्यवस्था पिछड़ती जा रही है। भारत की अर्थ व्यवस्था लगातार आगे बढ़ रही है। आज हमारे देश की अर्थव्यवस्था पांचवें नंबर की बन गई है। जिस ब्रिटेन ने हम पर 200 साल राज किया। हमने उसको पछाड़कर भारत को पांचवें नंबर पर खड़ा कर दिया है। अगर आपने यहां के उम्मीदवार को जीता कर मोदी जी को प्रधानमंत्री बनायेंगे तो भारत तीसरे नंबर के अर्थव्यवस्था बन जाएगा।
जेपी नड्डा ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में चाहे देश की राजनीति हो या प्रदेश की 10 सालों में बहुत परिवर्तन आया है। पीएम मोदी ने 10 सालों में आम आदमी की मानसिकता को बदल दिया है। मेरे बचपन के 20 साल बिहार में ही बीते हैं। पहले की स्थिति से हम अच्छी तरह वाकिफ हैं लेकिन आज बदलते बिहार, बदलता भागलपुर को अपनी आंखों से देख रहा हूं। यह बदलाव राजनीतिक सोच की वजह से हो पाया है। आज विकास की राजनीति हो रही है। बिहार राजनीतिक दृष्टि से बहुत ही सजग है। यहां के लोग देश और प्रदेश के प्रति अपने दायित्व से पीछे नहीं हटते हैं।
जेपी नड्डा ने कहा कि गांव, गरीब, वंचित, शोषित, पीड़ित, किसान, मजदूर, महिला को नरेंद्र मोदी की नीतियों ने ताकत दिया है। सभा को उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, शिक्षा मंत्री सुनील कुमार, विधायक पवन यादव, इंजीनियर ललन पासवान, गोपाल मंडल, भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष कुमार ने संबोधित किया। मंच पर एनडीए प्रत्याशी अजय मंडल के अलावा एनडीए गठबंधन के नेतागण मौजूद थे।
भाजपा अध्यक्ष ने आईएनडीआईए गठबंधन पर जमकर हमला बोला। जेपी नड्डा ने कहा कि हमारे विरोधियों में दो बातों का गठबंधन है। एक है परिवारवादी पार्टी का गठबंधन और दूसरा गठबंधन भ्रष्टाचारियों का है। ये लोग जिंदगी भर एक दूसरे के खिलाफ लड़ते रहे हैं लेकिन आजकल गलबहियां करते घूम रहे हैं। ऐसा इसलिए है, क्योंकि ये लोग भ्रष्टाचार के दलदल में डूबे हुए हैं।