देवघर/वरीय संवाददाता। गृह जिला स्थानांतरण की मांग को लेकर एकीकृत गृह जिला स्थानांतरण शिक्षक संघ के प्रदेश प्रभारी दिलीप कुमार राय ने रविवार को शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो से उनके आवास पर मुलाकात कर गृह जिला स्थानांतरण जल्द से जल्द करने का निवेदन किया। अपने जिले से बाहर दूसरे जिलों में कार्यरत शिक्षकों को अपने गृह जिले में स्थानांतरण की मांग को लेकर एकीकृत गृह जिला स्थानांतरण शिक्षक संघ के प्रदेश प्रभारी सह देवघर जिला अध्यक्ष दिलीप कुमार राय लगातार शिक्षा मंत्री एवं मुख्यमंत्री से निवेदन कर रहे हैं। झारखंड सरकार द्वारा पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू करने के लिए मंत्री को पुष्प गुच्छ भेंट किया गया। श्री राय ने कहा कि गृह जिला स्थानांतरण नियमावली बहुत पेचीदा है और इतने शर्तों को पूरा करना संभव नहीं है ऐसे में बहुत कम शिक्षकों को ही स्थानांतरण का लाभ मिलेगा। एक बार गृह जिला स्थानांतरण चाहने वाले शिक्षकों को सामूहिक मौका मिलना चाहिए । इस मांग को पूरा करने में सरकार पर एक रूपए का भी वित्तीय बोझ नहीं आएगा। सभी बातों को सुनने के बाद मंत्री ने कहा ठीक है देखते हैं।
रसोइया को हटाये जाने के सवाल पर 8 को कार्यक्रम
देवघर/वरीय संवाददाता। मध्य विद्यालय मोहनपुर में झारखंड राज्य विद्यालय रसोइया संघ प्रखंड स्तरीय बैठक चिंता देवी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में प्रमुख रूप से रसोइया को हटाने पर चर्चा की गयी। मौके पर गीता मंडल ने कहा कि विद्यालय में 60 वर्ष से अधिक उम्र की रसोइया को हटाने की चर्चा चल रही है,रसोइया जब चयन हुबा था उस समय कोई उम्र सीमा तय नहीं था और न ही इनको विभाग से चयन पत्र व नियुक्ति पत्र दिया गया। आज तक सरकार इनको न अनुबंध कर्मचारी माना न ही न्यूतम मजदूरी भुगतान किया वर्तमान में 25 बच्चे पर एक रसोइया के अनुपात में पूरे राज्य जगह खाली पड़ा हुआ है जिसकी बहाली आज तक नही किया गया। एक-दो रसोइया 200- 500 तक के बच्चों को खाना बनाकर खिलाती आ रही हैं, सरकार के पास आजतक इनका डाटा बेस भी नहीं है। विभाग रसोइया को हटाने की प्रक्रिया बंद करे, जबतक इनकी क्षमता है खाना बनाने दिया जाये। रसोइया के हटाने की सवाल को लेकर 8 सितंबर को झारखंड के सभी जिला मुख्यालय में कार्यक्रम किया जाएगा। राज्यव्यापी कार्यक्रम के तहत देवघर जिला मुख्यालय में भी कार्यक्रम किया जाएगा। 25 सितंबर को विद्यालय रसोइया संघ का राज्य सम्मेलन दुमका में आयोजित किया जाएगा और 28 सितंबर 2022 को राजभवन के समक्ष महाधारना आयोजित होगा। बैठक में रानी देवी, मुन्नी देवी, मीरा देवी, सुनीता देवी, मीना देवी, कुंती देवी, पूनम देव्या, सुनीता किस्कू, सकूना देवी, कर्मी देवी, फुलिया देवी, लीला देवी, ज्ञानवती देवी, बिहारी यादव, सुरेश सिंह आदि रसोइया ने भाग लिया।
श्री श्याम कीर्तन मंडल वार्षिकोत्सव धूमधाम से संपन्न
-कोलकाता से आये फूलों और कुशल कारीगरों ने किया श्रृंगार
देवघर/वरीय संवाददाता। श्री श्याम कीर्तन मंडल देवघर का 65 वां वार्षिकोत्सव धूमधाम से संपन्न हो गया। रविवार दूसरे दिन अपनी चरम सफलता पर खुशियों से झूमता रहा। आज भी बाबा श्री श्याम प्रभु का नए रूप में दर्शन हुए फूलों से बाबा को ऐसा सजाया गया जिसका वर्णन नहीं किया जा सकता। जिन आंखों से बाबा के दर्शन हो रहे थे वह अपनी निगाहें इस दृश्य को देखकर नहीं हटा पा रहे थे। हारे के सहारे के दरबार में चौखट पर माथा टेकते ही एक विचित्र अनुभूति हो रही थी। आज का श्रृंगार भी कोलकाता से आए फूलों एवं कुशल कारीगरों के द्वारा किया गया। प्रात: कोलकाता से आए गायक कुमार अभिषेक के द्वारा बाबा के मीठे- मीठे भजन सुनाए। स्थानीय भक्तों के द्वारा बाबा को रिझाया गया।
सहयोगी संस्था श्री श्याम सहारा परिवार हिंद मोटर के आगंतुक सदस्यों एवं महिला भक्तों के द्वारा इस भजनों के महा प्रवाह को महासागर के रूप में बदल दिया। इसी बीच महिला भक्तों के द्वारा जो लक्ष्मी बाजार के पास ढोल-नगाड़ों के साथ चलते हुए नाचते गाते बाबा की सवामणी महाप्रसाद लेकर श्री श्याम मंदिर पहुंचा। इसके बाद बाबा को भक्तों के द्वारा सवामणी का प्रसाद खीर चूरमा शाम को भोग लगाया गया। श्री श्याम प्रेम मंडल का जोश देखते ही बनता था। बाद में प्रसिद्ध भजन गायिका पूजा नथानी ने तो कमाल ही कर दिया। इस आयोजन को पूर्णरूपेण सफल बनाने में मंडल के अध्यक्ष विनोद सुल्तानिया एवं महोत्सव के संयोजक विमल खेतान, जगदीश मूंदड़ा साथ ही साथ श्री श्याम कीर्तन मंडल के सभी पदाधिकारी, सदस्य का सहयोग रहा।
राष्ट्रीय शिक्षक दिवस प्रतियोगिता के स्थानीय विजेता पुरस्कृत
देवघर/वरीय संवाददाता। स्थानीय विवेकानंद शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा संस्थान तथा योगमाया मानवोत्थान के युग्म बैनर तले पिछले दिन पाक्षिक राष्ट्रीय शिक्षक दिवस के अवसर पर हस्तलेखन, निबंध, रंगभरो एवं चित्रांकन प्रतियोगिताओं का आयोजन देशभर में हुआ था, जिसमें हजारों प्रतिभागियों ने अपनी-अपनी भागीदारी निभाई। देवघर जिला से गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल की आराध्या प्रिया, अविनव सिंह, अंशिका सिंह व अपेक्षा आर्या, डीएवी, राउरकेला की सोहानी कुमारी, माउंट लिटेरा जी स्कूल की प्रीति कुमारी, दुमका जिला से एस.पी. कॉलेज की अन्नुप्रिया कुमारी, सैक्रेड हर्ट स्कूल के सौम्य सौर्य उपस्थित रहे। सभी विजयी प्रतिभागियों को सिद्धि विनायक बैंक्वेट हॉल के सभागार में विवेकानंद संस्थान के केंद्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार सिंह देव, योगमाया ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष ई. अंजनी कुमार मिश्रा, दुमका निवासी समाजसेवी मणिकांत राय, प्रियांशु प्रिया, पूनम कुमारी व किरण देवी के द्वारा पुरस्कृत किया गया। मौके पर डॉ. देव ने कहा- भारत के भूतपूर्व राष्ट्रपति डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन का जन्मदिन, 5 सितंबर भारत में शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने अपने छात्रों से जन्मदिन को शिक्षक दिवस के रूप में मनाने की इच्छा जताई थी।
घटवाल समाज के लोगों ने की बैठक
मोहनपुर/संवाददाता। घटवाल एवं छतरी जाति के अभिभावकों ने एक बैठक कर बड़ा सवाल उठाया है। बताया गया कि ज्ञापांक 1020 /दिनांक 20 अगस्त 2022 बीडीओ मोहनपुर जिला देवघर ने 647 दिनांक 27 अगस्त 2022 के आलोक में जाति सूची सभी विद्यालय में निर्गत किया गया है, जिसमें घटवाल छतरी पर्चाधारी जाति को जाति सूची से बाहर रखा गया है। जितने भी घटवाल एवं छतरी पर्चाधारी विद्यार्थी हैं उनके अभिभावक एवं बच्चे को किस जाति श्रेणी में रखा जाएगा यह असमंजस की स्थिति बनी हुई है। सरकार इस विषय को गंभीरता से लेते हुए स्पष्ट करे, उसके बाद ही विद्यालय में जाति प्रमाण पत्र बनवाने का आदेश किया जाए। यदि घटवाल एवं छतरी पर्चाधारी बच्चे का जाति प्रमाण पत्र नहीं बनेगा तो इस जाति के लोग बाध्य होकर चरणबद्ध तरीके से बीआरसी के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करेंगे। इस बैठक में मोहनपुर प्रखंड के घटवाल एवं छतरी जाति के अभिभावक जयदेव सिंह, डॉ गणेश प्रसाद राय, गोपाल सिंह, विष्णु सिंह, ललित राय, शंकर राय, अशोक सिंह, भरत कुमार राय आदि व्यक्ति उपस्थित थे।
आजसू में कई लोगों को दी गई संगठन की जिम्मेदारी
-पूर्व जिला अध्यक्ष ध्रुव बने पार्टी के केंद्रीय सचिव
-रांची में 8 को बैठक व 15 सितंबर से प्रमंडल स्तर पर कार्यकर्ता सम्मेलन
देवघर/ नगर संवाददाता। संगठन को मजबूती प्रदान करने के उद्देश्य से आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सह पूर्व उप मुख्यमंत्री सुदेश महतो के निर्देशानुसार संगठन में कई लोगों को नई जिम्मेदारी दी गई है। जिसके तहत देवघर जिला के पूर्व जिला अध्यक्ष ध्रुव प्रसाद साह को पार्टी का केंद्रीय सचिव बनाया गया है। इस बाबत आजसू के मुख्य प्रवक्ता देवशरण भगत ने जानकारी देते हुए बताया कि भविष्य की तैयारियों को लेकर नए चेहरे को संगठन की जिम्मेदारी दी गई है। जिसमें ध्रुव प्रसाद साह, अरविंद यादव को केंद्रीय सचिव, परवाज खान को केंद्रीय कार्यालय मीडिया प्रभारी, तरुण गुप्ता को संथाल परगना प्रमंडल का संगठन प्रभारी, अजय कुमार सिंह व पूर्व डीएसपी सनत सोरेन को संथाल परगना प्रमंडल का सह संगठन प्रभारी तथा वरिष्ठ नेता माधव चंद्र महतो को संथाल परगना का प्रवक्ता बनाया गया है। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए 8 सितंबर को रांची के बोडया स्थित गीतांजलि सभागार में पार्टी की बैठक आहूत है। जिसमें मुख्य रूप से केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा बैठक में राज्य के सभी जिला अध्यक्ष, प्रखंड अध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, प्रवक्ता व सोशल मीडिया प्रभारी भी उपस्थित रहेंगे। साथ ही 15 सितंबर को प्रमंडल स्तर पर कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। जिसमें संगठन की मजबुती, सरकार की नाकामी, आईटी सेल, सोशल मीडिया, जनसंग्रह, धनसंग्रह व सदस्यता अभियान सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
पतंजलि जिला कार्यकारिणी की बैठक, मनोज बने युवा प्रभारी
-सुमित सौरभ को मिला जिला सोशल मीडिया प्रभारी का दायित्व
देवघर/संवाददाता। भारत स्वाभिमान न्यास, पतंजलि योग समिति, पतंजलि किसान सेवा समिति एवं युवा भारत की जिला कार्यकारिणी की मासिक बैठक संरक्षक संजय मालवीय के मार्गदर्शन में हुई। बैठक की अध्यक्षता राज्य कार्यकारिणी सदस्य सह जिला संयोजक अनुज कुमार त्यागी ने की। संगठन में आंशिक परिवर्तन करते हुए निष्क्रिय सदस्यों को दायित्व मुक्त करते हुए सक्रिय कार्यकर्ताओं को सर्वसम्मति से युवा भारत संगठन के जिला प्रभारी मनोज कुमार को जबकि सुमित सौरव को जिला सोशल मीडिया प्रभारी बनाया गया है। वहीं देवघर प्रखंड प्रभारी धीरज भारती को बनाया गया। सभी नवनियुक्त सदस्यों को माला पहनाकर संगठन की ओर से स्वागत करते हुए शुभकामनाएं दी गयीं।
पतंजलि योगपीठ हरिद्वार से मुख्य केंद्रीय प्रभारी राकेश मित्तल एवं आचार्य सतीश जी का 9 सितंबर को देवघर आगमन को लेकर पतंजलि के कार्यकर्ताओ में चहलकदमी बढ़ गई है। मुख्य केंद्रीय प्रभारी की बैठक को सफल बनाने को लेकर पतंजलि के सभी विंग के पदाधिकारी और सक्रिय कार्यकर्ताओं को अलग अलग अलग कार्य की जिम्मेवारी सौंपी गई है। बैठक में कोषाध्यक्ष श्रीप्रकाश चौधरी, पतंजलि किसान प्रभारी शिवनारायण यादव, कार्यालय प्रभारी रोहित कुमार, रामेश्वर मोदी, योग शिक्षक शंभू कुमार बरनवाल, अजय गुप्ता, प्रमोद कुमार कामदेव प्रसाद, अशोक मेडिसिनो, शिव ओतार बरनवाल, कामदेव सिंह, देवेंद्र पांडेय, भारती प्रसाद, मीरा बरनवाल, राधिका केसरी, अनीता देवी, रीता, रेखा आदि उपस्थित हुए।
नर्सिंग टॉकीज समीप सात साल से हो रही गणपति की पूजा
देवघर/ नगर संवाददाता। गणेश चतुर्थी तिथि शुरू हुई गणपति बप्पा पूजा शहरवासी धूमधाम से करते हैं। इसी सिलसिले में शहर के नर्सिंग टॉकीज के समीप अपने आवास पर भाजपा नगर उपाध्यक्ष सागर झा सात साल से गणपति की प्रतिमा स्थापित कर पूजा अर्चना कर रहे हैं। जहां देवघर विधायक सह भाजपा जिला अध्यक्ष नारायण दास, भाजपा नगर अध्यक्ष चंद्रशेखर खवाडे, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष अतुल सिंह, रमेश राय, मनोज भार्गव, कन्हैया झा, डॉ अमित प्रसाद एवं सुनील कुमार, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रीता चौरसिया, भाजपा महिला मोर्चा विजया सिंह, युवा मोर्चा के नगर महामंत्री धनंजय खवाड़े, नेत्र चिकित्सा डॉ सुनील कुमार आदि ने माथा टेका व महाप्रसाद ग्रहण किया। मौके पर पंडा कीर्तन मंडली द्वारा कीर्तन भी हुआ और पांच सौ लोगों का ब्राह्मण भोजन कराया गया।
एकात्मता तिरंगा यात्रा निकाल शहीदों को माल्यार्पण
देवघर/वरीय संवाददाता। हित रक्षा अभियान देवघर ने आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में रविवार को एकात्मता तिरंगा यात्रा निकाली। यह यात्रा की शुरूआत बरमसिया चौक स्थित अंबेडकर चौक पर बाबा साहब भीमराव अंबेडकर को माल्यार्पण कर की गई। यात्रा नगर भ्रमण करते हुए टावर चौक स्थित गांधी प्रतिमा स्थल पहुंची, जहां पर महात्मा गांधी को माल्यार्पण किया गया। इसके बाद पटेल चौक पर सरदार पटेल को माल्यार्पण करते हुए यह यात्रा तिवारी चौक स्थित विवेकानंद प्रतिमा स्थल पहुंची। जहां पर स्वामी विवेकानंद को माल्यार्पण कर कार्यक्रम का समापन किया गया। मौके पर नारायण टिबड़ेवाल, पंकज, विजय पांडे, अमरेश सिंह, विजया सिंह, जसवंत कुमार, शेरू कुमार, सरोज कुमार, अनमोल, सुरेश, अमरेश, राजदेव हसदा, राज किशोर सिंह, प्रवीण सिंह एवं मधुकर चौधरी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।
भगवान चित्रगुप्त की मासिक सामूहिक पूजा हर्षोल्लास से संपन्न
देवघर/ नगर संवाददाता। नंदन पहाड़ पर स्थित सार्वजनिक चित्रगुप्त मंदिर में रविवार को सुबह 9 बजे से आराध्य देव एवं सभी प्राणियों के पाप-पुण्य का लेखा रखने वाले भगवान चित्रगुप्त की मासिक सामूहिक पूजा अर्चना चित्रांश परिवार द्वारा विधि विधान से पंडित नीलू झा द्वारा हर्षोल्लास वातावरण में संपन्न कराया गया। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के झारखंड प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष चित्रांश प्रमोद श्रीवास्तव एवं प्रदेश उपाध्यक्ष सह संताल परगना प्रभारी चंद्र विजय प्रसाद चंदन, प्रदेश सचिव मनीष लाल भी आज पूजा में शामिल हुए। सभी चित्रांश से मिल कर उन्होंने प्रसन्नता जहीर की एवं संगठन को लेकर अपने विचार रखे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से डॉ गोपाल जी शरण, कमल कुमार वर्मा, भारती वर्मा, विनोद बिहारी शरण, विनय कुमार सिन्हा, आरसी सिन्हा, विल्सन कुमार सिन्हा, निर्मल प्रकाश दीपक, श्याम सहाय, अनुज निरंजन, सौरभ कुमार, प्रो विनोद कुमार प्रसाद, संजय गोपाल मेजरवार, हरीश शेखर सिन्हा, निराला जी, चंदन कुमार सिन्हा, संजीव कुमार सिन्हा, देवी सिन्हा, पूनम सिन्हा, पिंकी सिन्हा, विश्वजीत कमल किशोर वर्मा, किरण शरण आदि उपस्थित थे।