-ग्राम प्रधान ने मामले की जानकारी दी बीडीओ को
मंडरो। संवाददाता। प्रखंड के लोहरबीड़ा गांव के ग्रामीणों ने बुधवार सुबह 06 बजे जुगाड़ वाहन पर जा रहे 11 बोरा चावल को वाहन के साथ पकड़ लिया। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि चावल कालाबाजारी के लिए ले जाया जा रहा था। इसके बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना ग्राम प्रधान लच्छु मुर्मू को दी। ग्रामीणों के अनुसार लोहरबीड़ा गांव का राशन डीलर जुगाड़ गाड़ी से चावल को मिर्जाचौकी में बेचने के लिए भेज रहा था। ग्रामीणों का कहना है कि पहले भी अनाज की कालाबाजारी की गई है। मगर इस बार राशन डीलर की चोरी पकड़ ली गयी। इधर ग्राम प्रधान लच्छु मुर्मू ने मामले की जानकारी बीडीओ को दी। वहीं बड़तल्ला मुखिया संजय टुडू व मुखिया प्रतिनिधि राजेश राम ने ग्रामीणों से मामले की जानकारी ली। ग्रामीणों ने अपना राशनकार्ड करमटोला स्थित प्रधान मुर्मू के यहां ट्रांसफर करने की मांग जनप्रतिनिधियों से की। मौके पर 11 नंबर वार्ड सदस्य राजू मड़ैया, मरांग कुंडी सोरेन, ताला कुड़ी मरांडी, बीटी मरांडी, विमल बास्की, छोटे मुर्मू, चटनू कर्मकार, होपन मैय मुर्मू सहित दर्जनों लोग उपस्थित थे।
कांग्रेस ने पंचायत समिति का किया गठन
बरहेट। संवाददाता। कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष तैमूर अंसारी के नेतृत्व में बरहेट प्रखंड के 22 पंचायत में पंचायत समिति का विस्तार किया जा रहा है। इस क्रम में बुधवार को गोपलाडीह पंचायत, बरहेट संथाली उत्तरी एवं पंचायत कदमा का विस्तार किया गया। बरहेट संथाली उत्तरी पंचायत से अब्दुल अंसारी को पंचायत अध्यक्ष, महबूब अंसारी को सचिव, कोषाध्यक्ष आबेदीन अंसारी को कोषाध्यक्ष, गोपलाडीह पंचायत से कैलाश साह को पंचायत अध्यक्ष, अलीमुद्दीन अंसारी को सचिव, संतोष साह को कोषाध्यक्ष एवं कदमा पंचायत से आजाद अंसारी को
पंचायत अध्यक्ष, शाहजहां अंसारी को सचिव, कलीमुद्दीन अंसारी को कोषाध्यक्ष मनोनीत किया। कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष तैमूर अंसारी ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंप बधाई दी। मौके पर कांग्रेस के पूर्व जिला सचिव कमरुल हक, हनीफ अंसारी, जयदेव रजवार, देवा पहाड़िया, गोविंद दास एवं अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।
चोरी गया ट्रांसफॉर्मर बरामद
मिर्जापुर। संवाददाता। रांगा थाना व राधा नगर थाना पुलिस ने संयुक्त रुप से बरहरवा थाना क्षेत्र के सिरासीन गांव स्थित जमादार शेख के कबाड़ी की दुकान में छापेमारी कर चोरी का ट्रांसफॉर्मर बरामद किया है। मिली जानकारी के मुताबिक छापेमारी के समय कबाड़ी दुकान में ट्रांसफॉर्मर की कटाई चल रही थी। पुलिस को देखते ही कबाड़ी मालिक एवं मजदूर भाग निकले। पुलिस ट्रांसफॉर्मर को जब्त कर थाना ले गई है। राधा नगर थाना के सबइंस्पेक्टर मनोज शर्मा ने बताया कि थाने में ट्रांसफॉर्मर चोरी के संबंध में एक कांड लंबित है। रांगा थाना में भी कई मामले हैं। फिलहाल जब्त ट्रांसफॉर्मर की बिजली विभाग से जांच कराई जाएगी। छापेमारी दल में रांगा थाना प्रभारी अमन कुमार भी दल-बल के साथ शामिल थे।
मॉडल कॉलेज राजमहल में नामांकित छात्रों का ओरिएंटेशन दो नवंबर को
राजमहल। संवाददाता। 02 नवंबर, 2022 को मॉडल कॉलेज राजमहल में नामांकित छात्र-छात्राओं का ओरिएंटेशन कार्यक्रम होगा। जिसमें विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोना झरिया मिंज ऑनलाइन जुड़ कर छात्र-छात्राओं से शिक्षा के साथ-साथ विषय चयन को लेकर जानकारी देंगी। कार्यक्रम में शिक्षाविद, स्थानीय विधायक, सांसद व उपायुक्त, स्थानीय जनप्रतिधियों को आमंत्रित किया गया है। ओरिएंटेशन कार्यक्रम को लेकर प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने महाविद्यालय सेमिनार हॉल का निरीक्षण किया। मौके पर प्रवीण कुमार सिंह, शिक्षक मोहन कुमार, प्रशांत कुमार, ज्ञानेंद्र गौतम, दिव्य शिखर आनंद सहित कई छात्र मौजूद थे।
प्रधानमंत्री आवास योजनाओं का निर्माण जल्द पूरा करें: बीडीओ
बोरियो। संवाददाता। बोरियो प्रखंड कार्यालय सभागार में बुधवार को प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा बैठक हुई। अध्यक्षता बीडीओ टुडू दिलीप ने की। उन्होंने सभी पंचायत सेवक, रोजगार सेवक व वीएलडब्ल्यू को अपने पंचायतों के लंबित प्रधानमंत्री आवास जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। मौके पर मनरेगा बीपीओ श्वेता कुमारी, कनीय अभियंता सौरभ कुमार, मनीष कुमार, जयशंकर मिश्रा, पंचायत सेवक राजेंद्र साह, रोजगार सेवक अखिलेश कुमार सिंह, सरफराज अंसारी, अबुल हसन एवं अन्य पंचायत सेवक, रोजगार सेवक सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे।
अश्रुपूरित नेत्रों से दी गयी मां काली की प्रतिमा को विदायी
साहिबगंज/पंच टीम। जिला मुख्यालय सहित राजमहल अनुमंडल व आसपास के क्षेत्रों में बुधवार की देर संध्या मां काली की प्रतिमाओं का स्थानीय गंगा घाटों में विसर्जन किया गया। राजमहल नगर पंचायत क्षेत्र के महाजन टोली, कासिम बाजार, नया बाजार, बर्मन कॉलोनी, हाटपाड़ा, गोदाराघाट, नीलकोठी सहित प्रखंड क्षेत्र के जामनगर, लखीपुर, फुलवरिया, मंगलहाट, मुंडली, काजीगांव, कसवा व अन्य जगहों में स्थित सार्वजनिक काली पूजा समिति व निजी काली मंदिरों द्वारा निकाले गए विसर्जन यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में लोग ढ़ोल-नगाड़े, बाजे तथा भक्ति संगीत की धुनों पर नाचते गाते तथा मां का जयकारा लगाते हुए चल रहे थे। प्रतिमाओं के दर्शन के लिए सड़क पर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। विसर्जन के पूर्व विभिन्न काली मंदिरों में माता काली की प्रतिमा की पूरे विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गयी। विसर्जन यात्रा के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना व गड़बड़ी से निपटने के लिए पुलिस बल को तैनात किया गया था। तालझारी रेलवे स्टेशन पर स्थापित दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन बुधवार को किया गया। इस दौरान शोभा यात्रा भी निकाली गई। तालझारी रेलवे स्टेशन परिसर से निकल कर लालमाटी मखानी होते हुए बेलदाचक मुरदारी पोखर में पहुंची। यहां वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आरती पूजन कर नम आंखों से मां का विसर्जन किया गया। मौके पर समिति के सदस्य किशोर दुबे, शुभम सिंह, मनोज चौरसिया, मोहन गुप्ता, लखन सिंह, सोनू कुमार, गौरव कुमार, सौरभ कुमार, अमन कुमार, सिद्धार्थ कुमार, सोनू कुमार दास व अन्य मौजूद थे। बोरिया प्रखंड अंतर्गत बाजार के तेली टोला एवं बंगाली टोला में स्थापित मां काली की प्रतिमा का विसर्जन बुधवार की सुबह मोरंग नदी में किया गया। इस अवसर पर पूजा समिति के बासुकीनाथ रक्षित, मनोज रक्षित, अभिमन्यु रक्षित, अभिषेक रक्षित सहित अन्य मौजूद थे।
गोवर्धन पूजा पर की गयी पूजा-अर्चना
राजमहल। संवाददाता। नगर पंचायत अंतर्गत महाजन टोली के राधा-कृष्ण ठाकुरबाड़ी में बुधवार को गोवर्धन पूजा के अवसर पर भगवान कृष्ण की पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान मंदिर में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। पुरोहित के द्वारा भगवान कृष्ण को 56 प्रकार के पकवान का भोग लगा कर लोगों के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। मौके पर प्रदीप अग्रवाल, दिनेश उपाध्याय, सियाराम साहा, सुजीत यादव, अनूप साहा, मुन्ना चिरानिया सहित सैकड़ों श्रद्धालु ुगण उपस्थित थे।