देवघर/संवाददाता। सदर अस्पताल में आग से झुलस कर गंभीर हुए देवर-भाभी को इलाज के लिये भर्ती कराया गया है। महिला का नाम 26 वर्षीय रेणु देवी और युवक का नाम 21 वर्षीय विकास तुरी है। दोनों जमुई जिला के चन्द्रमंडी थाना क्षेत्र के माधोपुर के रहने वाले हैं। इलाज कराने साथ आये परिजनों ने बताया कि रेणु घर में गैस चूल्हे पर चाय बना रही थी। उसी दौरान उसके साड़ी में आग पकड़ लिया। वह चिल्लाने लगी उसी दौरान विकास वहां पहुंचा और उसे आग से बचाने का प्रयास किया। बचाने के दौरान उसके भी दोनों हाथ और चेहरा जल गया। आनन-फानन में इलाज के लिये परिजन देवघर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। दोनों को इलाज के लिये अस्पताल में वर्न वार्ड में भर्ती कराया गया है।
कैश बैक ऑफर के नाम पर दो लोगों से 14 हजार की ठगी
देवघर/संवाददाता। दो लोगों से कैश बैक ऑफर देने के नाम पर 14 हजार रूपये ठगी कर लिये जाने का मामला प्रकाश में आया है। इसे लेकर साइबर थाना में आवेदन देकर दोनों ने शिकायत दिया है। मुंगेर जिला के तारापुर निवासी वर्तमान पता जसीडीह वार्ड नंबर-2 निवासी सुरज कुमार ने कहा है कि उसके मोबाइल पर एक कॉल आया उसके द्वारा कहा गया कि वह केनरा बैंक के मुंबई स्थित हेड ब्रांच से बात कर रहे हैं। कहा कि फोन पे पर उसे कैश बैक का ऑफर दिया गया। वह उसके झांसे में आ गया। उससे फोन पे के नोटिफिकेशन पर जाकर पीन डालने को कहा। उसने पीन को जैसे डाला तीन बार में उसके खाता से 7170 रूपये की अवैध निकासी कर ली गयी। जब वह जांच किया तो उसे पता चला की वह नोटिफिकेशन मनी रिक्यूवेस्ट का था। दूसरी ठगी बांका जिला के बाराहाट निवासी अभितम कुमार गुप्ता के हुई। उसे भी फोन पे पर 9999 रूपये का कैश बैक आने का झांसा देकर 9 बार में उसके खाता से 6884 रूपये की ठगी कर ली गयी। साइबर पुलिस आवेदन लेकर पड़ताल मेें जुट गयी है।
दो बाइक की चोरी
देवघर/संवाददाता। नगर थाना इलाके के दो अलग-अलग स्थानों से दो बाइक चोरी कर लिये जाने का मामला सामने आया है। इसे लेकर दोनों व्यक्ति द्वारा थाना में मामला दर्ज कराया गया है। जिसमें सारठ थाना क्षेत्र के बभनगांवा निवासी पिंटू कुमार यादव ने कहा है कि वह झोंसागढ़ी स्थित विशाल मेगामांर्ट के पार्किंग जोन में बाइक खड़ी कर अंदर कुछ काम से चला गया। करी आधे घंटे बाद जब लौटा तो देखा की बाइक गायब है। दूसरी बाइक चोरी बिलासी इलाके से हुई है। इसे लेकर गोड्डा जिला के राजाभीटा थाना क्षेत्र के भदरीया निवासी प्रह्लाद पंडित ने मामला दर्ज कराया है कि वह उत्क्रमित मध्य विद्यालय रढ़ीया में सहायक शिक्षक के रूप में कार्यरत है। बिलासी में किराये के मकान में रहता है। स्कूल से लौटकर किराये के मकान में लौटा और बाइक को हर दिन की तरह कैंपस के अंदर लगा दिया। शाम को जब पांच बजे बाहर निकला तो बाइक गायब मिली। नगर पुलिस मामला दर्ज कर बाइक की खोजबीन में जुट गयी है।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री का किया स्वागत
देवघर/नगर संवाददाता। मंगलवार को सेवा विमान से केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा यादव के देवघर एयरपोर्ट आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। देवघर एयरपोर्ट पर स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं से मिलने के बाद वह गिरिडीह जिला अंर्तगत अपने गृह लोकसभा क्षेत्र कोडरमा के बेंगाबाद मीटिंग में भाग लेने के लिए प्रस्थान कर गई। केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री का स्वागत करने वालों में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रीता चौरसिया, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष विजया सिंह, ओबीसी मोर्चा के विनय चंद्रवंशी, युवा मोर्चा के सौरभ कुमार सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता शामिल हैं।