नपं अध्यक्ष के नेतृत्व में सभी वार्ड पार्षद व नगरकर्मी तालाबों की साफ सफाई को लेकर है मुस्तैद
जामताड़ा। संवाददाता। नगर पंचायत जामताड़ा के सौजन्य से आस्था का महापर्व छठ पूजा के सफल संचालन को लेकर विशेष साफ सफाई अभियान युद्ध स्तर पर चलाया जा रहा है। नगर पंचायत अध्यक्ष रीना कुमारी के नेतृत्व में सभी संबंधित वार्ड के वार्ड पार्षद और नगरकर्मी शहर स्थित सभी तालाबों की साफ सफाई को लेकर पूरी तरह से मुस्तैद हैं। सभी तालाबों में छठ पूजा को लेकर घाटों के निर्माण और संपूर्ण साफ सफाई का कार्य चल रहा है। गुरुवार को नगर पंचायत अध्यक्ष रीना कुमारी शहर स्थित तालाब घाटों में चल रहे साफ सफाई कार्यों को जायजा लेने पहुंची। नप अध्यक्ष औचक निरीक्षण के दौरान शहर के वार्ड संख्या 2 अंतर्गत राजा बांध पहुंचे। उन्होंने राजा बांध में छठ पूजा को लेकर नपं की ओर से किए जा रहे कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर राजा बांध की साफ सफाई में तैनात नगर कर्मी और सफाई मित्रों को साफ सफाई की चाक चौबंद व्यवस्था करने के लिए निर्देशित किया। नगर पंचायत अध्यक्ष रीना कुमारी ने संबोधित करते हुए कहा कि हर वर्ष की भांति भी इस वर्ष लोक आस्था का सबसे बड़ा महापर्व छठ पूजा के सफल संचालन के लिए नप के द्वारा विशेष अभियान चलाकर युद्धस्तर पर तैयारी की जा रही हैं। शहर स्थित प्रत्येक तालाब छठ घाट साफ सफाई और अस्थाई निर्माण को लेकर अलग अलग टीम गठित की गई है। प्रत्येक छठ घाट में लाइटिंग की व्यवस्था की जा रही है। छठ घाट के पहुंचने के लिए अस्थाई पथ का निर्माण करवाया जा रहा है। शहर स्थित सभी स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था चाक चौबंद कर दी गई है। सभी छठ घाटों में नप की ओर से लाइटिंग की व्यवस्था की जा रही है। पर्वेतियों के कपड़ा बदलने के लिए प्रत्येक घाट में अस्थाई रूप से चेंजिंग रूम बनाया जा रहा है। कहा कि छठ घाटों तक पहुंचने वाले मार्गों में जल छिड़काव किया जाएगा। आवश्यकतानुसार सभी घाटों में पेयजल की व्यवस्था की जाएगी। मौके पर वार्ड पार्षद चंडीदास भंडारी, सजल दत्ता, सुनील बावरी, उत्तम रवानी, अजय कुमार, पंकज रेखान, नसीम अंसारी समेत दर्जनों शहरवासी और नगरकर्मी उपस्थित रहे।
नम आंखों से दी गई मां काली को विदायी
बिंदापाथर। संवाददाता। बिंदापाथर थाना क्षेत्र में शांति और सौहार्द्र के वातावरण में काली पूजा संपन्न होने के बाद बुधवार देर रात को भी मूर्ति विसर्जन करने का सिलसिला जारी रहा। इस मौके पर थाना क्षेत्र के डुमरीया पंचायत अन्तर्गत अम्बाबांक गांव स्थित प्रसिद्ध काली मंदिर में पंडित रविन्द्र नाथ झा के सान्निध्य में पूजा अर्चना के साथ कलश एवं मूर्ति विसर्जन किया गया। श्रद्धालुओं ने उल्लास और भावुकता से भरे माहौल में मां को विदाई दी। इस दौरान शंखनाद, ढोल, बाजे तथा नगाड़े के साथ भक्ति संगीत की धून पर श्रद्धालुओं को नाचते गाते तथा मां का जयकारा लगाते हुए देखा गया। मां का अंतिम दर्शन के लिए सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुष, बच्चे पहुंचे तथा कतारबद्ध होकर नम आंखों से मां को विदाई दी। इस कर्मकांड के उपरांत प्रसाद वितरण किया गया। मौके पर मंदिर कमेटी के बलदेव सिंह, हाराधन सिंह, श्रीनिवास सिंह, कन्हाई लाल सिंह, बामापद सिंह, परिमल सिंह, शक्तिपद सिंह, अम्बिका यादव, प्रफुल्य सिंह, मुक्तिपद सिंह चंडी सिंह, प्रवोध सिंह, वृन्दाबन सिंह, सुखमय सिंह, परेश सिंह, उत्तम सिंह, विवेक सिंह, कंचन सिंह, राजकिशोर सिंह सहित काफी संख्या में महिला पुरुष श्रद्धालु शामिल थे।
डीडीसी ने किया मनरेगा योजनाओं का निरीक्षण
कुंडहित। संवाददाता। गुरुवार को जामताड़ा डीडीसी अनिलसन लाकड़ा ने कुंडहित प्रखंड का दौरा कर मनरेगा योजनाओं का निरीक्षण किया। जानकारी के अनुसार, डीडीसी श्री लकड़ा ने प्रखंड के खाजूरी पंचायत अंतर्गत खाजूरी, सिंगारपुर, खुदमल्लिका आदि गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मनरेगा के तहत निर्माणाधीन तालाब निर्माण कार्य, बागवानी तथा पोटो हो खेल मैदान योजना का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यस्थल पर मजदूरों को कार्य करता देख संतोष प्रकट किया। हालांकि उन्होंने मजदूरों की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया। वहीं बागवानी के निरीक्षण के दौरान उन्होंने पौधों को सहारा देने के लिए एच टेका ठीक से लगाने की बात कही। डीडीसी श्री लकड़ा ने निरीक्षण के दौरान मौजूद अधिकारियों को अन्य कई दिशा-निर्देश भी दिए। मौके पर कुंडहित प्रखंड विकास पदाधिकारी श्रीमान मरांडी, मनरेगा के बीपीओ प्रदीप टोप्पो, कनीय अभियंता अमित कुमार सिंह, बीएफटी अनंत मंडल, रोजगार सेवक कंचन कुमार फौजदार उपस्थित थे।
नेम निष्ठा व सुचिता का चार दिवसीय महापर्व छठ आज से शुरू
कुंडहित। संवाददाता। शुक्रवार से नेम निष्ठा और सुचिता का चार दिवसीय महापर्व छठ शुरू हो रहा है। महापर्व छठ को लेकर चल रही तैयारियां अंतिम चरण में है। छठ को लेकर छठ घाटों की सफाई की जा रही है। वहीं व्रतियों और उनके परिजनों की ओर से छठ पूजा में लगने वाले सामानों की खरीदारी की जा रही है। चारों ओर छठ गीतों की ध्वनि सुनाई पड़ने लगी ह, जिससे माहौल में इस महापर्व का रंग बिखरने लगा है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को नहाए खाए के साथ चार दिवसीय महापर्व शुरू हो जाएगा। शनिवार को व्रतियों द्वारा खरना व्रत का आयोजन किया जाएगा। वहीं रविवार की शाम को व्रती अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को पहला समर्पित करेंगे जबकि सोमवार की सुबह उदयीमान भगवान भास्कर को दूसरा और अंतिम अर्घ्य देने के साथ ही महापर्व संपन्न हो जाएगा। बहरहाल कुंडहित सहित पूरे इलाके में महापर्व छठ को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही है। पूरा क्षेत्र छठ के रंग में रंगने लगा है।