-नौ सखी मंडल को दिया गया 13.50 लाख रुपये का चेक
गोड्डा। कार्यालय संवाददाता। झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार रविवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार एवं जिला प्रशासन के सौजन्य से स्थानीय नगर भवन गोड्डा में विधिक सेवा सह सशक्तीकरण कैंप का आयोजन किया गया। स्थानीय नगर भवन में आयोजित कार्यक्रम की शुरूआत प्रधान जज, परिवार न्यायालय अशोक कुमार सिंह, उपविकास आयुक्त संजय सिन्हा, डालसा के सचिव डॉ. प्रदीप कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी, गोड्डा मनोज कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी महागामा शिव शंकर तिवारी, सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी सह जिला कल्याण पदाधिकारी अविनाश कुमार सहित अन्य ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में परिवार न्यायालय के प्रधान जज सिंह ने कहा कि विभिन्न स्टॉलों के माध्यम से आप अपने आवश्यकतानुसार जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने विभिन्न योजनाओं के संबंध में विस्तृत रूप से जानकारी दी। लोगों से कहा कि जिले में चलाई जा रही योजनाओं का लाभ विभिन्न स्टॉलों के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं। आप अपनी समस्याओं को यहां पर रख सकते हैं, जिसका निराकरण किया जाएगा। साथ ही साथ वैसे गरीब एवं असहाय लोग, जिन्हें कोर्ट में केस लड़ने के लिए आर्थिक तंगी है उनके लिए इस कैंप के माध्यम से केस लड़ने के लिए नि:शुल्क सरकारी वकील की सुविधाएं प्रदान की जा रही है ताकि वे अपने केस का निराकरण बिना आर्थिक तंगी के कर सकें। कार्यक्रम में डालसा के सचिव डॉ. प्रदीप कुमार ने जिला विधिक सेवा प्राधिकार को लेकर विस्तृत रूप से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि न्यायपालिका, जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयास से यह कार्यक्रम आयोजित की जा रही है। इस कार्यक्रम में योजनाओं का लाभ विभिन्न स्टॉलों के माध्यम से आप जाकर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और इसका लाभ ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार के माध्यम से आपके आए आवेदनों यथा प्रधानमंत्री आवास योजना, पेंशन योजना एवं अन्य को जिला विधिक सेवा प्राधिकार के द्वारा संग्रह कर संबंधित विभागों को भेजा जाता है ताकि आपके आवेदनों का निष्पादन यथाशीघ्र कर लाभुक को लाभ पहुंचाई जाए। मौके पर उपविकास आयुक्त संजय सिन्हा ने उपस्थित लोगों को न्यायिक सशक्तीकरण के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी दी। बताया कि कैंप के द्वारा विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभुकों को मिलने वाले लाभ एवं वस्तुओं का उक्त कैंप में ही वितरण कर अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित कराने का लक्ष्य है। कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार एवं जिला प्रशासन के द्वारा जो स्टॉल लगाए गए हैं वहां पर आप अधिक से अधिक संख्या में जाएं एवं योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर अधिक से अधिक संख्या में लाभ प्राप्त करें। सामाजिक सुरक्षा विभाग के अंतर्गत पेंशन से संबंधित जानकारियां, कृषि विभाग के अंतर्गत पशुधन, कृषि उन्नत किस्म के बीजों की जानकारी, सामाजिक सुरक्षा के अंतर्गत पोषण से संबंधित जानकारी एवं स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य विभागों की जानकारी जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं यहां से प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सहयोग से आपके अपने अधिकारों को पहुंचाने का एक माध्यम है। वह अधिकार आपको मिले, उसकी जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने के लिए आपको जिला प्रशासन के माध्यम से यह सुविधाएं प्रदान की जा रही है आप उनका लाभ अवश्य प्राप्त करें। कार्यक्रम के दौरान विधिक सेवा सशक्तीकरण, श्रम विभाग, राष्ट्रीय मतदान जागरूकता प्रतियोगिता, कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग, मत्स्य विभाग, आपूर्ति विभाग, कृषि विभाग, स्वास्थ्य विभाग, जिला बाल संरक्षण इकाई महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग, शिक्षा विभाग, कल्याण विभाग, पशुपालन, गव्य विभाग, जिला समाज कल्याण विभाग, मनरेगा, जेएसएलपीएस, सामाजिक सुरक्षा विभाग सहित अन्य विभाग के स्टॉल लगाए गए थे। इन सभी स्टॉलों का निरीक्षण प्रधान जज परिवार न्यायालय अशोक कुमार, उपविकास आयुक्त संजय सिन्हा, डालसा के सचिव डॉ. प्रदीप कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी गोड्डा मनोज कुमार ने किया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के द्वारा परिसंपत्तियों का भी वितरण किया गया। 09 सखी मंडल को सीसीएल के रूप में 13 लाख, 50 हजार रुपये का सांकेतिक चेक वितरित किया गया। कार्यक्रम का संचालन सामाजिक सुरक्षा पदाधिकारी अनिल टुडू ने एवं धन्यवाद ज्ञापन जेएसएलपीएस के डीपीएम राहुल रंजन ने किया। मौके पर जिला नजारत उप समाहर्ता नागेश्वर साहू , जेएसएलपीएस के डीपीएम राहुल रंजन, शेखर चौधरी, पैनल एडवोकेट सहित अन्य पदाधिकारी एवं सखी मंडल की महिलाएं मौजूद थीं।
उद्घाटन मैच में भारत भारती स्कूल ने ज्ञान आलोक पब्लिक स्कूल को हराया
- डीसीए के तत्वावधान में रितेश मेमोरियल स्कूल लीग प्रारंभ
गोड्डा। कार्यालय संवाददाता । जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित रितेश मेमोरियल स्कूल लीग का शुभारंभ रविवार को हुआ। उद्घाटन अनुमंडल पदाधिकारी मनोज कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आनन्द मोहन सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी मनोज कुमार एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आनन्द मोहन सिंह ने बल्लेबाजी एवं जिला खेल पदाधिकारी मनोज कुमार ने गेंदबाजी कर खिलाड़ियों का उत्साह वर्धन किया। मैच से पूर्व क्रिकेट संघ के आजीवन सदस्य रहे स्वर्गीय रितेश मंडल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। उद्घाटन मैच में भारत-भारती पब्लिक स्कूल ने ज्ञान आलोक पब्लिक स्कूल को 8 विकेट से पराजित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए ज्ञान आलोक पब्लिक स्कूल की टीम 20 ओवर के मैच में 103 रन पर ऑल आउट हो गई। ज्ञान आलोक की टीम ने बेहतरीन शुरूआत करते हुए पहले ओवर में 18 रन बनाया। बाद में ज्ञान आलोक पब्लिक स्कूल की टीम भारत भारती स्कूल के दिव्यांशु चौधरी के हैट्रिक की मदद से लिए गए 5 विकेट एवं प्रशांत कुमार के 4 विकेट के कारण लड़खड़ा गई। ज्ञान आलोक के रोहित सेन ने सर्वाधिक 43 रन की पारी खेली। जवाब में भारत भारती की टीम ने 2 विकेट के नुकसान पर 106 रन बना कर मैच जीत लिया। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रशांत कुमार को दिया गया। दूसरे मैच में ज्ञान स्थली पब्लिक स्कूल ने सेंट थॉमस स्कूल को 103 रन से पराजित किया। एहसान अंसारी को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार ज्ञान स्थली के निदेशक समीर दुबे के द्वारा दिया गया। इस अवसर पर जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव रंजन कुमार, ज्ञान आलोक पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर जयकृष्ण साह, प्रिंसिपल मौलेश्वर मिश्रा, भारत भारती पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर प्रलय सिंह, शिक्षक मनीष सिंह, आशीष सिंह, अमित बोस, मुकेश मंडल, संजीव कुमार, सीताकांत कुशवाहा, शिव शंकर पंडित, शेखर पाठक, विनीत, सुजीत, सन्नी आदि उपस्थित थे। उद्घोषक की भूमिका किरमान अंसारी निभा रहे थे। बताते चलें कि जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव रंजन कुमार के नेतृत्व में जिले में क्रिकेट की गतिविधियां तेजी से फल-फूल रही है।
प्रीतम झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष निर्वाचित
गोड्डा। कार्यालय संवाददाता । फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के वर्तमान सत्र 2022-23 के लिए संथालपरगना प्रमंडल के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष का पुनर्निर्वाचन रविवार को दुमका में संपन्न हुआ। दो प्रत्याशियों के बीच कुल 18 मत पड़े। 15 वोट प्रीतम गाडिया और 3 वोट संजीत कुमार सिंह को मिले। सर्वाधिक मत मिलने के आधार पर प्रीतम गाड़िया को संथालपरगना प्रमंडल का क्षेत्रीय उपाध्यक्ष निर्वाचित करने की घोषणा चुनाव पदाधिकारी पवन शर्मा ने की। विदित हो कि 10 एवं 11 सितम्बर को चैम्बर भवन, रांची में संपन्न हुए चुनाव में संथालपरगना के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष का चुनाव अपरिहार्य कारणों से रद्द किया गया था। उपाध्यक्ष बनने के बाद प्रीतम गाडिया ने कहा कि सभी व्यवसायियों के स्नेह से यह जीत मिली है। संथालपरगना के व्यावसायिक हितों के लिए सड़क पर भी उतरना पड़े तो वह गुरेज नही करेंगे। व्यावसायिक समस्याओं का समाधान उनके कार्यकाल में अवश्य किया जाएगा। चुनाव में संथालपरगना से गोड्डा ,महागामा, दुमका, जामताड़ा एवं पाकुड़ के मतदाताओं ने वोटिंग में हिस्सा लिया। दुमका के चुनाव में झारखण्ड चैम्बर के प्रदेश अध्यक्ष किशोर मंत्री, उपाध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, महासचिव डॉ. अभिषेक रामादीन, चुनाव पदाधिकारी पवन शर्मा एवं महगामा से राजेश टिबड़ेवाल, साहेबगंज से मोहित बेगराजका, अंकित केजरीवाल, पाकुड़ से संजय खत्री, जामताड़ा से संजय अग्रवाल, दुमका से मुस्ताक अली, मनोज घोष, गोड्डा के शेषमणि पांडेय, दीपक अग्रवाल, संतोष सिंह, प्रितेश नंदन, धर्मेंद्र गुप्ता के साथ गोड्डा और दुमका चेंबर के सदस्यों ने बधाई दी।
सर्वाधिक विभूषणों से नवाजे गये महाकवि विद्यापति : राज पलिवार
- विद्यापति स्मृति पर्व समारोह का पूर्व मंत्री ने किया उद्घाटन
गोड्डा। कार्यालय संवाददाता । विश्व के इतिहास में अगर किसी कवि को सबसे अधिक उपाधियों से विभूषित किया गया है तो वे हैं स्वनाम धन्य मैथिली महाकवि विद्यापति। यह बात रविवार को स्थानीय विद्यापति भवन में विद्यापति सांस्कृतिक परिषद् के तत्वावधान में आयोजित विद्यापति स्मृति पर्व समारोह के दौरान बतौर मुख्य अतिथि झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री राज पलिवार ने कही। उन्होंने कहा कि संतालपरगना अंतर्गत गोड्डा की धरती बौद्धिक रूप से बहुत समृद्ध है। संयुक्त बिहार में देवघर और गोड्डा की धरती ने पंडित विनोदानंद झा एवं पंडित भागवत झा आजाद के रूप में दो मुख्यमंत्री दिए। समारोह का उद्घाटन पलिवार ने दीप प्रज्वलन के पश्चात महाकवि विद्यापति जी के चित्र पर माल्यार्पण से किया। परिषद् द्वारा अतिथियों का स्वागत पारंपरिक तरीके से माला, अंग वस्त्र एवं मिथिला पाग से हुआ। समारोह की अध्यक्षता परिषद् के अध्यक्ष परमानंद चौधरी ने तथा संचालन सुरजीत झा ने किया। स्वागत संबोधन राजेश झा ने एवं धन्यवाद ज्ञापन परिषद् के सचिव पवन कुमार झा ने किया। इसके अलावा समारोह को परिषद् के पूर्व अध्यक्ष प्रो. श्यामाकांत झा, संस्थापक सदस्य सर्वजीत झा “अंतेवासी”, युवा समाजसेवी सौरभ परासर उर्फ बच्चू झा एवं डॉ संजुला झा ने संबोधित करते हुए विद्यापति जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान गायक कौशल किशोर मिश्रा एवं अपराजिता राय द्वारा विद्यापति रचित गीतों की खूबसूरत प्रस्तुति ने खूब समां बांधा। आलोक कुमार ने नाल पर तथा रमेश हलधर ने गिटार पर खूब संगत किया। समारोह के दौरान त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में समाज से चुन कर आए जनप्रतिनिधियों में से मोतिया पंचायत के मुखिया अशोक चौधरी, डुमरिया पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि तिलक झा, अमलो पंचायत के मुखिया रघुनंदन मिश्र उर्फ राघव मिश्रा, लखनपहाड़ी पंचायत की मुखिया अल्पना मिश्रा, मछिया सिमरडा पंचायत के उपमुखिया आनंद वत्स उर्फ सोनल ठाकुर तथा मोतिया के पंचायत समिति सदस्य नितेश झा को माला, अंग वस्त्र एवं पाग से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर नन्दकिशोर झा, जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष सुशील झा, महासचिव योगेश चन्द्र झा, परिषद के कोषाध्यक्ष सुनील कुमार झा, ऋत्विक राज, ज्ञानेंद्र मिश्रा, हरिशंकर मिश्रा, हेमकांत ठाकुर, शिशिर झा, विदुकर झा, नर्मदेश्वर झा, वंशीधर मिश्रा, अनंत कुमार झा, मालिक झा, विनय कुमार ठाकुर, राकेश रोशन झा, शोभाकांत ठाकुर, आशुतोष झा, अखिल कुमार झा, वार्ड पार्षद गुणानंद झा, सजन कुमार झा, संबल कुमार ठाकुर, मनीष झा, शैलेन्द्र झा, नरेंद्र कुमार मिश्रा, अश्विनी कुमार बबलू, उमेश शर्मा, निखिल कुमार झा, जनार्दन राय, मिथिलेश कुमार झा, हिमांशु शेखर झा, रमन कुमार झा, उदय कांत शुक्ला, दिलीप कुमार झा, मृत्युंजय झा, अमित प्रियदर्शी, नंद किशोर मिश्रा, राजेन्द्र प्रसाद झा, राजा सिंह, प्रदीप कुमार झा, प्रभु झा, महानंद झा, निशा देवी सहित बड़ी संख्या में समाज के प्रबुद्ध जन उपस्थित थे।