मौके पर आयोजित किया गया जनता दरबार सह विकास मेला
गोड्डा। कार्यालय संवाददाता डीसी जिशान कमर ने सोमवार को जिले के बोआरीजोर प्रखंड कार्यालय सह अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीसी ने बोआरीजोर के प्रखंड विकास पदाधिकारी धीरज प्रकाश से प्रखंड अंतर्गत चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के क्रम में डीसी के द्वारा कार्यालय के आवंटन पंजी एवं खर्च ब्योरा, 15वें वित्त आयोग, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास, शिक्षा विभाग, समाज कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग की जानकारी संबंधित पदाधिकारियों से ली गई। उपायुक्त के रूप में पदस्थापित होने के बाद पहली बार बोआरीजोर प्रखंड मुख्यालय पहुंचे डीसी कमर ने प्रखंड की भौगोलिक स्थिति की जानकारी भी ली। उन्होंने बोआरीजोर में शिक्षा की व्यवस्था में सुधार लाने के लिए प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी को निर्देश दिए कि ई-विद्या वाहिनी पोर्टल पर डाटा एंट्री निरंतर कराए जाएं। समाज कल्याण पदाधिकारी से पोषण ट्रेकर के संबंध में जानकारी प्राप्त कर बोआरीजोर प्रखंड अंतर्गत 195 आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण ट्रैकर अभियान में तेजी लाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग की जांच के दौरान एमओआईसी से बोआरीजोर प्रखंड में स्वास्थ्य विभाग के द्वारा चलाई जा रही योजनाएं तथा आयुष्मान भारत के बारे में विचार-विमर्श किया गया साथ ही एंबुलेंस की जानकारी प्राप्त की गई।
निरीक्षण के उपरांत प्रखंड सभागार में जनता दरबार सह विकास मेला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरूआत उपायुक्त जिशान कमर, अनुमंडल पदाधिकारी महागामा सौरभ कुमार भुवानिया सहित अन्य गणमान्य की उपस्थिति में दीप प्रज्वलित कर की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि इस विकास मेला में बोआरीजोर प्रखंड अंतर्गत सभी समस्याओं को आप निडर होकर बोल सकते हैं। जिला प्रशासन की ओर से आपकी समस्याओं का निराकरण यथाशीघ्र किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बोआरीजोर प्रखंड में जनता दरबार सह विकास मेला का आयोजन किया गया है। इस दौरान योजनाओं का लाभ पाने के लिए ग्रामीणों से आवेदन प्राप्त किए जा रहे हैं। आपकी जो भी समस्याएं हैं आवेदन के माध्यम से जमा कर सकते हैं। संबंधित विभागों के द्वारा आपकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
उपायुक्त ने जनता दरबार सह विकास मेला में आए हुए लोगों से सीधा संवाद भी किया। मौके पर परिसंपत्तियों एवं दिव्यांगों के लिए के लिए ट्राईसाइकिल का वितरण किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों यथा मनरेगा, कृषि, पशुपालन, पेंशन, आपूर्ति, समाज कल्याण, स्वास्थ्य विभाग सहित कई विभागों के स्टॉल लगाए गए थे। उपायुक्त के साथ वरीय पदाधिकारियों के द्वारा भी सभी स्टालों में जाकर पूरी जानकारी प्राप्त की गई। तत्पश्चात प्रखंड कार्यालय सभागार में उपायुक्त के द्वारा उपस्थित मुखिया, पंचायत सेवक एवं जनप्रतिनिधि को संबोधित करते हुए उनकी समस्याओं को सुना गया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की समस्याओं का निराकरण यथाशीघ्र किए जाएं ताकि आमजनों को परेशानियों का सामना न करना पड़े। कार्यक्रम में अपर समाहर्ता स्मिता टोप्पो, अनुमंडल पदाधिकारी महागामा सौरव कुमार भुवानिया, जिला नजारत उपसमाहर्ता सह गोपनीय शाखा पदाधिकारी नागेश्वर साहू, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी कुमुदिनी टुडू, कार्यपालक दंडाधिकारी जेसी विनीता केरकेट्टा, जिला आपूर्ति पदाधिकारी वासुदेव प्रसाद, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सह जिला कल्याण पदाधिकारी अविनाश कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी धीरज प्रकाश, विभिन्न विभाग के कार्यपालक अभियंता सहित कार्यालय कर्मी मौजूद थे।