बिंदापाथर। संवाददाता। बिंदापाथर थाना क्षेत्र के डुमरीया पंचायत अन्तर्गत हरिराखा गांव में शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर मां दुर्गा मंदिर का शोधन संस्कार समारोह भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अनुष्ठान के दौरान सोमवार को नवनिर्मित दुर्गा मंदिर में विधिवत रूप से पूजा अर्चना के उपरान्त शोधन संस्कार की गई। मां दुर्गा के जयकारे से संपूर्ण क्षेत्र के वातावरण गुंजायमान हो उठा है। क्षेत्र के चारों ओर मां दुर्गा के जय जय कारा से भक्ति का रस प्रभावित होने लगा। आचार्य प्रमानंद पाण्डेय एवं कुल पुरोहित स्वपन मिश्रा के सान्निध्य में विधि विधान के साथ वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच कलश स्थापना कर शुद्धिकरण, पंचदेव का आवाहन व पूजन, नवग्रह स्तुति, चंडीपाठ आदि धार्मिक गतिविधि के साथ प्रतिष्ठा कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण व दुर्गा चालीसा के धून जारी रहने से आसपास का वातावरण भक्तिमय हो उठा है। इस अवसर पर काफी संख्या में स्थानीय ग्रामीण सहित श्रद्धालु शामिल थे।
भाकपा ने चयनित पदाधिकारियों को दिया बधाई
नाला। संवाददाता। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी का बीते दिन संपन्न हुए महाधिवेशन एवं राज्य स्तरीय सम्मेलन के बाद कार्यकर्ताओं में नया जोश भर आया है। इस संदर्भ में सोमवार को बारघरिया गांव में पार्टी के अंचल सचिव कालीपद राय ने एक प्रेस वार्ता जारी कर नव चयनित पार्टी पदाधिकारियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा है कि बीते अक्टूबर माह में पार्टी के विजयवाड़ा, आंध्रप्रदेश में आयोजित महाधिवेशन के माध्यम से बतौर राज्य सचिव महेंद्र पाठक का चयन किया गया है तथा सातवां राज्य सम्मेलन में जिला मंत्री कन्हाई चंद्र माल पहाड़िया एवं किसान नेता विमल कांति घोष तथा सेनापति मुर्मू समेत 45 सदस्यीय राज्य कमेटी का गठन किया गया है। सभी चयनित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए संगठन अपेक्षाकृत अधिक सशक्त होने की उम्मीद भी जताई गई है। इस मौके पर उपस्थित पार्टी के जिला मंत्री कन्हाई चंद्र माल पहाड़िया ने कहा कि दोनों ही सम्मेलन में संगठन और राजनीति विषय पर महत्वपूर्ण चर्चा के उपरांत अहम निर्णय लिया गया है। जिसके आधार पर संगठन को काफी बल मिलेगा। उक्त दोनों कार्यक्रम में हुई चर्चा एवं पारित प्रस्ताव के बारे में भी जानकारी दी गई। इस मौके पर बलराम राय, आनंद मंडल, नीलू राय, सुबोध महतो, भूतनाथ राय आदि कॉमरेड मुख्य रूप से उपस्थित थे।
पं. ईश्वरचंद्र विद्यासागर में चलाया गया स्वच्छता व सफाई कार्यक्रम
जामताड़ा। संवाददाता। पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, झारखंड सरकार के निर्देश पर जिले में चल रहे पर्यटन स्वच्छता पखवाड़ा के तहत सोमवार को जिले के करमाटांड़ प्रखंड अंतर्गत पंडित ईश्वरचंद्र विद्यासागर की कर्मस्थली नंदन कानन में कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ जिला खेल पदाधिकारी संतोष कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी करमाटांड़ अजफर हसनैन सहित अन्य ने किया। इस दौरान सभी अधिकारियों एवं उपस्थित लोगों ने श्रमदान कर साफ सफाई कार्यक्रम में हिस्सा लिया तथा सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने के लिए भी प्रेरित किया गया। इस मौके पर पौधारोपण भी किया गया तथा कचड़े को एक स्थान पर जमा करने के लिए डस्टबिन का भी वितरण किया गया।
प्रखंड विकास पदाधिकारी करमाटांड़ अजफर हसनैन ने बताया की विभागीय निर्देश के आलोक में जिले के पर्यटन स्थलों पर 16 सितंबर से आगामी 30 सितंबर तक पर्यटन स्वच्छता पखवाड़ा के तहत पर्यटन स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने तथा सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त रखने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।