देवघर/संवाददाता। कुंडा थाना पुलिस ने गुरूवार को 6 वर्ष से फरार चल रहे दो मारपीट के आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जेल गये आरोपी का नाम वाहिद मियां साकिन ठाढ़ीदुलमपुर तथा समीर राउत उर्फ समीर राय साकिन तपोवन ढाकोडीह के नाम शामिल हैं।
महान क्रांतिकारी यतींद्र नाथ दास को दी गयी श्रद्धांजलि
देवघर/संवाददाता। झारखंड प्रदेश कांग्रेस सेवादल के प्रदेश उपाध्यक्ष अजय कुमार ने जयंती पर महान क्रांतिकारी स्वर्गीय यतींद्र नाथ दास को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे महान भारतीय स्वतंत्रता सेनानी व क्रांतिकारी थे। स्वतंत्रता से पहले अनशन (उपवास) से शहीद होने वाले एकमात्र क्रांतिकारी व्यक्ति थे जतिन दास। स्वर्गीय जतिन दास की 63 दिन की भूख हड़ताल अवैध नजर बंदियों के खिलाफ प्रतिरोध में एक महत्वपूर्ण कदम था। स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास में इन्हें बाघा जतिन के नाम से भी जाना जाता है। यतींद्र नाथ दास की शहादत स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास के पन्नों में स्वर्ण अक्षरों में अंकित है।
जयंती पर याद किये गये पूर्व राष्ट्रपति केआर नारायणन
देवघर/संवाददाता। झारखंड प्रदेश कांग्रेस सेवा दल के प्रदेश उपाध्यक्ष अजय कुमार ने जयंती पर देश के पूर्व राष्ट्रपति स्वर्गीय के आर नारायणन को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे एक कुशल राजनेता होने के साथ-साथ एक अच्छे अर्थशास्त्री थे। राष्ट्रप्रेम, विशिष्ट नैतिक मनोबल तथा साहस इनके अंदर कूट-कूट कर भरी हुई थी। केंद्रीय मंत्री का पद हो या उपराष्ट्रपति का या फिर राष्ट्रपति का अपने कार्यकलापों से इन्होंने पद की गरिमा को बढ़ाया ही। निश्चित रूप से स्वर्गीय नारायण भारत के कुशल राजनीतिज्ञों में से एक थे।
दहेज उत्पीड़न का आरोपी गया जेल
देवघर/संवाददाता। महिला थाना पुलिस ने दहेज उत्पीड़न के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जेल गये आरोपी का नाम सुमीत कुमार झा उर्फ सूरज कुमार खवाड़े है जो सरदार पथ मानसरोपर लेन का रहने वाला है। बताया जाता है कि जेल गये आरोपी की पत्नी ने दहेज उत्पीड़न को लेकर मामला दर्ज कराया था।
लॉटरी का झांसा देकर खाता से उड़ाये 50 हजार
देवघर/संवाददाता। जिले के सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र के तीनघरा गांव के एक व्यक्ति से साइबर अपराधियों ने लॉटरी का झांसा देकर बैंक खाता से 50 हजार रूपये उड़ा लिये। इसे लेकर भुक्तभोगी रजाउल अंसारी ने साइबर थाना में आवेदन देकर शिकायत की है। कहा है कि उसके मोबाइल पर लॉटरी निकलने की बात कह कॉल आया। वह उसके झांसे में आ गया। उसके बाद उसे लॉटरी का रूपया भेजने के लिये फोन पे से लींक भेजा गया। उसने लिंक को खोला उसके बाद यूपीआई कोड डाल कर 50-50 हजार रूपये भेज दिया। पहली बार में उसका 50 हजार नहीं गया। दूसरी बार चला गया। कुछ देर बाद उसे अहसास हुआ की वह ठगी का शिकार हो गया है। उसके खाता से 50 हजार की अवैध निकासी कर ली गयी।
सीए मणिशंकर बाबू की कमी खलेगी : विधायक
देवघर/नगर संवाददाता। भाजपा विधायक सह जिला अध्यक्ष नारायण दास ने शहर के सीए मणिशंकर केसरी के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त किया है। उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए विधायक ने कहा कि मणिशंकर बाबू का असमय हम सबों को छोड़ कर परलोक चला जाना शहर के लिए गंभीर क्षति है। उनकी कमी हम सबों को खलेगी। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दे व परिजनों को विपरीत परिस्थितियों से उबरने की हिम्मत दे। इस शोक की बेला में हम परिजनों के साथ हर समय खड़े हैं।
अभाविप कार्यकर्ताओं ने की डढ़वा नदी छठ घाट की सफाई
देवघर/नगर संवाददाता। आस्था का महापर्व छठ को लेकर गुरुवार को अभाविप के प्रकल्प विकासार्थ विद्यार्थी (एसएफडी) द्वारा शहर के डढ़वा नदी छठ घाट की सफाई की गई। मौके पर प्रदेश सह मंत्री राजेंद्र कुमार ने कहा कि छठ आस्था एवं प्रकृति से जुड़ा पर्व है। ऐसा और कोई पर्व नहीं जो प्रकृति के समीप है। इसमें उगते एवं डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। यह शुद्धता से जुड़ा हुआ पर्व है, इसलिए साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाता है। नदियों की बढ़ती गंदगी अब चिंता का विषय बन चुका है। नदियों के महत्व को मनुष्य अच्छी तरह से जानता है फिर भी नदियों को प्रदूषित कर रहा है। जिला एसएफएस प्रमुख युवराज सिंह ने कहा कि छठ में हमलोग तालाब व नदियों के जल सैलाब से खुद डर जाते हैं। प्राकृतिक आपदाओं से घबराते हैं और खुद ही प्रलय ला रहे हैं। मनुष्य वर्षों से औद्योगिक उन्नति के लिए प्रकृति और नदियों का दुरुपयोग कर रहा है। इसके भयानक परिणाम देखने को मिल सकते हैं। नदियों में प्रत्येक दिन डेंटल पाउडर, साबुन, प्लास्टिक का कचरा और कचरा इकट्ठे कर नदियों में इकट्ठे हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा ही चलता रहा तो आने वाली पीढ़ी शुद्ध जल के लिए तरस जाएगी। छठ घाटों की सफाई में प्रदेश सह मंत्री राजेंद्र कुमार साव, जिला एसएफएस प्रमुख प्रमुख युवराज सिंह, एएस कॉलेज उपाध्यक्ष कुंदन लाल यादव, शैलेश कुमार चौधरी, सुमित कुमार, कुंदन कुमार आदि लोग उपस्थित थे।