दुमका/निज संवाददाता। श्री श्री 108 सार्वजनिक बड़ा बांध दुर्गा पूजा समिति के द्वारा सोमवार को मां दुर्गा के प्रतिमा का प्राण प्रतिष्ठा कराया गया। कार्यक्रम को लेकर 108 महिलाओं द्वारा कलश यात्रा निकाली। प्राण प्रतिष्ठा तीन दिवसीय है। जो 26 से 28 सितंबर तक चलेगी। समिति अध्यक्ष मानस शेखर गुड्डु ने कहा कि बड़ा बांध में पहली बार दुर्गा पूजा मनाया जा रहा है। पूजा को लेकर 35 लाख की लागत से मंदिर का निर्माण कराया गया। साथ ही जयपुर से सगमरमर के पत्थर द्वारा मां दुर्गा समेत अन्य देवताओं की प्रतिमा बनवायी गयी है। सोमवार को मंदिर परिसर से महिलाओं के द्वारा कलश यात्रा पूरे शहर भर में भ्रमण कराया गया। देवघर एवं बासुकीनाथ के पांच पुरोहितों के द्वारा मंत्रोचच्चारण कर प्राण प्रतिष्ठा की गई। कलश यात्रा में रांची रामगढ़ के सुप्रसिद्ध बैंड भी चल रही थी। 28 सितंबर को समापन के दिन हवन के बाद महाप्रसाद का वितरण किया जायेगा।
कलश स्थापना के साथ शारदीय नवरात्र शुरू
दुमका/निज संवाददाता। जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सोमवार को कलश स्थापना के साथ शारदीय नवरात्र का शुभारंभ हो गया है। यहां के दुर्गा मंदिरों एवं पूजा पंडालों में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश स्थापना की गई। सोमवार के सुबह से ही दुर्गा स्थान, धर्मस्थान सहित शहर के अन्य दुर्गा मंदिरों में पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। पूजा स्थलों पर अब नौ दिनों तक मां दुर्गा के अलग-अलग रूप शैलपुत्री, ब्रह्मचारिणी, चन्द्रघंटा, कुष्माण्डा, स्कंदमाता, कात्यायनी, महागौरी और सिद्धिदात्री की पूजा होगी। शारदीय नवरात्र शुरू होने के साथ ही यहां के दुर्गा मंदरों एवं पूजा पंडालों में दुर्गा सप्तशती का पाठ प्रारंभ हो गया हैं। अनेक श्रद्धालु अपने घरों में विधि विधान के साथ कलश स्थापित कर दुर्गा सप्तशती का पाठ करते हैं।