देवघर/नगर संवाददाता। नौवां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बुधवार को देवघर नगर भाजपा द्वारा कार्यकर्ताओं और आम जनमानस को साथ लेकर योग शिविर का आयोजन बत्तीसी तेंतीसी पार्क रामपुर में किया गया। शिविर में उपस्थित लोगों को योग करवाते हुए एलइडी स्क्रीन और साउंड बॉक्स के माध्यम से लोगों को पीएम नरेंद्र मोदी का संबोधन भी दिखाया और सुनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि और दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। योग शिविर में अलका सोनी एवं ममता गुप्ता द्वारा योग शिक्षिका के रूप में उपस्थित थी। कार्यक्रम को एकरूपता देने के लिए देवघर नगर भाजपा की ओर से सभी योग करने वालों के बीच एक टी-शर्ट का वितरण भी किया गया। नगर के अध्यक्ष चंद्रशेखर खवाड़े ने अपने संबोधन में कहा कि किस प्रकार से योग हमारे शरीर के लिए, समाज के लिए और धर्म के लिए महत्वपूर्ण है। आज यदि हमें स्वस्थ शरीर और सुंदर समाज की कल्पना करनी है तो योग को अपने जीवन का अंग बनाना पड़ेगा और प्रत्येक दिन योग करने का संकल्प लेना पड़ेगा । शिविर को सुचारू रूप से चलाने में मुख्य रूप से मीना झा, दिलीप बरनवाल, बिट्टू पांडेय, सूरज चंद, रिशु कुमार, सागर झा, कुणाल तिवारी, रमेश राय, मनोज भार्गव, संजय गुप्ता आदि उपस्थित थे।
बेहतर पथ प्रकाश सुविधा उपलब्ध कराएगा निगम : शैलेंद्र
देवघर/नगर संवाददाता। बुधवार को देवघर नगर निगम के नगर आयुक्त सह प्रशासक शैलेंद्र कुमार लाल ने इस वर्ष श्रावणी मेला में बेहतर पथ प्रकाश व्यवस्था करने का निर्देश दिया है। फिलहाल शहर लगभग 11000 एलइडी स्ट्रीट लाइट, 25 मिडिल मास्ट लाइट एवं 49 हाई मास्ट लाइट से जगमग है। नगर निगम इसके लिए 5 टीमों से प्रत्येक दिन लाइट रिपेयर का कार्य चल रहा है। साथ ही सभी जगह यात्री रूट लाइन में जर्जर तार एवं स्विच बदला जा रहा है। जिसको श्रावणी मेला के एक सप्ताह पहले तक कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। इसके अतिरिक्त नगर आयुक्त ने देश प्रदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को और भी बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए 1000 एलइडी स्ट्रीट लाइट, 10 हाईमास्ट लाइट मेला क्षेत्र में लगने के लिए कार्यालय आदेश निर्गत कर दिया गया है और जल्द ही लाइट लगना प्रारंभ हो जाएगा। यात्री रूट लाइन एवं शहर के मेन रोड में एक भी पोल खाली नहीं रहेगा। सभी में एलइडी स्ट्रीट लाइट लगा दिया जाएगा। यह कार्य श्रावणी मेला के प्रारंभ होने के एक सप्ताह पहले ही संपूर्ण कर लिया जाएगा। नगर आयुक्त द्वारा बताया गया कि कांवरिया रूट लाइन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके लिए नगर निगम के द्वारा सर्वे पूर्ण कर लिया गया है। जल्दी एलईडी लाइट लगाने का कार्य प्रारंभ हो जाएगा। मेला क्षेत्र एवं शहर के मेन रोड में कोई भी ऐसा खाली पोल नजर नहीं आएगा। सभी पोलों पर नया एलइडी लाइट का अधिष्ठापन कर दिया जाएगा। श्रावणी मेला में 24 घंटे पथ प्रकाश व्यवस्था का कार्य किया जाएगा। जिससे यात्रियों को कहीं भी कोई भी प्रकार की दिक्कत ना हो।
राज्य सरकार ने सिविल सर्जनों की मनमानी पर लगायी रोक
- सिविल सर्जन की तरफ से की गयी तमाम प्रतिनियुक्ति रद्द
अब शिकायत पर डिप्टेशन में भेजने के बजाय करानी होगी जांच
देवघर/नगर संवाददाता। राज्य सरकार ने सिविल सर्जनों को तगड़ा झटका दिया है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने सभी सिविल सर्जनों को कड़ा पत्र जारी कर उनकी मनमानी पर रोक लगा दी है। दरअसल स्वास्थ्य विभाग को लगातार इस बात की शिकायत मिल रही थी कि सिविल सर्जन अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर किसी भी स्वास्थ्यकर्मी की डिप्टेशन (प्रतिनियुक्ति) कर रहे हैं, जबकि राज्य सरकार की तरफ से नियुक्ति कर्मियों के ट्रांसफर और डिप्टेशन का अधिकार सिर्फ राज्य मुख्यालय को ही है। बावजूद राज्य सरकार के अधिकारों का अतिक्रमण कर कई सिविल सर्जन मनमर्जी पर उतर आये थे। अब राज्य सरकार ने तत्काल प्रभाव से सिविल सर्जन की तरफ से किये गये तमाम प्रतिनियुक्तियों को रद्द कर दिया है। साथ ही ये चेतावनी दी है कि वो राज्य मुख्यालय से पदास्थापित किसी भी चिकित्सा पदाधिकारी या स्वास्थ्यकर्मी की प्रतिनियुक्ति नहीं करेंगे।
स्वास्थ्य विभाग के अभियान निदेशक ने सभी उपायुक्तों व सिविल सर्जन को पत्र लिखकर बताया है कि डीपीएमयू, बीपीएमयू कर्मियों का नियोक्ता राज्य मुख्यालय है, जिनके ट्रांसफर और प्रतिनियुक्ति का अधिकार सिर्फ राज्य मुख्यालय को है, लेकिन लेकिन सिविल सर्जन अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर डीपीएमयू और बीपीएमयू की मनमाने तरीके से प्रनियुक्ति कर रहे हैं। जिसकी वजह से स्वास्थ्य विभाग के प्रोग्राम प्रभावित होते हैं।
मामले को रफा-दफा करने के लिए की जाती है प्रतिनियुक्ति : प्रखंड और जिला स्तर पर कई स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ शिकायत सिविल सर्जन तक पहुंचती थी। ऐसे में मामले को रफा दफा करने या अन्य प्रकार से मैनेज कर संबंधित कर्मचारी को दूसरी जगह प्रतिनियुक्ति कर उन्हें अभयदान देने का काम भी सिविल सर्जन की तरफ से किया जाता था। सिविल सर्जनों की ये कारगुजारी भी अभियान निदेशक तक पहुंची थी। प्रदेश में कई ऐसे उदाहरण आये, जिसमें गंभीर आरोपों से घिरे स्वास्थ्यकर्मियों को बचाने के लिए उन्हें दूसरी जगह प्रतिनियुक्ति पर भेज दिया गया, ताकि संबंधित को नौकरी पर अभयदान मिल सके। अब ऐसी प्रतिनियुक्ति पर भी स्वास्थ्य विभाग ने नजरें टेढ़ी की है। अपनी चिट्ठी में अभियान निदेशक ने कहा है कि जिला व प्रंखडों में पदास्थापित कर्मियों को अगर शिकायत के आधार पर दूसरी जगह प्रतिनियुक्ति पर भेजा गया है तो ये गलत है। क्योंकि, जिन कर्मियों की शिकायत आयी है, उनकी प्रतिनियुक्ति की जगह पहले उनके खिलाफ लगे आरोपों की जांच जिला स्वास्थ्य समिति से करायी जानी चाहिये, आरोप गठित कर अनुशंसा राज्य मुख्यालय को भेजा जाये, ताकि उनके विरुद्ध कार्रवाई की जा सके।
इधर अभियान निदेशक ने सिविल सर्जन की तरफ से की गयी तमाम प्रतिनियुक्ति को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है। साथ ही निर्देश दिया है कि राज्य मुख्यालय से पदस्थापित एमओ, एसएमओ, एलएसएएस व ईएमओसी की प्रतिनियुक्ति सिविल सर्जन अपने स्तर से नहीं करेंगे। डीपीएमयू व बीपीएमयू कर्मियों की प्रतिनियुक्ति अगर जरूरी हो तो वैसे कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की अनुशंसा करते हुए राज्य मुख्यालय से अनुमति प्राप्त होने तक जिला स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष के स्तर से प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करेंगे। अभियान निदेशक ने दो टूक कहा है कि बिना कार्रवाई एवं अनुशंसा के किसी भी प्रकार की प्रतिनियुक्त अमान्य होगी।
योग से मन स्वच्छ व तन स्वस्थ रहता है : राजेन्द्र
देवघर/नगर संवाददाता। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति अवॉर्डी सह मन की उड़ान युवा क्लब के सचिव राजेंद्र कुमार ने कहा कि योग भारत की प्राचीन परम्परा का एक अमूल्य उपहार हैं। यह दिमाग और शरीर की एकता का प्रतीक है। मनुष्य और प्रकृति के बीच सामंजस्य है। योग विचार, संयम और पूर्ति प्रदान करने वाला है। स्वास्थ्य और भलाई के लिए एक समग्र दृष्टिकोण को भी प्रदान करने वाला है। योग के अनगिनत लाभों के बारे में जागरूकता बढ़ाने और शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक कल्याण के लिए समग्र दृष्टिकोण को बढ़ावा देने के लिए एक मंच के रूप में कार्य करता है।
देश में कांग्रेस ही दे सकती है सुशासन : गुंजन
-देवघर जिला महिला कांग्रेस की बैठक संपन्न
देवघर/वरीय संवाददाता। मंगलवार को एक होटल के सभागार में देवघर जिला महिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष प्रमिला देवी की अध्यक्षता में बैठक संपन्न हुई। इस अवसर पर
बैठक में देवघर जिला महिला कांग्रेस के प्रखंड एवं जिला स्तर तक संगठन को मजबूती प्रदान करने तथा 2024 के लोकसभा की तैयारी हेतु चर्चा की गई। इस अवसर पर प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष गुंजन सिंह ने केंद्र सरकार के 9 साल के शासनकाल की विफलताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा की अब समय आ गया है कि हम सभी कांग्रेस जन एक संकल्प के साथ इस तानाशाही और भ्रष्टाचारी सरकार को उखाड़ फेंकने हेतु आगे बढ़ें। देश में कांग्रेस के सुशासन को स्थापित करें। महिला आधी आबादी है इसे भाजपा की सरकार ने अच्छे दिन के वायदे देकर ठगने का काम किया है। मौके पर मुख्य रूप से झारखंड प्रदेश महिला कांग्रेस सचिव पिंकी सिंह, रामगढ़ की जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष अन्नू विश्वकर्मा, मोहनपुर प्रखंड महिला कांग्रेस की अध्यक्ष पूजा देवी, नगर अध्यक्ष पुष्पा सिंह, संरक्षिका सुशीला सिन्हा, झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव अवधेश प्रजापति, झारखंड प्रदेश कांग्रेस सेवादल के प्रदेश उपाध्यक्ष अजय कुमार, जिला कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अनंत मिश्रा, गंगाधर रजक, जिला कांग्रेस ओबीसी कमेटी के अध्यक्ष महादेव पंडित, उपाध्यक्ष बासुकी पंडित, एनएसयूआई नगर अध्यक्ष प्रियांशु कुमार, गोलू सिंह, संजय यादव, महिला कांग्रेस की मालती देवी, खुशबू देवी, रीना कुमारी, माला देवी, चमेली देवी, गीता देवी सहित भारी संख्या में महिलाएं उपस्थित थी।
विद्यत व्यवस्था को लेकर सरकार गंभीर : मुन्नम
- जिला 20 सूत्री उपाध्यक्ष ने की विद्युत विभाग के कार्यों की समीक्षा
देवघर/वरीय संवाददाता। विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष मुन्नम संजय ने जिले के पदाधिकारियों के साथ बीस सूत्री कार्यालय में की। समीक्षात्मक बैठक में देवघर जिला में विद्युत आपूर्ति संबंधी समस्याओं तथा मासव्यापी विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला की तैयारी के संबंध में विभागीय पदाधिकारियों द्वारा विस्तृत जानकारी दी गई। आए दिन देवघर में बिजली की कटौती की समस्या पर जिले के अधीक्षण अभियंता एके उपाध्याय ने बताया कि गर्मी में कारण लोड अचानक 70 से बढ़कर 80-82 तक पहुंच गया था, जो अब नॉर्मल हो चुका है। अब बिजली फुल लोड में दी जा रही है। गर्मी में लोड बढ़ने के कारण पुराना केवल एवं फ्यूज में तकनीकी खराबी आते रहती है। जिसका तुरंत निष्पादन किया जाता है। एमआरटी में मीटर रीडिंग अपडेट किया जा रहा है, फ्री में मीटर लगाने का कार्य तीव्र गति से किया जा रहा है। चैलेंजिंग मीटर की भी समस्या का निष्पादन किया जा रहा है। ऊर्जा मित्र को ऊर्जा साथी के रूप में तब्दील कर उन से काम लिया जा रहा है। बिजली लोड पूरा करने के लिए देवघर कॉलेज स्थित पावर हाउस में 10 केवीए का ट्रांसफार्मर लगा दिया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी विद्युतीकरण एवं रिपेयरिंग का काम सुचारू ढंग से जारी है। जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष मुन्नम संजय ने कहा कि झारखंड सरकार बिजली व्यवस्था पर काफी संवेदनशील है। विभाग के अनुसार श्रावणी मेला की तैयारी की जा रही है। जरूरत की सामग्री एवं ट्रांसफार्मर विभाग को उपलब्ध कराया जा रहा है। बकाए बिजली बिल माफी योजना का लाभ लेने के लिए आसान कई किस्तों में भुगतान करने का प्रावधान किया गया है।यह सरकार 100 यूनिट बिजली उपभोक्ताओं को फ्री में दे रही है। देवघर के कार्यपालक अभियंता नीरज आनंद एवं मधुपुर डिवीजन के कार्यपालक अभियंता सरताज कुरैशी ने भी बिजली संबंधी वर्तमान समस्याओं एवं कार्यों से भी अवगत कराया। श्रावणी मेला को लेकर बीस सूत्री उपाध्यक्ष ने कहा कि श्रावणी मेला में रुप में कांवरियों के लिए स्थाई रूप से पंडाल बनाया जा रहा है, ऐसे जगहों पर आयरन स्ट्रक्चर खड़ा किया जा रहा है और ऊपर बिजली तार गुजरा हो। ऐसे जगहों पर विभाग निरीक्षण कर देखें कि इससे कोई भविष्य में खतरा तो नहीं हो सकता है। तार टूटने से स्ट्रक्चर में करंट प्रवाहित होने का भी डर तो नहीं होगा। वहीं पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की बैठक में पातालडीह में 5 केवीए के ट्रांसफार्मर जलने से पानी आपूर्ति में हो रही समस्या पर कहा कि ट्रांसफार्मर बदलने का कार्य किया जाए। इसके लिए नगर निगम को भी आवश्यक कार्यवाही पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि लोकप्रिय राज्य सरकार में बिजली की समस्या नहीं आए इसके लिए पदाधिकारी पूरा ध्यान दें। श्रावणी मेला की तैयारी में बिजली की कटौती का समय निर्धारण कर उपभोक्ताओं को पूर्व से सूचित किया जाए और हो सके तो बिजली कट कम किया जाए। बैठक में जिला बीस सूत्री सदस्य प्रो उदय प्रकाश एवं दिनेश कुमार मंडल ने भी विभाग को विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया।
स्व.हरीश चंद्र मेमोरियल वॉलीबॉल टूर्नामेंट 28 को
देवघर/वरीय संवाददाता। स्व.हरीश चंद्र मेमोरियल वॉलीबाल एक दिवसीय टूर्नामेंट का आयोजन 28 जून को नेताजी सुभाषचंद्र बोस इंडोर स्टेडियम में आयोजित किया जायेगा। विजेता टीम को 3500 जबकि उप विजेता को 2000 नगद इनाम दिया जाएगा। रजिस्ट्रेशन के लिए सभी टीम को 25 जून तक इंडोर स्टेडियम में रजिस्टर्ड करवाना होगा। ये आयोजन का दूसरा साल है। यह टूर्नामेंट देवघर जिला वॉलीबाल संघ के संयुक्त सचिव राकेश पांडेय के पिताजी के नाम पर किया जाता है। इस आयोजन को सफल बनाने में वॉलीबॉल संघ के चेयरमैन नुनु सिंह, अध्यक्ष आशीष झा, मुख्य संरक्षक जेसी राज, दीपक राय, कृष्ण कुमार वर्णवाल, ग्रुप जी के सभी सदस्यों के अलावा डीएसए के भी पदाधिकारी लगे हुए हैं।
श्रावणी मेले की तैयारियों का उपायुक्त ने लिया जायजा
देवघर/वरीय संवाददाता। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री ने श्रावणी मेले को लेकर किए जा रहे विभिन्न कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान बरमसिया बीएड कॉलेज, तिवारी चौक, जलसार चौक, क्यू कॉम्पलेक्स में किए जा रहे विभिन्न कार्यो का जायजा लिया।
इसके अलावे श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर उपायुक्त ने मंदिर आसपास के क्षेत्रों के अलावा रुटलाइन में किए जा रहे विभिन्न विभागों द्वारा कार्यो का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों एवं कार्यपालक अभियंता को आवश्यक व उचित दिशा निर्देश दिया। साथ ही राजकीय श्रावणी मेला को लेकर किए जा रहे कार्यों को तय समय अनुसार पूर्ण करने का निर्देश दिया।
इस दौरान उप विकास आयुक्त डॉ ताराचंद, नगर आयुक्त शैलेंद्र कुमार लाल, अनुमंडल पदाधिकारी देवघर दीपांकर चौधरी, अनुमंडल पदाधिकारी मधुपुर आशीष अग्रवाल, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार एवं संबंधित विभाग के अधिकारी व कार्यपालक अभियंता आदि उपस्थित थे।
कार के धक्के से वृद्धा गंभीर रूप से घायल
देवघर/संवाददाता। झौंसागढ़ी मोहल्ला निवासी 60 वर्षीय रूक्मिणी देवी चार पहिया वाहन की चपेट में आने से जख्मी हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। यहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। स्वजनों ने बताया कि घर से वह कोयला लाने गई थी। इसी दौरान तेजी से आ रही चार पहिया ने उसे जोरदार धक्का मार दिया। जिससे वह जख्मी हो गई। वहीं घटना को अंजाम देने के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस को घटना की जानकारी दे दी गई है।
मारपीट को लेकर काउंटर केस
देवघर/संवाददाता। कुंडा थाना मेंे मारपीट को लेकर काउंटर मामला दर्ज किया गया है। प्रथम पक्ष के गौरीपुर निवासी मनोज यादव ने नामजद आरोपितों के खिलाफ मारपीट करने का मामला दर्ज कराया गया है। दर्ज कराए गए मामले में गौरीपुर किशोर यादव, नंद किशोर यादव, नरेश यादव, धुरन यादव, श्रीयादव को आरोपित बनाया गया है। मामले को लेकर पीड़ित का कहना है कि वह 19 जून की रात काम खत्म कर घर जा रहा था। रास्ते में पूर्व से सभी आरोपित घात लगाए बैठे थे। जिन्हें देखकर भागने का प्रयास करने लगा तो आरोपितों दौड़ाकर उसे पकड़ लिया और जान मारने की नीयत से उसपर हमला कर दिया। मारपीट करता देख पीड़ित का भाई व मां बीच-बचाव करने पहुंची तो उसके साथ भी मारपीट किया गया। पीड़ित का कहना है कि सभी आरोपित बालू माफिया है। दूसरे पक्ष के गौरीपुर निवासी राजकिशोर यादव के बयान पर दर्ज मामले में सनी यादव, मनोज यादव सहित तीन-चार अज्ञात व्यक्तियों को आरोपित बनाया गया है। दर्ज मामले में जिक्र है कि 19 जून की रात वह काम खत्म कर घर लौट रहा था। इसी क्रम में गौरीपुर मध्य विद्यालय के समीप आरोपितों ने उसका बाइक रूकवा कर गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगा। इसी दौरान गांव के लोग भी जमा हो गए। बीच-बचाव करने आई उसकी पत्नी के साथ भी मारपीट कर जख्मी कर दिया। मारपीट के क्रम में आरोपितों ने 10,500 रुपये नकद और 10 भर का चांदी की सिकड़ी भी छीन लिया। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
सड़क दुर्घटना में चार लोग घायल
देवघर/संवाददाता। अलग-अलग सड़क हादसे में विभिन्न इलाके के चार लोग जख्मी हो गए। घटना में घायल रांची के रहने वाले मो. फरदीन अंसारी, बोकारो चास के रहने वाले राजेंद्र यादव, चास निवासी शुभम कुमार व कटोरिया थाना क्षेत्र के इनावरण निवासी अभिषेक कुमार का उपचार सदर अस्पताल में किया गया। आंशिक रूप से चोटिल होने की वजह से प्राथमिक उपचार के बाद सभी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
जालसाजी कर छह लाख रुपए ठगी को लेकर मामला दर्ज
देवघर/संवाददाता। झौंसागढ़ी मोहल्ला निवासी मिथिलेश कुमार चौधरी ने नगर थाना में जालसाजी कर छह लाख रुपये ठगी कर लिए जाने का मामला दर्ज कराया है। मामले में बांका जिला के बौंसी निवासी श्रीकांत चौधरी को आरोपित बनाया गया है। दर्ज मामले में पीड़ित का कहना है कि उनका बाबा बैद्यनाथ कंस्ट्रक्शन के नाम से एक फर्म है। जो होटल, घर, कारखाना, रोड, नाला, मोबाइल टावर सहित सभी सरकारी-गैर सरकारी में सिविल और इलेक्ट्रॉनिक काम करता है। आरोपित ने उसके होटल गोकुल बिहार व मोबिल कारखाना में सिविल व इलेक्ट्रिकल काम कराने की बात कही। काम खत्म होने के बाद भुगतान करने की बात कही गई। काम पूरा होने के बाद आरोपित से पैसे की मांग की गई तो आरोपित ने दो-दो लाख रुपये का चेक थमा दिया। रुपयों की निकासी के लिए चेक को बैंक में जमा कराया गया लेकिन बैंक ने खाते में राशि नहीं होने की बात कहते हुए चेक लौटा दिया। इसके बाद आरोपित से फोन पर संपर्क करने के लिए कई बार कॉल किया लेकिन आरोपित ने फोन रिसीव नहीं किया। मामले को लेकर अधिवक्ता के माध्यम से लीगल नोटिस भी भेजा गया लेकिन आरोपित ने उसका भी कोई जवाब नहीं दिया। इधर मामला दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुट गई है।
श्रावणी मेले को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने कसी कमर
- मेला कोषांग का किया गया गठन
देवघर/संवाददाता। श्रावणी मेला के सफल संचालन को लेकर सीएस डॉ युगल किशोर चौधरी के आदेश पर मेला कोषांग का गठन कर लिया है। जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ. सिंह आलोक कुमार को मेला कोषांग प्रभारी व आइडीएसपी डॉ. मनीष शेखर सह मेला कोषांग प्रभारी बनाया गया है। मेला कोषांग कार्यालय का संचालन फूड एंड ड्रग कंट्रोल कार्यालय से संचालित होगा। कोषांग का गठन मेला दौरान विभाग की ओर से संचालित होने वाले चिकित्सा केंद्र में चिकित्सक, पारा मेडिकल कर्मियों की प्रतिनियुक्त सहित महामारी रोकथाम, चिह्नित स्थानों पर एंबुलेंस की व्यवस्था, मिलावटी खाद्य पदार्थों व घटिया दवाओं की बिक्री पर रोक लगाने, मेला क्षेत्र में किसी तरह की अनहोनी घटना होने पर राहत कार्य पहुंचाने के उद्देश्य से किया गया है। कोषांग 24 घंटे सात दिन कार्य करेगा। साथ ही अटल क्लिनिक सिमरिया के चिकित्सक डॉ. सुधीर प्रसाद को उनके पूर्व में श्रावणी मेला के दौरान किए गए कार्यों के अनुभव को देखते हुए उन्हें मेला के संचालन की व्यवस्था व मार्गदर्शन करने का दायित्व सौंपा गया है।
एचआर कोषांग : मेला को लेकर गठित एचआर कोषांग में प्रधान लिपिक अरूण कुमार चौधरी, लिपिक मनीष कुमार सिंह, चित्तरंजन विश्वकर्मा, कुमार अभिषेक व मृत्युंजय पांडेय को दौरान राज्य व जिलास्तर पर प्रतिनियुक्त चिकित्सा पदाधिकारी व पारा मेडिकल कर्मियों के योगदान व कार्यों का वितरण करने का भार सौंपा गया है।
आवासन कोषांग : आयुष चिकित्सक डॉ. राजीव कुमार के नेतृत्व में लिपिक राजेश यादव, प्रशांत कुमार मालवीय, राज तिवारी, बबलू कुमार, शैलेश कुमार व अर्जुन प्रसाद यादव को प्रतिनियुक्त होने वाले चिकित्सक व पारा मेडिकल कर्मियों के लिए आवासन की व्यवस्था कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वाहन कोषांग : तरूण कुमार तिवारी व शुभम कुमार सिंह को मेला के दौरान जिला व राज्य स्तर से उपलब्ध कराए गए जीप, एंबुलेंस व अन्य वाहनों की व्यवस्था करने का दायित्व सौंपा गया है।
डिजास्टर कोषांग : जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी डॉ. मनोज गुप्ता, सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. चितरंजन कुमार पंकज, डॉ. शंकर लाल मुर्मू व डॉ. अम्बरीश ठाकुर को मेला के दौरान किसी भी तरह की आपातकालीन व अनहोनी होने की स्थिति से निबटने की व्यवस्था कराने का भार सौंपा गया है।
पुराना सदर अस्पताल : रक्त अधिकोष प्रभारी डॉ. विधु विवोध व लारेंस बेसरा को पुराना सदर अस्पताल में चिकित्सीय व्यवस्था करने की जिम्मेवारी सौंपी गई है।
नया सदर अस्पताल : अस्पताल उपाधीक्षक डा. प्रभात रंजन, लिपिक विजय प्रसाद, संजीव मिश्रा व मुज्जफरूल हक को सदर अस्पताल में चिकित्सीय व्यवस्था कराने का दायित्व सौंपा गया है।
कंप्यूटर कोषांग : चिकित्सा संबंधित पत्राचार व कागजातों के संधारण को लेकर छत्तीश्वर दास, कांग्रेस मंडल व संतोष तिवारी को दायित्व सौंपा गया है।
श्रावणी मेला रिपोर्ट कोषांग : मेला के दौरान दैनिक व अन्य संबंधित प्रतिवेदन को लेकर डीडीएम मुकेश कुमार, विश्वैश्वर राम व ऋषि राज भास्कर को भार सौंपा गया है।
पर्यवेक्षक : मेला को लेकर बनाए गए स्वास्थ्य केंद्रों का पर्यवेक्षण करने को लेकर अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सीके शाही, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. रंजन सिन्हा, जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी डॉ. मनोज गुप्ता, मेला कोषांग के प्रभारी पदाधिकारी डॉ. सिंह कुमार आलोक, डॉ. अवधेश सिंह, डॉ. प्रमोद कुमार शर्मा को जिम्मेवारी दी गई है।
सोमवार को विशेष व्यवस्था : श्रावणी मेला के दौरान सोमवार को श्रद्धालुओं की अत्याधिक भीड़ की संभावना को देखते हुए प्रत्येक रविवार शाम से लेकर सोमवार तक विशेष व्यवस्था करने के लिए डॉ. प्रमोद कुमार शर्मा को दुम्मा से खिजुरिया तक, डॉ. अवधेश कुमार सिंह को बीएड कॉलेज से लेकर बाबा मंदिर व कुमैठा स्टेडियम तक का दायित्व सौंपा गया है।
लॉजेस्टिक व दवा आपूर्ति कोषांग : डॉ. एहसान उद तौहिद, तारकेश्वर सिंह, गणेश पुजहर, अभिषेक कुमार साह व मुकेश राम को मेला क्षेत्र के सभी स्वास्थ्य शिविरों में दवा उपलब्ध कराने का दायित्व सौंपा गया है।
प्रचार-प्रसार कोषांग : जिला कार्यक्रम प्रबंधक नीरज कुमार भगत व जिला कार्यक्रम समन्वयक प्रवीण कुमार सिंह को मेला के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में स्वास्थ्य सुविधा से संबंधित प्रचार-प्रसार करने का भार सौंपा गया है।
आइएमसीआर : श्रावणी मेला के दौरान डा. गणेश यादव, अभिनाश कुमार, हर्ष कुमार, मृगेंद्र, परिमल दास व सौरभ रिचर्डस को उपायुक्त के आदेशानुसार निर्धारित स्थल पर ड्यूटी पर तैनात रहने का निर्देश दिया गया।
स्वच्छता : जिला महामारी रोग विशेषज्ञ डा. मनीष शेखर व आसिफ हुसैन को मेला क्षेत्र के तमाम स्वास्थ्य केंद्रों में साफ-सफाई की व्यवस्था कराने का दायित्व सौंपा गया है।
लाइजनिंग ऑफिसर : आयुष चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. दिग्विजय भारद्वाज को मेला के दौरान जिला प्रशासन सहित संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करने के लिए लाइजनिंग आफिसर का भार सौंपा गया है।
कंट्रोल रूम : मेला अवधि के दौरान 24 घंटे सातों दिन कंट्रोल रूम काम करेगा। इसके लिए कुमार शुभम, ब्रजेश कृष्ण मूर्ति व राजेश कुमार को कंट्रोल रूम से किसी भी तरह की परेशानी होने पर मेला प्रभारी को सूचना देने का निर्देश दिया गया है।