राजमहल। संवाददाता। नगर पंचायत अंतर्गत विभिन्न वार्ड में विकासशील योजनाओं का शिलान्यास सोमवार को नगर पंचायत अध्यक्ष केताबुद्दीन शेख, अनुमंडल पदाधिकारी सह कार्यपालक पदाधिकारी रोशन कुमार साह, नगर पंचायत उपाध्यक्ष पार्थ कुमार दत्ता और वार्ड पार्षदों ने संयुक्त रुप से शिलान्यास किया। नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में सौर ऊर्जा संचालित मोटर पंप सहित वाटर स्टैंड पोस्ट, तालाब का जीर्णोद्धार, वर्षा जल संचयन, कचड़ा डंप साइट सुधार कार्य, नाला निर्माण, सड़क सहित अन्य विकास कार्य प्रारंभ होगा। मौके पर वार्ड पार्षद राजकुमार मंडल, अनीता बसाक, रेखा देवी, गीता बर्मन, आशुतोष विश्वास, केशव कुमार सिंह, प्रधान सहायक दिनेश मंडल, शशि आनंद, किशन बर्मन सहित अन्य मौजूद थे।
सेवानिवृत्ति पर शिक्षक को दी गयी भावभीनी विदायी
राजमहल। संवाददाता। नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड 11 स्थित चरवाहा मध्य विद्यालय के शिक्षक देवेंद्र प्रसाद को सेवानिवृत्ति पर भावभीनी विदाई दी गई। शिक्षक दिवस के दिन शिक्षक की विदाई पर सभी की आंखें नम हो गई। मवि नया बाजार के प्रधानाध्यापक दिलीप कुमार की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित हुआ। देवेंद्र प्रसाद विद्यालय में 11 जनवरी, 1988 से लेकर 31 मार्च, 2022 तक विद्यार्थियों को शिक्षा देने में अपनी भूमिका निभाई। मौके पर वार्ड पार्षद राजू सरकार, शिक्षक प्रमोद झा, मृत्युंजय झा, मनोरंजन दास, कौशल कुमार, दिलीप पासवान, अशोक झा, जितेंद्र कुमार यादव, अरविंद कुमार मिश्रा, विक्रम कुमार, सुशांत चौधरी, श्रीकांत चौधरी, सन्यासी प्रमाणिक, आशु प्रमाणिक, विकास प्रमाणिक, मनोज यादव, जुम्मन शेख सहित अन्य उपस्थित थे।
बाढ़ से निपटने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी ने की बैठक
राजमहल। संवाददाता। अनुमंडल क्षेत्र में गंगा नदी के बढ़ते जल स्तर एवं संभावित बाढ़ को देखते हुए अनुमंडल प्रशासन व्यापक तैयारी कर रही है। इसको लेकर सोमवार को एसडीओ रोशन कुमार साह ने पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान बाढ़ आपदा से निपटने पर चर्चा की गयी। एसडीओ ने सभी अधिकारियों को अलर्ट रहने का निर्देश दिया। अपने-अपने स्तर से समस्याओं के दौरान व्यवस्थाएं बनाये रखने के लिए मौजूद रहने को कहा। बैठक में गंगा के बढ़ते जल स्तर पर सतर्क रहने का निर्देश दिया गया। गंगा नदी के जल स्तर में वृद्धि होने से राजमहल तथा उधवा अंचल सबसे ज्यादा प्रभावित होते हैं। बाढ़ की विकराल स्थिति होने पर लोगों को सुरक्षित राहत शिविर में शिफ्ट करने, प्रभावित लोगों को राहत सामग्री उपलब्ध करवाने, पशु चारा की व्यवस्था, महामारी की रोकथाम, पेयजल की व्यवस्था सहित अन्य दिशा-निर्देश दिया गया। सभी पदाधिकारियों को गंगा नदी के जल स्तर पर नजर बनाए रखने को कहा गया। बाढ़ पीड़ितों को स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराए जाने को लेकर तैयारी करने को कहा गया। मौके पर कार्यपालक दंडाधिकारी विशाल कुमार पांडेय, राजमहल बीडीओ कंचन सिंह, उधवा बीडीओ राहुल देव, तालझारी बीडीओ साइमन मरांडी, अनुमंडलीय अस्पताल प्रभारी उपाधीक्षक डॉ. उदय टुडू सहित अन्य पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित थे।