साहिबगंज। संवाददाता। बोरियो थाना क्षेत्र अंतर्गत बीरबल कान्दर गांव के आरोपी चुन्नू मुर्मू पत्नी मरांग कुड़ी हांसदा की हत्या करने के मामले में गुरुवार को धीरज कुमार जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम-धीरज कुमार ने दोषी पाते हुए उक्त आरोपी चुन्नू मुर्मू को सश्रम उम्र कैद एवं 25 हजार रुपया जुर्माना की सजा सुनाई है। उक्त घटना के बाबत मृतक के पिता बेटका हांसदा ने 18 सितंबर, 2018 को बोरियो थाना प्रभारी के समक्ष अपना फर्द बयान दर्ज कराते हुए कहा था कि घटना के दिन उनकी पुत्री मरांग कुड़ी हांसदा एवं दामाद चुन्नू मुर्मू बांझी हटिया गए थे और वापस लौटने के दौरान दोनों के बीच झगड़ा हो गया था। चुन्नू मुर्मू ने घर आकर पत्नी मरांग कुड़ी हांसदा की मारपीट कर हत्या कर घर से फरार हो गया। उक्त घटना के बाबत बोरियो थाना में कांड संख्या 258/2018 में आरोपी चुन्नू मुर्मू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। संज्ञान के उपरांत उक्त वाद को विचारण के लिए सत्र न्यायालय भेजा गया। जिला एवं सत्र न्यायालय प्रथम के न्यायालय में सत्रवाद संख्या 24/ 2019 में उक्त आरोपी का विचारण किया गया। विचारण के दौरान दोनों पक्षों की दलील सुनने एवं दस्तावेज पर उपलब्ध अभियोजन साक्ष्य के आधार पर न्यायालय ने आरोपी चुन्नू मुर्मू को भादंवि की धारा 302 के तहत दोषी पाते हुए सश्रम उम्रकैद एवं 25 हजार जुर्माना की सजा सुनाई है। अभियोजन पक्ष से आनंद कुमार चौबे एवं बचाव पक्ष से रमेश प्रसाद ने सुनवाई में हिस्सा लिया।
युवक के साथ मारपीट
साहिबगंज। संवाददाता। मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत महादेवगंज में एक कपड़ा दुकानदार पर तेल चोरी करने के आरोप में मारपीट का मामला प्रकाश में आया है। बाद में पुलिस ने घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां महादेवगंज, बीचटोला निवासी घायल मुन्ना कुमार यादव (25) ने पुलिस को बताया कि श्री राम चौकी के पास भाड़े की दुकान में कपड़ा बेचता है। बुधवार की रात 08 बजे दुकान बंद कर बाइक से घर जा रहा था। तभी रास्ते में विकास यादव व अन्य उसे उठा कर पहाड़ पर स्थित पत्थर खदान के एक कमरे में ले जाकर उसके साथ मारपीट की। 20 हजार रुपया, बाइक व मोबाइल छीन लेने का आरोप भी लगाया। इधर सदर अस्पताल में डॉ. ओम प्रकाश ने घायल का प्राथमिक उपचार किया। जिरवाबाड़ी ओपी प्रभारी चिरंजीत प्रसाद ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।
मौसम बदलने के साथ ही डायरिया का प्रकोप बढ़ा
राजमहल। संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र में मौसम बदलने के साथ ही बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। गुरुवार को डायरिया से पीड़ित कई मरीजों को अनुमंडलीय अस्पताल राजमहल में भर्ती करवाया गया। लखीपुर निवासी राधिका देवी (65), कोयला बाजार निवासी सलीमा बीबी (35) के डायरिया से पीड़ित होने पर अस्पताल में भर्ती करवाया गया। अन्य मरीज भी अस्पताल में भर्ती थे। अनुमंडलीय अस्पताल प्रभारी उपाधीक्षक डॉ. गुफरान आलम ने बताया कि डायरिया दूषित पानी का सेवन तथा वायरल संक्रमण, बासी व दूषित भोजन का सेवन, बर्तनों की साफ-सफाई नहीं करने, चौक-चौराहों पर बिकने वाले गंदे खाद्य पदार्थ को खाने के कारण होता है। डायरिया से बचने के लिए खाना को ढक कर रखने तथा ताजा खाद्य पदार्थ का सेवन करना चाहिए।
छत से गिरने से अधेड़ घायल
राजमहल। संवाददाता। प्रखंड अंतर्गत सुतियारपाड़ा गांव में छत से गिरने से एक अधेड़ घायल हो गये। मिली जानकारी के अनुसार सुतियारपाड़ा निवासी नंदन घोष (50) गुरुवार की अहले सुबह घर की छत पर टहल रहे थे। अचानक पांव फिसलने के कारण छत से मवेशी को चारा खिलाने वाले नाद में गिर गये। जिससे उन्हें अंदरूनी गम्भीर चोट लगी। आनन-फानन में परिजनों ने एंबुलेंस के माध्यम से इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां चिकित्सक डॉ. देवेंदू बोस ने घायल का प्राथमिक इलाज कर बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
हूल दिवस पर झामुमो कार्यकर्ता जायेंगे भोगनाडीह
राजमहल। संवाददाता। हूल दिवस पर भोगनाडीह में आयोजित कार्यक्रम की सफलता को लेकर गुरुवार को स्थानीय निरीक्षण भवन में झामुमो नगर एवं प्रखंड कमेटी की संयुक्त बैठक हुई। अध्यक्षता झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सह 20 सूत्री प्रखंड अध्यक्ष घिशु शेख ने की। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आगामी 30 जून को हूल दिवस के मौके पर नगर एवं प्रखंड क्षेत्र से झामुमो कार्यकर्ता कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए बरहेट स्थित भोगनाडीह पहुंचे। बैठक में कार्यकर्ताओं को संगठन मजबूती को लेकर कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया। मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष सह झामुमो नेता केताबुद्दीन शेख, प्रखंड बीस सूत्री उपाध्यक्ष सुदर्शन पासवान, नगर अध्यक्ष बरकत अली, हेना, समसुद्दीन, मंडल मुर्मू, कन्हाई टुडू, दिलावर रहमान, नसीर शेख, रूबीना तरन्नुम, आबिदा बीबी, परवेज आलम, शकील शेख, यश चिरानिया, मुख्तार अंसारी, आशीष कुमार मंडल, नसरुद्दीन, सद्दाम शेख सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित थे।