सफल नहीं हुआ तो पति ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
देवघर/संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के हिरणा इलाके का रहने वाला 38 वर्षीय एक व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जाता है कि आत्महत्या करने से पूर्व उसने अपनी पत्नी को चाकू से गोद कर हत्या करने का प्रयास किया था। घायल पत्नी को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक का नाम दिनेश कुमार प्रसाद है। जानकारी मिलते ही नगर पुलिस हिरणा पहुंची और मृतक के शव को फांसी से उतारा। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
क्या है घटनाक्रम : बताया जाता है कि मृतक दिनेश कुमार प्रसाद ग्रेजुएट था लेकिन कोई कार्य नहीं करता था। चार वर्ष पूर्व ही उसकी शादी धनबाद की रहने वाली निशा कुमारी के साथ हुई थी। उसे एक तीन वर्ष की बेटी भी है। बताया जाता है कि पत्नी उसे हमेशा कुछ कार्य करने के लिए कहा करती थी ताकि परिवार का भरण पोषण सही से हो सके। इसे लेकर दोनों के बीच अनबन होता रहता था। बीते 24 अक्टूबर को भी दोनों के बीच झंझट हुआ था। इसकी जानकारी जब निशा के परिजनों को हुई तो वे लोग धनबाद से हिरणा पहुंचे और दोनों पति-पत्नी को अपने साथ ले गए थे। उसके बाद ससुराल वाले ने दिनेश को सिक्योरिटी गार्ड में नौकरी करने की सलाह दी, लेकिन दिनेश सिक्योरिटी का काम नहीं करना चाहता था। वह ससुराल से पत्नी व बच्चे को अपने साथ यह कहकर लेकर चला आया कि सिक्योरिटी के काम के लिए पुलिस वेरिफिकेशन करना है। शनिवार को चार बजे वह घर से यह कहकर निकला कि वह थाना वेरिफिकेशन के लिए जा रहा है। पांच बजे शाम को वह घर वापस आ गया। पत्नी ने जब पुलिस वेरिफिकेशन की जानकारी लेनी चाही तो वह गुस्से में आ गया। कमरे का दरवाजा बंद कर पत्नी के सिर पर कई बार चाकू से मारकर जानलेवा हमला कर दिया। किसी तरह निशा लहूलुहान अवस्था में घर से भागी। पड़ोसियों ने उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। इसके उपरांत मायके वालों की फोन से सूचना दिया बाद में पुलिस को जानकारी दी। नगर पुलिस रात को सदर अस्पताल पहुंची। उसके बाद हिरणा स्थित घर पर निशा के पति को खोजने पहुंची। घर पहुंच कर देखा तो अंदर से दरवाजा बंद है। दरवाजा खटखटाने के जब अंदर से कोई आवाज नहीं मिला तो जवानों ने घर के करकट को उखाड़ा दो देखा कि दिनेश फांसी के फंदे से झूल रहा है। उसे फांसी के फंदे से उतारकर पुलिस सदर अस्पताल ले गई। समाचार लिखे जाने तक नगर पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी थी।
दिनदहाड़े महिला से सोने की चेन व अंगूठी की छिनतई
देवघर/संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के बिलासी चकाचक मंदिर के पास शनिवार दिनदहाड़े एक वृद्ध महिला से बाइक सवार दो बदमाशों ने चाकू दिखाकर सोने की चेन और दो अंगुठी की छिनतई कर ली। महिला का रंजू झा है जो प्रोफेसर कॉलोनी की रहने वाली है। रंजू झा ने इसकी शिकायत आवेदन देकर नगर थाना में भी की है। पीड़िता ने बताया कि शनिवार को वह चकाचक मंदिर में दिन के 11 बजे के आसपास पूजा कर घर लौट रह थी। मंदिर से कुछ ही दूर गयी थी की बाइक पर सवार दो अज्ञात ने उन्हें रूकने को बोला और कहा कि साहब बुला रहे हैं। सुनते ही वह रूक गयी इतने में दोनों बदमाशों ने पीछे से चाकू सटा दिया और गले से सोने का चेन जिसकी कीमत लगभग 50 हजार और दो अंगूठी कीमत 20 हजार की छिनतई कर फरार हो गया। इधर नगर पुलिस आवदेन लेकर घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुट गयी है।
सड़क दुर्घटना में दो की मौत एक हुआ घायल
देवघर/संवाददाता। मोहनपुर थाना क्षेत्र के बाघमारा के पास सड़क दुर्घटना में बाइक पर सवार दो लोगों की मौत हो गयी व एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना शनिवार की देर रात 2.30 बजे के आसपास की बतायी जाती है। मृतक का नाम विकेन्द्र यादव बंधा कुरूमटांड़ व शिवनाथ दास बड़काबंधा थाना मोहनपुर का रहने वाला है। वहीं घायल महावीर राउत को इलाज के लिये सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जाता है कि मृतक विकेन्द्र दुमका में बस चालक का काम करता था। तीनों एक बाइक पर सवार होकर विकेन्द्र को घर से बस चढ़ाने जा रहे थे। उसी क्रम में अज्ञात ट्रक ने बाइक में जोरदार धक्का मार दिया। इस घटना में विकेन्द्र और शिवनाथ की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि महावीर गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी मिलते ही मोहनपुर पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और तीनों को सदर अस्पताल पहुंचाया। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
साहस व स्वयंसेवा के आदर्शों को विकसित करना मुख्य उद्देश्य : कर्नल सेठी
- देवघर महाविद्यालय में छह से 13 नवंबर तक होगा एनसीसी ट्रेनिंग कैंप का आयोजन
देवघर/नगर संवाददाता। रविवार को 36 झारखंड एनसीसी धनबाद द्वारा कंबाइंड एनुअल ट्रेनिंग कैम्प (सीएटीसी) 12 का आयोजन देवघर महाविद्यालय देवघर में 6 से 13 नवंबर तक होगा। शिविर में कुल 7 जिलों से 500 एनसीसी कैडेट्स भाग लिए है। जिसमें कैडेटों को फायरिंग, पीटी, योगा, ड्रील, हथियार प्रशिक्षण, सैन्य विषयों पर अनुशासन, विभिन्न प्रकार के खेल, व्यक्तिगत विकास, रूट, मैप आदि चीजों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। कैम्प का नेतृत्व कैम्प कॉमंडेड कर्नल हर्ष सेठी ने कर रहे है। कर्नल हर्ष शेठी ने कहा कि देश की वर्तमान एनसीसी सामाजिक-आर्थिक परिदृश्य में भी अपेक्षित आवश्यकता को पूरा कर रहा है। एनसीसी का लक्ष्य युवाओं में चरित्रनिर्माण, लीडरशिप, अनुशासन, धर्मनिरपेक्ष दृष्टिकोण, साहस की भावना तथा स्वयंसेवा के आदर्शों को विकसित करना है। मौके पर सूबेदार मेजर राम कुमार सिंह,डिप्युटी कैम्प कॉमंडेड कैप्टन राजेश कुमार सिंह के अलावा इस कैम्प में 5 जेसीओ,15 हवलदार एवं 9 ऑफिसियल कर्मी तथा राष्ट्रपति अवॉर्डी राजेन्द्र कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित थे।