देवघर/नगर संवाददाता। विश्व कल्याणार्थ तीर्थ पुरोहितों का जत्था गंगोत्री से पैदल गंगा जल लाने दिन के दो बजे बैद्यनाथधाम देवघर से रवाना हुए। यह धार्मिक यात्रा लगभग 90 दिनों में पूरी होगी। सभी भक्त चारधाम होते हुए गौमुख, गंगोत्री से जल भरकर हरिद्वार, नैमिषारण्य, आयोध्याधाम से होते हुए जनवरी के दूसरे सप्ताह तक बाबाधाम (देवघर) पहुंचेंगे। सभी भक्तों को स्थानीय तीर्थ पुरोहितों ने गले लगाकर रवाना किया। मौके पर मानरोवर तट धर्म की जय हो, अधर्म का नाश हो, गंगा मईया की जय, जय शिव के जयकारा से गूंज उठा। इस अवसर पर अनिल धारी झा, अमित धारी, दीपक कुमार, सिद्धार्थ कश्यप आदि लोग मौजूद थे। जत्थे में 9वीं बार गंगोत्री जाने वाले रोहित चरण मिश्रा (स्वामी जी), छठी बार राजू झा, चौथी बार नागेश्वर राज जेजवाड़े (नागो दा), बाबूमणि परिहस्त रवि महाराज (सेंटी), दिलीप मिश्रा, दूसरी बार उदय जजवाड़े, त्रिलोकी पांडेय, पहली बार सुमन झा, राजू मठपति तथा सेवक के रूप में गोवर्द्धन पांडेय और पिनाकी गोस्वामी शामिल हैं।
अलग-अलग सड़क हादसे में तीन घायल, एक रेफर
देवघर/संवाददाता। जिले के देवीपुर थाना क्षेत्र में हुई दो अलग-अलग सड़क हादसे में तीन बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। पहली घटना घोंघाडीह मोड़ के पास शुक्रवार की देर रात को घटी। इस घटना में बाइक सवार रामानंद झा बेहरण पहाड़पुर और घोंघाडीह निवासी राजू रजक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया। राजू की स्थिति ज्यादा गंभीर रहने की वजह से देर रात को ऑन ड्यूटी डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया। घटना के बाबत सदर अस्पताल में इलाजरत रामानंद झा के परिजनों ने बताया कि दोनों बाइक से देर रात को दवाई लेने कुरमीडीह गये थे। वहां से वापस लौटने के क्रम में घोंघाडीह मोड़ के पास अज्ञात पिकअप वैन के चालक ने बाइक में धक्का मार दिया और मौके पर से फरार हो गया। दूसरी घटना शनिवार को देवीपुर थाना क्षेत्र के बसुआडीह के पास घटी। इस घटना में बसुआडीह निवासी लक्ष्मण कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जाता है कि वह बाइक लेकर घर निकला था। कुछ दूर जाने के बाद एक मोड़ पर उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगाए गए लोहे के बैरियर से जा टकराया। आनन- फानन में परिजनों ने वाहन से उसे इलाज के लिये सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां उसका इलाज चल रहा है।
रहस्यमय परिस्थिति में फांसी लगाने से महिला की मौत
- मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप
देवघर/संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के विलियम्स टाउन मोहल्ला में रहस्यमय परिस्थिति में फांसी लगाने से एक महिला की मौत हो गयी। मृतका का नाम चांदनी देवी जो शुवेंदू सिंह की पत्नी है। महिला को दो बेटी है जिसमें बड़ी लगभग 8 वर्ष और छोटी लगभग एक वर्ष की है। महिला का मायका जिले के मधुपुर थाना क्षेत्र के परसिया गांव में है। मायके वालों ने उसके पति पर फांसी लगाकर हत्या कर दिये जाने का आरोप लगाया है। घटना की जानकारी मिलते ही गश्ती कर रहे नगर थाना के एएसआई मनीष कुमार सदलबल घटना स्थल पर पहुंचे। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिये सदर अस्पताल भेज दिया। इधर मायके वाले भी घटना स्थल पर पहुंचे और शव को देखने के बाद पति पर हत्या का आरोप लगाया। मायके वालों का कहना था कि उसका पति हमेशा चांदनी के साथ मारपीट करते रहता था। जिस वजह से वह काफी समय मायके में ही रहती थी। कुछ दिन पूर्व में उसके ससुर ने मायके वालों को काफी समझा बुझाकर चांदनी को ससुराल लाया था। दो दिन पूर्व भी उसके पति ने उसके साथ मारपीट और डांट-फटकार किया था। जबकि पति का कहना है कि वह घर के बाहर सीढ़ी के पास सास-ससुर से मोबाइल पर बकझक हो रहा था। उसके सास-ससुर चांदनी को मायके ले जाना चाह रहे थे, लेकिन वह नहीं जाने देने पर अड़ा हुआ था। पति का कहना है कि उसी दौरान चांदनी ने खिड़की से फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उसने ही बिना पुलिस को जानकारी दिये ही फंदे को काट कर हटा दिया और बगल के पलंग पर लिटा दिया। नगर पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है।
फांसी लगाने से महिला गंभीर
देवघर/संवाददाता। फांसी लगाने से गंभीर हुई एक महिला को इलाज के लिये सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला का नाम मीरा देवी (30) पति सुरेश राउत है जो सरैयाहाट दुमका की रहने वाली है। बताया जाता है कि आपसी विवाद में महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। समय रहते घरवालों को इसकी जानकारी मिल गयी और उसे फांसी से उतारकर शुक्रवार की देर रात को इलाज के लिये सदर अस्पताल पहुंचाया। महिला को आईयूसियू में इलाज चल रहा है। अस्पताल प्रबंधन द्वारा इसकी जानकारी स्थानीय थाना को दे दी गयी है।
हत्यारोपी पुलिस हिरासत में
देवघर/संवाददाता। कुंडा पुलिस ने दशहरा के नौंवी दिन बलियाचौकी निवासी रिंकू पूरी की हत्या के एक नामजद आरोपी को हिरासत में लिया है। आरोपी का नाम दीपक गोस्वामी है। पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी है। बताते चलें कि रिंकू पूरी की हत्या अपराधियों ने गोली मारकर कर दी थी। इसे लेकर मृतक की पत्नी अंजू देवी ने कुंडा थाना में मामला दर्ज कराया था। मामले में रूपेश यादव महुआटांड़, मुकेश पुरी, अरूण पुरी, दीपक गोस्वामी साकिन बलियाचौकी सहित तीन अज्ञात को आरोपी बनाया था। कुंडा पुलिस ने गुप्त सूचना पर दीपक को हिरासत में लिया है। हालांकि अभी इस मामले में पुलिस कुछ भी बताने से गुरेज कर रही है।