दुमका/निज संवाददाता। 28 अगस्त की सुबह पेट्रोल से जलकर हुई किशोरी की मौत के मामले में शनिवार को प्रथम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह पोक्सो के विशेष न्यायाधीश रमेश चंद्रा की अदालत में फूफा की गवाही हुई। फूफा ने बताया कि उनका घर भतीजी के घर से करीब आधा किलोमीटर दूर है। 23 अगस्त की सुबह करीब सात बजे पता चला कि किसी ने भतीजी को पेट्रोल डालकर जला दिया है। घर गए तो पता चला कि सही में घटना हुई है। तत्काल मेडिकल कालेज अस्पताल गए तो वहां उसकी पटटी चल रही थी। बाद में भतीजी को बर्न वार्ड में लाया गया। यहां पर भतीजी ने ही बताया कि शाहरूख हुसैन ने उसे पेट्रोल डालकर जला दिया है। बचाव पक्ष के अधिवक्ता सिकंदर मंडल ने फूफा से उनके घर के चारों ओर रहने वालों के बारे में पूछा। यहां बता दें कि हत्याकांड में अब तक पांच लोगों की गवाही हो चुकी है और 21 की होना बाकी है। अब इस केश की अगली सुनवाई 09 नवम्बर को होगी। उस दिन मृतका की बड़ी बहन की गवाही हो सकती है।
किशोरी से छेड़खानी का आरोपी छात्र पुलिस के हवाले
दुमका/नगर संवाददाता। टीन बाजार मोहल्ले के रहनेवाले किशोरी के परिजनों ने छेड़खानी का आरोप लगाते हुए एक किशोर को पकड़ कर शनिवार की शाम नगर थाना पुलिस को सौंप दिया। परिजनों ने बताया कि किशोर रोज उनकी बेटी को स्कूल जाते समय परेशान करता था। लगातार उसकी हरकत पर नजर रखी जा रही थी। दोपहर बाद उसे छेड़खानी करते हुए पकड़ा। थोड़ी बहुत पिटाई करने के बाद नगर थाना लेकर आए। छात्र ने जब थाना के अंदर जाने से मना किया तो जबरन अंदर ले जाकर पुलिस के हवाले कर दिया। वह शहर के एक प्रतिष्ठित स्कूल में कक्षा 11 के छात्र बताया जाता है। देर शाम तक छात्र को थाना में बैठाकर रखा गया था। पुलिस का कहना है कि उसके अभिभावक के आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दुर्घटना में बाईक सवार की मौत
रामगढ़/निज संवाददाता। अज्ञात वाहक की टक्कर एक 45 वर्षीय बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना थाना क्षेत्र के रामगढ़-गुहियाजोरी सडक मार्ग के हाई स्कूल के समीप मुख्य सड़क पर देर रात हुई। युवक के सिर में गंम्भीर चोट लगी और युवक घटना स्थल पर ही दम तोड दिया। मृतक युवक का नाम सिकंदर राय है। जो मयुरनाथ गांव का रहने वाला बताया जाता है। युवक अपने बाइक से मयुरनाथ से रामगढ़ बाजार की ओर जा रहा था। तभी अचानक दुमका से रामगढ़ की जा रहे अज्ञात वाहन ने पिछे से बाइक सवार को जबरजस्त टक्कर मार दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है।
ट्रैक्टर की चपेट में आकर बाइक सवार घायल
सरैयाहाट/निज संवाददाता। कोठिया सहारा मुख्य मार्ग स्थित मोडियार मोड़ के निकट ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक महिला समेत दो बाइक सवार घायल हो गया। स्थानीय लोगों के सहयोग से उसे सरैयाहाट सीएचसी लाया गया। ककनी गांव के 22 वर्षीय शत्रुधन शर्मा और बैठा गांव के 45 वर्षीय सविता देवी है। दोनों हाट बाजार करने कोठिया जा रहे थे तभी मोडियार गांव के निकट ट्रैक्टर वाहन ने धक्का मार दिया.जिससे वह बुरी तरह से घायल हो गया। शत्रुधान शर्मा का पैर टूट जाने के कारण देवघर रेफर कर दिया।
औचक निरीक्षण में बंद मिला आंगनबाड़ी केंद्र
सरैयाहाट/निज संवाददाता प्रखंड प्रमुख ललिता मरांडी ने शुक्रवार को नावाडीह पंचायत स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान तितमोह गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या -1 एवं 2 दोनों ही बंद पाया गया। ग्रामीणों ने प्रमुख को बताया कि केंद्र हमेशा बंद रहता ही है, बच्चों को पोषाहार वितरण भी नहीं किया जाता है। लॉकडाउन के दौरान भी बच्चों को सरकार द्वारा भेजा गया पोषाहार बच्चों को नहीं मिल पाया। उक्त प्रमुख ने सीडीपीओ को एक पत्र देकर कार्रवाई का निर्देश दिया है। पर्यवेक्षिका मेरी टोप्पो ने बताया कि सीडीपीओ मेडम तितमो में आंगनबाड़ी केंद्र जांच करने बोली है। सोमवार को जांच कर रिपोर्ट देगें। सरैयाहाट सीडीपीओ रेखा कुमारी ने बताया कि वह अभी आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में है। जांच में अगर शिकायत सही पाई गई तो सेविका और सहायिका पर कार्रवाई की जायेगी।
दो सालों से फरार वारंटी गिरफ्तार
गोपीकांदर/निज संवाददाता। दो वर्षों से फरार चल रहे आरोपी को गोपीकांदर पुलिस ने शनिवार को धर-दबोचा है। थाना प्रभारी नित्यानंद भोक्ता के नेतृत्व में छापेमारी टीम ने आरोपी बिनोद मरांडी को उनके निजी आवास से गिरफ्तार कर शनिवार को जेल भेज दिया गया है। विनोद मरांडी गोपीकांदर थाना क्षेत्र के जोड़ासिमल गांव का रहने वाला है। नित्यानंद भोक्ता ने बताया कि बिनोद मरांडी दो साल से फरार चल रहा था। वर्ष 2020 में विनोद मरांडी बतौर मेट के रूप में जोड़ासिमल गांव के ही मांझी सोरेन को प्रखंड के अन्य 35 मजदूरों के साथ जम्मू-कश्मीर में काम दिलाने लेकर जा रहा था। दिल्ली रेलवे स्टेशन से मांझी सोरेन गुम हो था। गोपीकांदर थाना में मांझी सोरेन के पत्नी के आवेदन के आलोक में कांड संख्या 31/2020 दिनांक 10 अक्टूबर 2020 धारा 370 के तहत दर्ज कराया था। दुमका न्यायालय से बिनोद मरांडी के विरूद्ध गिरफ्तारी वारंट निर्गत हैं।
चेंबर के प्रमंडलीय उपाध्यक्ष का चुनाव आज
दुमका/नगर संवाददाता। सत्र 2022-23 के लिए फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज का संथाल परगना प्रमंडल के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष का चुनाव 6 नवंबर को अग्रसेन भवन में होगा। सचिव मनोज घोष ने बताया कि 11 से दोपहर 3 बजे तक मतदान किया जायेगा। चुनाव परिणाम की घोषणा संध्या 5 बजे की जाएगी। चुनाव में प्रमंडल के जिले के व्यवसायी संगठन के अध्यक्ष, सचिव एवं राज्य के सदस्य भाग लेंगे। चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराने को लेकर झारखंड फेडरेशन अध्यक्ष किशोर मंत्री, सचिव डा अभिषेक रामाधीन, पूर्व अध्यक्ष पवन शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।
10 दिवसीय योग शिविर संपन्न
मसलिया/निज संवाददाता। प्रखंड के सांपचला पंचायत के हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर अजमेरी की ओर से 10 दिवसीय योग शिविर का समापन शनिवार को हुआ। यह योग प्रशिक्षण शिविर मसलिया के ठाड़ी मध्य विद्यालय परिसर व चरकापाथर आंगनबाड़ी केंद्र के सामने आयोजित किया गया। सीएचओ मंजू कुमारी ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को रोजाना समय निकाल कर योगाभ्यास करना चाहिए। इस मौके पर योगाचार्य केसरीनाथ, शहदेव हेम्ब्रम, प्रधानाध्यापक संतोष कुमार शर्मा, कदम कुमारी, संजना कुमारी, खुशी कुमारी, राखी कुमारी, कदम कुमारी, कार्तिक आदि मौजूद थे।
सीएसपी संचालक के साथ थाना प्रभारी ने की बैठक
रानीश्वर/निज संवाददाता। थाना परिसर में शनिवार को थाना प्रभारी छटन महतो के निर्देश पर एसआई डेगेन कुमार ने प्रखंड के संचालकों के साथ बैठक किया है। अवर निरीक्षक ने सीएसपी संचालक को निर्देश देते हुए कहा कि हर सीएसपी केंद्र में सीसीटीवी कैमरा लगाया जाये। केंद्र में पैसे का लेंन देन करने के जगह पर ग्रिल का व्यवस्था किया जाये। सीएसपी केंद्र में केस लाने के समय संदिग्ध व्यक्ति मालूम हो, तुरंत थाना को सूचित है। बैठक में यहां के दर्जनों सीएसपी संचालक मौजूद थे।