कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिला, धात्री माता, बच्चों को मिली पोषण संबंधी जानकारी
लिट्टीपाड़ा/संवाददाता। राष्ट्रीय पोषण माह को सफल बनाने व लोगों में पोषण के प्रति जागरूकता लाने के लिए शुक्रवार को आंगनबाड़ी सेविका व तेजस्विनी के सदस्यों के द्वारा रैली निकाली गयी। रैली को बीडीओ सह सीडीपीओ संजय कुमार ने हरी झंडा दिखा कर रवाना किया। रैली प्रखंड परिसर से निकल कर दुर्गा मंदिर, मांझी थान, आदिवासी टोला होते हुए पूरे ग्रामीण क्षेत्र का भ्रमण करते तिलका मांझी चौक पहुंच नारेबाजी की। सभी सेविकाएं जो पियेगा मां का दूध खिरसा वो बनेगा वीर बिरसा तथा पोषण को अपनाएंगे, कुपोषण दूर भगाएंगे, सरीखे नारा लगाते रैली में चल रहे थे। रैली का नेतृत्व पर्यवेक्षिका प्रमिला हेम्ब्रम, चंदना सिंह कर रही थीं जबकि प्रखंड समन्वयक इकरामुल ने तेजस्विनी क्लब के सीसी की अगुवाई की। शुक्रवार को पोषण माह-2022 के तहत पोषण से संबंधित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सभी परियोजना के आंगनबाड़ी कर्मियों एवं तेजस्विनी परियोजना के कर्मियों द्वारा पोषण संबंधी रैली, रंगोली प्रतियोगिता, तिरंगा थाली, स्थानीय फल, सब्जी, दाल एवं विभिन्न अनाज के प्रदर्शनी का आयोजन किया। कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिला, धात्री माता, बच्चों एवं सभी स्थानीय लोगों को पोषण के महत्व के बारे में विशेष रूप से जानकारी दी गई।