बैठक कर बनायी रणनीति, नये पदाधिकारियों का मनोनयन व स्वागत
साहिबगंज। संवाददाता। झारखंड राज्य प्रशिक्षित सहायक अध्यापक संघ की जिला स्तरीय बैठक मंगलवार को रेलवे जनरल इंस्टीट्यूट परिसर में हुई। अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अशोक कुमार साह व संचालन जिला सचिव शमशुल हक ने की। बैठक में मुख्य रूप से प्रदेश महासचिव विकास कुमार चौधरी, प्रदेश उपाध्यक्ष जितेंद्र दुबे उपस्थित थे। सर्वप्रथम शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य पर पूर्व राष्ट्रपति सह शिक्षक डॉक्टर सर्वपल्ली राधाकृष्णन की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया। बैठक में राज्य कमेटी के निर्देशानुसार एकत्रित सहायक अध्यापकों ने अपनी मांगों के समर्थन में सरकार के प्रति आक्रोश व्यक्त किया। सहायक अध्यापक सेवा शर्त नियमावली-2022 में अंकित सामान्य भविष्य निधि, सेवा पुस्तिका, कल्याण कोष, अनुकंपा का लाभ नहीं मिलने, आंकलन परीक्षा आयोजित नहीं होने पर सहायक अध्यापकों ने नाराजगी जाहिर की। जिला अध्यक्ष ने बताया कि झारखंड के तकरीबन 62 हजार सहायक अध्यापकों को विगत जुलाई माह-2022 से मानदेय भुगतान नहीं किया गया है। झारखंड के सहायक अध्यापकों ने अपने सेवा के इतने वर्षों के दौरान दर्जनों बार अपने शैक्षणिक योग्यता का प्रमाण पत्र शुल्क के साथ जांच के लिए जमा किया है। लेकिन अभी तक जांच नहीं हो सकी है। विगत दो महीने पहले सभी सहायक अध्यापकों ने प्रमाण पत्र और शुल्क जमा किया है। लेकिन जांच नहीं हो सकी है। बताया कि 07 सितंबर को जिला कमेटी डीसी, डीईओ व डीएसई को मांग पत्र सौंपेगी। इसके बाद 10 दिनों के अंदर बकाया मानदेय भुगतान के साथ नियमावली में उल्लेखित अन्य समझौता को लागू नहीं किया गया तो सहायक अध्यापक प्रखंड से लेकर राज्य स्तर तक उग्र प्रदर्शन करेंगे। बैठक में नए प्रखंड अध्यक्ष रवि कुमार, प्रखंड सचिव मनोज हरिजन, जितेंद्र हरि, मनोज कुमार, गमाल हेंब्रम, मंडरो प्रखंड कोषाध्यक्ष शहादत हुसैन अशर्फी का माल्यार्पण कर स्वागत किया। वहीं सर्वसम्मति से राजमहल प्रखंड अध्यक्ष पद पर कुद्दुस अली, मंडरो प्रखंड कोषाध्यक्ष पद पर शहादात अशर्फी को मनोनीत किया गया। मौके पर जिला कमेटी सदस्य हरि यादव, सुनील चौधरी, सेराजुल हक, आनंद सौरभ, रेखा कुमारी, मेरी मरांडी, मोनिका सोरन, अरुण कुशवाहा, मनोज पंडित, एनामुल हक, सच्चिदानंद झा, धर्मराज मंडल, जोहर अली, अनिल यादव, जगदीश मुर्मू, सकल हेंब्रम, ज्योतिमय हांसदा सहित सौ से अधिक सहायक अध्यापक मौजूद थे।