साहिबगंज। संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बंगाली टोला स्थित टुटुल फर्नीचर दुकान में शुक्रवार की रात चोरों ने भीषण चोरी को अंजाम दिया। मामले की जानकारी दुकानदार संजीव शर्मा को तब हुई जब रोज की तरह उन्होंने दुकान खोली। दुकान खोलते ही उन्होंने अंदर से कई सामान गायब पाया। उन्होंने बताया कि चोरों ने दुकान में रखा लगभग 5 लाख रुपये का कारपेंटर का इलेक्ट्रिकल सामान, कुर्सी, टेबुल, व अन्य सामान उड़ा लिया। मामले की जानकारी उन्होंने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर धर्मपाल कुमार ने दलबल के साथ दुकान पहुंच छानबीन की। पुलिस ने वहां सीसीटीवी फुटेज भी खंगाला। इंस्पेक्टर धर्मपाल कुमार ने बताया कि जल्द ही चोरों को दबोच लिया जाएगा।
बोरियो विधायक ने चानान में गंगा कटाव का लिया जायजा
-दहशतजदा ग्रामीणों ने सुनाई व्यथा
साहिबगंज। संवाददाता। बोरियो विधायक लोबिन हेंब्रम ने शनिवार को विधानसभा क्षेत्र के चानान गांव में गंगा कटाव का जायजा लिया। उन्होंने कटाव की स्थिति को खतरनाक बताया। कहा कि एक वर्ष पूर्व उन्होंने कटाव का जायजा लिया था तब से लेकर अब तक बहुत कटाव हुआ है। गंगा गांव की तरफ बढ़ रही है। इधर ग्रामीणों ने विधायक को व्यथा सुनाते हुए कहा कि कटाव के डर से रात भर लोग जगे रहते हैं। हमेशा डर बना रहता है कि उनके घर कटाव में समा जाएंगे। जान माल के नुकसान का खतरा भी बना रहता है। विधायक ने मामले में डीसी रामनिवास यादव से वार्ता कर पानी उतरते ही कटाव निरोधक कार्य शुरू कराने की बात कही। विधायक ने बताया कि कटाव की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। पानी उतरते ही कटाव निरोधी कार्य कराया जाएगा। मौके पर सदर एसडीओ राहुल जी आनंद जी, गंगा पंप नहर के पदाधिकारी, विधायक के नगर परिषद प्रतिनिधि मनोज तांती, वार्ड पार्षद प्रेम लता टुडू, नगर परिषद के सिटी मैनेजर पुरुषोत्तम देव, एई रवि शेखर सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद थे।
खनन टास्क फोर्स की हुई बैठक
साहिबगंज/संवाददाता। डीसी राम निवास की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय स्थित सभागार में जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक हुई। बैठक में डीसी ने एनजीटी के निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। उन्होंने पदाधिकारियों को क्रशर यूनिट एवं माइनिंग पर उचित कार्रवाई करने, गंगा नदी के किनारे अवैध पत्थर स्टॉक एवं नाव से पत्थर प्रेषण पर रोक लगाने एवं सभी अस्थाई चेकनाका पर अवैध परिवहन की रोकथाम के लिए समय-समय पर छापेमारी करने का निर्देश दिया। मौके पर एसपी अनुरंजन किस्पोट्टा, सदर अनुमंडल पदाधिकारी राहुल जी आनंद जी, पुलिस उपाधीक्षक राजेंद्र दुबे, जिला खनन पदाधिकारी विभूति कुमार, संबंधित अंचलाधिकारी, संबंधित थाना प्रभारी एवं अन्य उपस्थित थे।
कार्यकर्ता सम्मेलन के बहाने जुटे भाजपा के दिग्गज नेता
-संभावित चुनाव को लेकर की चर्चा, दिया टिप्स
बरहेट। संवाददाता। सूबे के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विधानसभा बरहेट में भाजपा ने संभावित चुनाव को लेकर सरगर्मी शुरू कर दी है। शनिवार को बरहेट के धोबडीहा स्थित पहाड़ी बगान में लोकसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन के बहाने भाजपा के दिग्गज नेताओं का जुटान हुआ। दो दिवसीय प्रवास पर यहां पहुंचे भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह व प्रदेश महामंत्री प्रदीप वर्मा ने कार्यकर्ताओं को संभावित चुनाव को लेकर संगठन मजबूती व चुनाव जीतने का टिप्स दिया। संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि बरहेट में विधानसभा का चुनाव जल्द हो सकता है। इसके लिए कार्यकर्ता तैयार रहें। संगठन की मजबूती पर ध्यान दें। संगठन मजबूत रहेगा तो जीत निश्चित है। एक-एक को जोड़ कर विशाल संगठन तैयार करें। मौके पर राजमहल विधायक अनंत ओझा, भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री बजरंगी यादव, पूर्व विधायक ताला मरांडी, सिमोन मालतो, अनंत तिवारी, रेणुका मुर्मू, भाजपा जिलाध्यक्ष रामदरस यादव, गोड्डा जिला अध्यक्ष राजीव मेहता, राजेश झा, धर्मेंद्र कुमार, सुनील सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष पांचू सिंह, रणधीर सिंह, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रमिता तिवारी, कुसमाकर तिवारी, कमल कृष्ण भगत, विजय भगत, प्रखंड अध्यक्ष मनीष भारती, अंजीत भगत उर्फ लालू भगत, हनीफ अंसारी, शरीफ अंसारी, सुरेश गुप्ता, नवीन गुप्ता, खगेंद्र साह सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।
जिप अध्यक्ष ने हड्डी रोग विशेषज्ञ के लिए मंत्री को लिखा पत्र
साहिबगंज। जिला परिषद अध्यक्ष मोनिका किस्कू ने स्वास्थ्य मंत्री को पत्र लिख कर साहिबगंज में हड्डी रोग विशेषज्ञ की प्रतिनियुक्ति की मांग की है। उन्होंने बताया कि साहिबगंज में एक भी हड्डी रोग विशेषज्ञ चिकित्सक नहीं है। जिससे यहां के मरीजों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। विशेष कर दिव्यांग मेडिकल बोर्ड की बैठक नहीं हो पा रही है। उन्होंने बताया कि मेडिकल बोर्ड की बैठक नहीं होने से दिव्यांगों का प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहा है। दिव्यांग सरकारी सुविधाओं से वंचित हो रहे हैं।
जलसहिया की बैठक आज
साहिबगंज। सरकार की उपेक्षा पूर्ण रवैया के विरोध में जलसहिया संघ की बैठक रविवार को रेलवे इंस्टिट्यूट के मैदान में रविवार को होगी। जिला जलसहिया संघ के मुख्य संरक्षक उमेश प्रसाद सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि हेमंत सोरेन सरकार के तीन साल पूरे हो गए पर जल सहिया के विभिन्न मांगों को अनसुना कर पूर्व में मिल रहे 1000 मासिक मानदेय को पर भी रोक लगा दी गयी है। बैठक में सरकार की उपेक्षा पूर्ण एवं और असहयोगात्मक रवैया के विरोध में धरना प्रदर्शन एवं घेराव की रणनीति तय की जाएगी।