-शिविर में गर्म जल, नींबू पानी, शरबत, फल की नि:शुल्क सुविधा उपलब्ध
देवघर/नगर संवाददाता। एक ओर सरकार विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला में कांवरियों को बेहतर सुविधा प्रदान करने का प्रयास कर रही है। दूसरी तरफ कई सामाजिक संगठन और संस्था जगह-जगह शिविर लगा बाबा के भक्ति की नि:शुल्क सेवा प्रदान करवा रहे हैं। भूरभूरा मोड़ पथ के समीप बम बम बाबा कौलोनी सेवा समिति द्वारा लगाए गए नि:शुल्क सेवा शिविर में कांवरियों को कई तरह की नि:शुल्क सेवा दे रही है। जिसमें कांवरियों के लिए गर्म जल, नींबू पानी, शरबत, फल, की नि:शुल्क सुविधा उपलब्ध है। हर सोमवार कांवरियों को नि:शुल्क सुविधा दी जाएगी।
बम बम बाबा कालोनी सेवा समिति के अध्यक्ष संजीव कुमार झा उर्फ गुड्डू झा ने बताया कि पूर्व वर्षों की भांति इस वर्ष भी भूरभूरा मोड़ में कांवरिया की सेवा करने के लिए समिति के सभी सदस्य तन मन धन से सहयोग कर रहे है। शिविर समिति पिछले 5 वर्षों से लगातार लगा कर हर सोमवार सेवा कर रही है। समिति के महासचिव अमृत मिश्रा ने कहा कि समाज के सहयोग से प्रत्येक वर्ष शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया जाता है। भूरभूरा मोड़ से बाबा मंदिर तक एक भी शिविर नहीं है। पूजा कर के वापस लौटने वाले एवं पूजा करने के लिए जाने वाले कांवरिया को काफी परेशानी होती थी शिविर लगने से राहत मिलता है।
बाबा भोलेनाथ की कृपा सब पर बनी रहे ऐसी प्रार्थना करता हूं। शिविर को सफल बनाने में बालानाथ सिन्हा, अंशु कुमार, संगीता झा, आकृति कुमार, संजीव कुमार झा, गुड्डू झा, अमृत मिश्रा, वंदना ठाकुर, किशोर मिश्रा, जूली सिंह, गोबिंद सिंह, सोनू सिंह, गुंजन कुमार, लोचन यादव, पंकज कुमार, श्लोक कुमार झा, श्याम कुमार सहित बम बम कौलोनी के अन्य लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
भाजपा का वार्ड नंबर 35 में जनसंपर्क अभियान
देवघर/नगर संवाददाता। भाजपा के महाजनसंपर्क अभियान के तहत सोमवार को देवघर नगर के वार्ड संख्या 35 ठाढ़ीदुलमपुर के विभिन्न मुहल्लों में जनसंपर्क अभियान चलाया गया। साथ ही देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के द्वारा 9 वर्ष में किए कार्यों की उपलब्धियों की चर्चा की गई। साथ ही लाभान्वितों द्वारा बताया गया की मोदी जी की सरकार पुन: बने। मौके पर भाजपा नेता धनंजय तिवारी ने बताया की इस बार प्रचंड समर्थन के साथ नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाए एवं देश को विश्वगुरु के रुप में स्थापित करना है। मौके पर बाबु साहब तिवारी, कन्हैया, रामनाथ तिवारी, राजेश वर्मा, आयुष कुमार सहित अन्य मुहल्ले वासी उपस्थित थे।
सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौत, दूसरा घायल
देवघर/ संवाददाता। देवघर-सारवां मुख्य मार्ग पर कुंडा मोड़ के पास देर रात को हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई वहीं दूसरा घायल हो गया। मृतक का नाम वीरेंद्र कुमार यादव है जो बांका जिला के चांदन थाना क्षेत्र के बागरा गांव का रहने वाला है। उसके घायल साथी का नाम अनिल कुमार चौधरी है जिसका इलाज सदर अस्पताल में किया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही बैद्यनाथधाम ओपी प्रभारी विनोद कुमार सिंह सदर अस्पताल पहुंचे और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस को दिए बयान में मृतक के बड़े भाई विकास कुमार यादव ने कहा है कि वीरेंद्र रंगा मोड़ स्थित भाड़े के एक घर में रहकर कंपटीशन की तैयारी करता था। रविवार की रात 9:00 बजे के आसपास अपने दोस्त अनिल के बाइक से कुंडा कुछ कार्य से जा रहा था। अनिल बाइक चला रहा था वह पीछे बैठा हुआ था। अचानक कुंडा मोड़ के पास एक अज्ञात चार पहिया वाहन ने बाइक में धक्का मार दिया। घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए तो इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां इलाज के क्रम में देर रात को उसके भाई की मौत हो गई।
डेढ़ लाख के गहने की ठगी
देवघर /संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के कच्ची धर्मशाला के पास टोटो सवार एक 80 वर्षीय महिला से डेढ़ लाख के गहने की ठगी कर ली गई। इसे लेकर नगर थाना में बाभन बीघा निवासी सुमित्रा देवी ने नगर थाना आवेदन देकर शिकायत की है। कहा है कि वह गोपाल मंदिर से पूजा कर वापस अपने घर लौट रही थी। उसी दौरान कच्ची धर्मशाला के पास चार पांच की संख्या में लोगों ने टोटो को रोक दिया। सभी गहने को खोलवा लिया और धोखे में रखकर नकली चूड़ी को पल्लू में बांध दिया। ठगे गए गहनों में दो सोने की चूड़ी, एक चैन और दो अंगूठी शामिल है जिसकी कीमत लगभग डेढ़ लाख बताया है। आवेदन लेकर नगर पुलिस जांच में जुट गई है।