साहिबगंज। संवाददाता। मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत डिहारी मेन रोड पर शनिवार की देर रात सड़क दुर्घटना में दो युवक बुरी तरह से घायल हो गए। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश ने दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। मिली जानकारी के अनुसार एक बाइक पर नशे में धुत दो युवक तेज रफ्तार में बाइक चला रहे थे। इसी दौरान मिर्जाचौकी, डिहारी फाटक के समीप खड़ी हाइवा को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में युवक अजय मंडल व सुनील मंडल बुरी तरह से घायल हो गए। घायल युवक अजय मंडल ने बताया कि बाइक सुनील चला रहा था। मौके पर एसआई सतीश सोनी ने भी घायलों के इलाज में सहयोग किया। फिलहाल दोनों घायलों का इलाज सदर अस्पताल में डॉक्टर संजय कुमार की देखरेख में चल रहा है।
जमीन विवाद में दो पक्षों में मारपीट
साहिबगंज। संवाददाता। तालझारी थाना क्षेत्र अंतर्गत सकरीगली, बड़ी भगिया मारी में जमीन विवाद में दो पक्षों में जम कर मारपीट हो गयी। जिसमें एक पक्ष के किशनदेव मंडल, अर्जुन मंडल, विमल मंडल व सत्यम मंडल घायल हो गए। बाद में घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों ने बताया कि जमीन को लेकर दूसरे पक्ष के लोगों से विवाद चल रहा था। शनिवार की रात निर्मल मंडल, विजय मंडल, पवन मंडल, विकास मंडल, सोनू मंडल, सोपन मंडल, सूरज मंडल, चंदन मंडल, सियाराम मंडल ने हरबे, हथियार के साथ घर में घुस कर मारपीट की। चारों घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
मंडल कारा में विधिक जागरूकता शिविर सह जेल अदालत का आयोजन
साहिबगंज। संवाददाता। मंडल कारा में रविवार को जेल अदालत सह विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन हुआ। इसकी अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकार के प्रभारी सचिव सह अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी शेखर कुमार ने की। उन्होंने जेल के बंदियों की समस्या सुनी। साथ ही उन्हें विधिक जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि बंदियों को उनके केस व अधिकारों की पूरी जानकारी होनी चाहिए। किसी भी समस्या के समाधान के लिए प्राधिकार से सहयोग ले सकते हैं। इस दौरान कई बंदियों ने अपनी समस्याएं सुनाई। प्राधिकार के प्रभारी सचिव ने जेल प्रशासन को बंदियों की समस्या के निराकरण का निर्देश दिया। जेल अदालत में प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी सुमित कुमार वर्मा, डिप्टी एलएडीसी, सहायक एलएडीसी, कारापाल तथा जेल के बंदी उपस्थित थे।
जिप अध्यक्ष ने किया गुमानी नदी तट पर सीढ़ी घाट का शिलान्यास
बरहेट। संवाददाता। प्रखंड अंतर्गत गुमानी नदी के दक्षिण किनारे स्थित पुराना पानी टंकी के समीप रविवार को डीएमएफटी योजना अंतर्गत सीढ़ी घाट निर्माण कार्य का शिलान्यास जिला परिषद अध्यक्ष मोनिका किस्कू, झामुमो प्रखंड सह बीस सूत्री अध्यक्ष राजा राम मरांडी व झामुमो प्रखंड सचिव सह बीस सूत्री उपाध्यक्ष मुजीबुर रहमान ने विधिवत रूप से किया। जिला परिषद अध्यक्ष मोनिका किस्कू ने कहा कि सीढ़ी घाट से लोगों को नदी में स्नान करने व पानी लेने में सुविधा होगी। मौके पर झायुमो प्रखंड सचिव समदा सोरेन, अली अंसारी, ऐजाज, पंसस रेजाउल रहमान, आरिफ अंसारी, प्रो. हाशिम अख्तर, देवीलाल तुरी, श्याम हेंब्रम, भोला मरांडी, इस्लाम अंसारी, अमजद अंसारी, संवेदक सूरज भगत, विकास भगत सहित अन्य कार्यकर्ता व ग्रामीण मौजूद थे।
बांगलादेशी के नाम पर अल्पसंख्यकों के मान-सम्मान से न हो खिलवाड़ : मंजूर
-कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग का भारत जोड़ो अभियान सह अभिनंदन समारोह
-प्रदेश अध्यक्ष ने कहा 10-12 विस सीटों पर करेंगे दावा
साहिबगंज। संवाददाता। शहर स्थित जिला परिषद के उत्सव बैंक्वेट हॉल में रविवार को कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग का भारत जोड़ो अभियान सह अभिनंदन समारोह का आयोजन हुआ। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मंजूर अंसारी व विशिष्ठ अतिथि के तौर पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष बरकतुल्लाह खान ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों का स्वागत हुआ। समारोह की अध्यक्षता अल्पसंख्यक विभाग के जिला अध्यक्ष रफाजुल अहमद ने की। मंच संचालन जिला कांग्रेस महासचिव कलीमुद्दीन कर रहे थे। समारोह को संबोधित करते हुए अल्पसंख्यक मोर्चा जिला अध्यक्ष राफजुल अहमद ने कहा कि जिले में कांग्रेस अल्पसंख्यक मोर्चा मजबूत होकर उभरा है। आने वाले समय में मोर्चा और मजबूत होगा। मोर्चे का एक-एक कार्यकर्ता कांग्रेस को आगे ले जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ राजनीति के लिए बांगलादेशी मुद्दे को हवा देती है। अगर यहां बांग्लादेशी हैं तो कांग्रेस भी बांग्लादेशी को देश के बाहर निकालने के पक्ष में है। बांग्लादेशी के नाम पर किसी एक जाति या धर्म के लोगों को टारगेट करना गलत है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष बरकतुल्लाह खान ने कहा कि वर्तमान में देश पर राज करने वाली भाजपा सरकार के पास कोई मुद्दा नहीं है। भाजपा सिर्फ जात-पात के मुद्दे पर देश पर राज करना चाहती है। राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा कर कश्मीर से कन्याकुमारी तक नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोली। उनकी इस यात्रा को अपार जन समर्थन प्राप्त हुआ। राहुल की सफलता से घबराये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने षड्यंत्र के तहत राहुल गांधी की संसद की सदस्यता रद कर उन्हें संसद भवन में आने से रोक लिया। राहुल गांधी विचलित होने वाले नहीं, कर्नाटक के चुनाव में उन्होंने दिखा दिया। कहा कि आने वाले समय में जिस राज्य में चुनाव होगा वहां भी कांग्रेसी मोहब्बत की दुकान खोलेंगे। बरकतुल्लाह खान ने कहा कि राज्य सरकार की एक चिट्ठी आयी है। जिसमें मदरसों में बांग्लादेशी को शरण देने की बात कही गई है। ऐसा लांछन लगाना शर्म और दु:ख की बात है। अगर ऐसा है तो सरकार इसकी जांच कराए। लेकिन मदरसों को टारगेट कर बदनाम न करे। कहा कि अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष गलत ढंग से निर्गत की गई चिट्ठी के वापस लेने की आवाज उठाएं। उन्होंने राजमहल विस की सीट आनन-फानन में गठबंधन के तहत दिए जाने की मुखालफत की। कहा कि राजमहल से एमएलए का कैंडिडेट कांग्रेस पार्टी का हो। उन्होंने राजमहल सांसद विजय हांसदा पर कांग्रेसियों को इग्नोर किये जाने का आरोप भी लगाया। वहीं समारोह को संबोधित करते हुए कांग्रेस अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मंजूर अंसारी ने कहा कि पूरे राज्य का दौरा कर संगठन का हाल, लोगों के विचार, पार्टी व सरकार से उम्मीद की जानकारी ले रहे हैं। राज्य के अल्पसंख्यक बहुल 10-12 विधानसभा सीटों पर अल्पसंख्यक उम्मीदवार दिये जाने की कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा कि बांग्लादेशी के नाम पर अल्पसंख्यकों के मान-सम्मान व अस्मिता से खिलवाड़ न हो। साथ ही इसकी जांच की रिपोर्ट सरकार भी सार्वजनिक करे। उन्होंने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि गुजरात के लोग देश को व्यवसाय के दृष्टिकोण से देख रहे हैं। देश का समग्र विकास उनका मुद्दा नहीं बल्कि ये लोग देश का व्यवसायीकरण कर रहे हैं। भाजपा नेताओं के नफरती भाषण रिकॉर्ड करें तो एक डिक्शनरी बन जाएगी। लेकिन देश के बहुसंख्यक भी अब समझने लगे हैं। कहा कि मोदी के चुनावी मुद्दों का क्या हुआ। सबका साथ, सबका विकास, महंगाई, बेटी बचाओ सब सिर्फ चुनावी वादे ही रह गए। लेकिन अब कर्नाटक चुनाव से नफरत की दुकान बंद होने का संकेत मिल गया है। देश में अल्पसंख्यक व बहुसंख्यक के बीच आपसी तालमेल व सहयोग का इतिहास रहा है। जिसे कभी तोड़ा नहीं जा सकता। क्या वजह है कि नौ साल में देश में 67 प्रतिशत लघु व कुटीर उद्योग बंद हो गए। उन्होंने कहा कि राज्य में अल्पसंख्यक आयोग का गठन होगा। मंत्री आलमगीर आलम और सीएम हेमंत सोरेन इसके लिए गंभीर हैं। बहुत जल्द इसकी घोषणा की जाएगी। उन्होंने सच्चर कमेटी की रिपोर्ट का जिक्र करते हुए अल्पसंख्यकों को शिक्षा व रोजगार पर फोकस करने का संदेश दिया। कहा कि जिस तरह से एक-एक सदस्य संगठन मजबूत करने का काम करते हैं, उसी मुस्तैदी से हक लेने का काम करें। कहा कि जल्दी ही मोर्चा आबादी के हिसाब से हिस्सेदारी की मांग करेगी। अल्पसंख्यक के शिक्षा व रोजगार की आवाज उठाएंगे। समारोह को रमजान अली, सब्दुल अंसारी, सईद अंसारी, ताबिश इकबाल, तनवीर राजा, सरफराज, अशोक पासवान व अन्य ने भी संबोधित किया। मौके पर जिला उपाध्यक्ष बासुकीनाथ यादव, विजय वर्मा, अजमत हुसैन, हीरालाल साह, मंगल पासवान, अरशद आलम, रिजवान, अली कुरेशी, इकबाल, सादिक अंसारी, नौशाद अंसारी, परवेज आलम, शफीक अंसारी, रहीम शेख, असरारूल हक, अब्दुल्लाह, आफताब आलम, मुफीज अहमद, मौलाना इसराइल, हफीज, सईद अख्तर सहित अधिकाधिक कार्यकर्ता मौजूद थे।
हूल दिवस पर संप के 12 हजार सहायक अध्यापकों का भोगनाडीह में होगा जुटान
-बैठक कर लिया मशाल जुलूस निकालने व जनसभा का निर्णय
बरहेट। संवाददाता। 30 जून, हूल दिवस के अवसर पर वीर सिद्धू-कान्हू की धरती बरहेट के भोगनाडीह में संथालपरगना के 06 जिलों के 12 हजार सहायक अध्यापकों का जुटान होगा। रविवार को बरहेट उच्च विद्यालय परिसर में झारखंड राज्य प्रशिक्षित सहायक अध्यापक संघ की प्रमंडलीय स्तरीय बैठक में उक्त निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता संघ के प्रखंड अध्यक्ष शीष अंसारी ने की। जबकि संचालन जिला सचिव शमसुल अंसारी ने की। बैठक में मुख्य रूप से प्रदेश अध्यक्ष सिद्दीक शेेख, प्रदेश महासचिव विकास कुमार चौधरी, प्रधान सचिव सुमन कुमार एवं प्रदेश उपाध्यक्ष युधिष्ठिर मंडल उपस्थित थे। निर्णय लिया गया कि 30 जून को मांगों को लेकर सहायक अध्यापक मशाल जुलूस निकालेंगे। साथ ही जनसभा कर मुख्यमंत्री को चुनाव पूर्व एवं संविदा-संवाद में घोषित वेतनमान के वायदे की याद दिलाएंगे। उक्त कार्यक्रम वादा पूरा करो सरकार, सहायक अध्यापक आपके द्वार राज्य व्यापी कार्यक्रम के तहत होगा। बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष सिद्दीक शेेख ने कहा कि बरहेट का भोगनाडीह वीर सिद्धू-कान्हू की धरती है। जहां अधिकार मांगने पर न मिले, वहां अधिकार छीन कर लेना पड़ता है। महासचिव विकास कुमार चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने सरकार गठन के साथ कहा था कि उनकी सरकार पारा शिक्षकों की सरकार है। लेकिन उन्होंने सहायक अध्यापकों को मरने के लिए छोड़ दिया है। परिवार बदहाल है। सेवानिवृत्त होने पर खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। प्रधान सचिव सुमन कुमार ने कहा कि इपीएफ, सेवा अनुकंपा, कल्याण कोष का लाभ नहीं मिलने से सहायक अध्यापकों में आक्रोश है। सभी शांति पूर्वक प्रदर्शन करेंगे। मौके पर पाकुड़ जिला अध्यक्ष एजाजुल हक, जिला सचिव मानिक मंडल, कोषाध्यक्ष नसीम अहमद, सेताबुद्दीन, इब्राहिम, रफीक, दुमका जिला अध्यक्ष हरे कृष्ण सिंह, महासचिव मोतीलाल टुडू, जिला सचिव दुर्गाचरण पाल, प्रदेश उपाध्यक्ष सुधीर मंडल, सुनील पांडेय, राजू राम, रेहान अंसारी सहित अधिकाधिक सहायक अध्यापक मौजूद थे।
पुलिस ने दो अवैध लॉटरी विक्रेता को किया गिरफ्तार
साहिबगंज। संवाददाता। रांगा थाना प्रभारी अमन कुमार ने रविवार को क्षेत्र भ्रमण के दौरान दुर्गापुर गांव स्थित टेंपो स्टैंड के पास से अवैध लॉटरी बेचते हुए दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। बरहरवा पुलिस इंस्पेक्टर कुलदीप कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि अवैध लॉटरी विक्रेता बरहरवा थाना क्षेत्र के पुरुलियाडांगा निवासी अली हुसैन (38) व रांगा थाना क्षेत्र के दुर्गापुर गांव निवासी रियाज अंसारी (30) के पास से 228 पीस लॉटरी टिकट के अलावा 6,920 रुपये नकद बरामद किया गया। बरामद लॉटरी टिकट की अनुमानित कीमत 22,000 रुपये है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध रांगा थाना कांड संख्या 60/23 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मौके पर एसआई उमेश चन्द्र महतो, एएसआई सतीश तिर्की के अलावा पुलिस के जवान मौजूद थे।
महिला कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष का आगमन कल
साहिबगंज। संवाददाता। महिला कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गुंजन सिंह का साहिबगंज आगमन 20 जून को होने जा रहा है। महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष डॉ. अनिता देवी ने बताया कि कांग्रेस की महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष मंगलवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में 11 बजे से महिला मोर्चा के जिला कार्यकारणी की बैठक में भाग लेंगी।
ठनका गिरने से सात वर्षीय बालक की मौत
साहिबगंज। संवाददाता। बरहेट प्रखंड में रविवार को तेज आंधी और बादल की गरज के साथ बारिश के दौरान पदुमडीह गांव में मनोज हांसदा के पुत्र अरविंद हांसदा (07) की ठनका गिरने से मौत हो गई। इसके पूर्व परिजन अरविंद हांसदा को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए। जहां चिकित्सक ने बालक को मृत घोषित कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार बालक घर के बरामदा में बैठा था। तभी ठनका की चपेट में आकर उसकी मौत हो गई।
पति सहित ससुराल पक्ष के पांच लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी
राजमहल। संवाददाता। थाना अंतर्गत हाजी बगोदर टोला की कौसारा खातून ने पति सहित ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस को बताया है कि शादी के 02 महीने ससुराल में सब कुछ ठीक था। परंतु इसके बाद उस पर पिता से 05 लाख रुपये मांग कर लाने का दबाव दिया जाने लगा। उसे घर से भगा दिया गया था। बीते 21 मई को जीतानगर निवासी शमीम अख्तर अंजुरा बीवी, अब्दुल शेख, शहीद हसन, उम्मे हबीबा उसके घर पर आए और गाली-गलौज की। मामले में थाना कांड संख्या 165/23 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस छानबीन कर रही है।
दहेज के लिए विवाहिता से मारपीट
राजमहल। संवाददाता। थाना क्षेत्र के नवाब ड्योढ़ी निवासी अफसाना खातून ने दहेज के लिए ससुराल वालों पर मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है। पिता के घर रह रही विवाहिता ने पुलिस को बताया है कि साहिबगंज अंतर्गत जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र के मदनशाही निवासी अब्दुल बारिक, अब्दुल खालिक, रमीला बीबी, मुन्ना अंसारी सभी लोग मिल कर उसे पति से पिटवाते थे। पिता से 03 लाख रुपये मांग कर लाने के लिए कहते थे। मामले को लेकर पीड़िता अफसाना खातून के बयान पर राजमहल थाना कांड संख्या 166/23 के तहत सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
कीट नाशक के सेवन से युवक मूर्छित
राजमहल। संवाददाता। अनुमंडल अंतर्गत तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के पड़रिया पंचायत अंतर्गत भोटो टोला निवासी राजकुमार कर्मकार (22) ने रविवार को अनजाने में घर में रखे चूहा मारने की दवा खा ली। जिससे युवक मूर्छित हो गया। आनन-फानन में परिजनों की मदद से उसे इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने युवक का इलाज किया। खबर लिखे जाने तक उसकी स्थिति स्थिर बनी हुई थी।
प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन ने की बैठक
राजमहल। संवाददाता। हाईकोर्ट के स्टे-आर्डर का उल्लंघन करने के जिम्मेदार शिक्षा सचिव हैं। जिला शिक्षा अधीक्षक के खिलाफ अवमानना याचिका का केस दायर करेंगे। उपर्युक्त आरोप झारखंड प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन की इंडियन पब्लिक स्कूल में रविवार को हुई बैठक में प्रदेश महासचिव रामरंजन सिंह ने लगाया। बैठक की अध्यक्षता मनोज कुमार झा ने की। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा हुई। जिला सचिव सत्यजीत कृष्ण ने कहा कि जब तक उच्च न्यायालय का फैसला नहीं आ जाता है। कोई भी गैर मान्यता प्राप्त निजी विद्यालय मान्यता के लिए आवेदन जमा नहीं करेंगे। मौके पर प्रदेश संरक्षक प्रो. कमल कुमार महावर, संगठन सचिव विवेकानन्द गुप्ता, सह सचिव बीरेन्द्र सिंह, गौतम कुमार, सामुएल अराफात, कालीदास पाठक, शाहिद अनवर, उत्तम कुमार चन्द, दुलाल चन्द्र पंडित, संजीव कुमार, दिपन्निता दत्ता, छोटेलाल साह, राजमहल से मुकेश कुमार गुप्ता, रीना राय, एकरामुल खान, संतोष मंडल व अन्य मौजूद थे।
सिद्धू-कान्हू के वंशज ने सीएम को लिखा पत्र
साहिबगंज। संवाददाता। सिद्धू-कान्हू के छठे वंशज मंडल मुर्मू व अन्य ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को 13 सूत्री मांग पत्र लिखा है। जिसमें सिद्धू-कान्हु, चांद-भैरव, फूलो-झानो की प्रतिमा में एकरूपता लाने, वंशज परिवार को शहीद पेंशन देने, स्वास्थ्य कार्ड उपलब्ध कराने, बच्चों को अच्छे स्कूल में शिक्षा दिलाने, शैक्षणिक योग्यता के अनुसार सीधी सरकारी नौकरी देने, सिंचाई के लिए डीप बोरिंग उपलब्ध कराने, सिद्धू-कान्हू मुर्मू पार्क को आदिवासी संस्कृति के आधार पर विकसित करने, संग्रहालय निर्माण करने, पार्क में हाईमास्ट लाइट व साउंड सिस्टम लगाने, वंशजों को रॉयल्टी देने, रोजगार देने व एसपीटी एक्ट को सख्ती से लागू करने की मांग शामिल हैं।
पहाड़िया फुटबॉल प्रतियोगिता का चैंपियन बना मिलान फुटबॉल क्लब
-ट्राईब्रेकर में सनमुनि तालझारी को 4-2 से हराया
साहिबगंज। संवाददाता। पहाड़िया युवा संगठन एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में सिद्धू-कान्हू स्टेडियम में हुए तीन दिवसीय आदिम जनजाति पहाड़िया फुटबॉल प्रतियोगिता का रविवार को समापन हुआ। फाइनल मैच पतना की मिलान फुटबॉल क्लब बनाम तालझारी की सनमुनि क्लब के बीच खेला गया। जिसमें पतना की मिलान फुटबॉल क्लब ने ट्राइब्रेकर में सनमुनि तालझारी को 4-2 गोल से हरा कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। मुख्य अतिथि डीडीसी प्रभात कुमार बरदियार, जिला खेल पदाधिकारी अमित कुमार, जिला खेलकूद संघ सचिव चंदेश्वर प्रसाद सिन्हा, कोच योगेश प्रसाद यादव ने संयुक्त रूप से विजेता व उपविजेता टीम एवं खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। मौके पर सामाजिक कार्यकर्ता सिमोन मालतो, शिवचरण मालतो, महेश मालतो, बंेजामिन मालतो, सूरजा पहाड़िया, अनिल मालतो, चंदन पहाड़िया, हीरा पहाड़िया, मैच रेफरी कमरूल होदा, शेखर वर्मा, विनोद साह व मनोज कुमार, पहाड़िया युवा संगठन के सदस्य व अन्य मौजूद थे।
जहाज डुबाने का प्रयास मामले में जांच शुरू
साहिबगंज। संवाददाता। पानी जहाज में सुराख कर डुबाने का प्रयास मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। रविवार को मुफस्सिल थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश, एसआई प्रणीत पटेल व जिरवाबाड़ी एसआई सतीश सोनी ने जहाज पर पहुंच मामले की जांच-पड़ताल की। ज्ञात हो कि जहाज कर्मी रवि उर्फ टुन्नी यादव के आवेदन पर पुलिस ने कांड संख्या 59/23 दर्ज किया है। जिसमें दाहू यादव, सुनील यादव, मुनीम यादव, राहुल यादव, जुलाई यादव, राजीव यादव, छवि नाथ यादव, संजय प्रसाद यादव, रामदरश यादव, भीम यादव, आकाश यादव सहित चार अज्ञात को आरोपी बनाया है। मुफस्सिल थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।