महेशपुर/संवाददाता। थाना क्षेत्र के सिमलदही गांव के पास बीते मंगलवार देर शाम बाइक के अनियंत्रित हो जाने से सड़क पर गिर कर रघुनाथपुर गांव निवासी लाल मोहम्मद अंसारी (44) की मौत घटना स्थल पर ही हो गई। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार रघुनाथपुर निवासी लाल मोहम्मद अंसारी बाइक से कैराछत्तर गांव से घर रघुनाथपुर आ रहा था। इसी दौरान सिमलदही गांव के पास उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और वह सड़क पर गिर गया। जिससे सिर पर गंभीर चोट लगने से उसकी मौत घटना स्थल पर ही हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने जब उसे देखा तो उसकी पहचान कर ली तथा फोन के जरिए उसके परिवार वालों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन शव को उठा कर घर ले आए। वहीं घटना की सूचना पुलिस को मिलते ही प्रभारी थाना प्रभारी पुनीत कुमार गौतम सशस्त्र बल के साथ रात में ही रघुनाथपुर गांव पहुंचे और परिजनों से जानकारी ली। बुधवार सुबह पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पाकुड़ भेज दिया। इस संबंध में प्रभारी थाना प्रभारी गौतम ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों के द्वारा लिखित आवेदन दिए जाने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
किशोरी के साथ दुष्कर्म, पीड़िता की मां ने दर्ज करायी प्राथमिकी
महेशपुर/संवाददाता। थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव में बीते 16 अक्टूबर की रात्रि एक किशोरी के साथ दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है। घटना को लेकर पीड़िता की मां ने किशोरी के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में पॉक्सो एक्ट के तहत थाना में मामला दर्ज करायी है। पीड़िता की मां ने आवेदन में उल्लेख की है कि बीते 16 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे जब वह सौ कर उठी तो देखा कि उसकी बेटी बिछावन पर नहीं है। उन्होंने बड़ी लड़की को उठाया और दोनों मिल कर छोटी लड़की को खोजने लगे। खोजते-खोजते घर के बगल पोखर के किनारे गए तो देखा कि उसकी लड़की वहां बेहोश पड़ी है। वह लोग किसी तरह उसे उठा कर घर लाए। घर लाने के बाद भी वह होश में नहीं आई। किसी तरह रात बीत गई। सुबह करीब आठ बजे जब लड़की होश में आई तो रोने लगी तथा बतायी कि रात करीब 10 बजे हुमायूं शेख जो रिश्ते में उसकी बड़ी बहन का देवर है। वह रात में उसके घर में ही था। उसने उसे उठाया तथा एक जूस का डब्बा दिया और बोला कि वह बहुत अच्छा है। उसके आग्रह करने पर लड़की ने जूस पी ली। जूस पीते ही उसकी लड़की को नशा आने लगा। बाद में हुमायूं शेख उस लड़की को उठा कर पोखर के पास ले गया। क्योंकि वह नशे में थी इसलिए विरोध नहीं कर पाई। घटना के बाद वादिनी और उसके परिवार वाले घबराये हुए थे। कुछ समझ में नहीं आ रहा था। इस कारण थाना में आवेदन देने में विलंब हुआ। मामला दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।