जामताड़ा/संवाददाता। भारतीय जनता युवा मोर्चा, जिला इकाई ने युगपुरुष स्वामी विवेकानंद की जयंती को युवा दिवस के रुप में मनाते हुए युवा सम्मेलन आयोजित किया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा के वरिष्ठ नेता वीरेंद्र मंडल उपस्थित हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष अनूप पांडे ने की। कार्यक्रम में भाजपा परिवार के कई पदाधिकारियों व वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में सभी वक्ताओं ने स्वामी जी के जीवन पर अपना दृष्टांत दिये और स्वामी जी के जीवन से प्रेरणा लेने की बात कही। वरिष्ठ भाजपा नेता वीरेंद्र ने अपने वक्तव्य में कहा कि स्वामी जी ने अपने गुरु महात्मा रामकृष्ण परमहंस के सान्निध्य में रहकर अल्पायु में ही सन्यास ग्रहण किया। स्वामी जी द्वारा अमेरिका के शिकागो में दिया गया भाषण आज तक लोग याद करते हैं और उससे प्रेरणा लेकर अपना जीवन धन्य करते हैं। स्वामी जी के विचार भारत की वर्तमान व आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणा स्रोत रहेंगे। कहा कि स्वामी जी ने छुआ-छूत, ऊंच-नीच, अमीर-गरीब के बीच भेदभाव मिटाने का आह्वान किया।
श्री मंडल ने बताया कि भारतीय जनता युवा मोर्चा, जामताड़ा ने स्वामी जी की जयंती के अवसर पर इस तरह का कार्यक्रम आयोजित कर एक अच्छा प्रयास किया है। हम सभी को विवेकानंद जी के द्वारा बताए रास्तों पर चलने का संकल्प लेना चाहिए। हालांकि युवा अवस्था में ही स्वामी जी का निधन हो गया था, परंतु कम समय में ही हम भारतीयों के लिए जो कर गए, वह स्वर्णाक्षरों में लिखा गया। स्वामी जी ने हिंदुत्व का सही मायने में प्रचार-प्रसार पूरी दुनिया में किया और इसे आगे भी जारी रखने के लिए रामकृष्ण मिशन जैसे महत्वपूर्ण संस्थान की स्थापना की जो आज भी कार्यरत है।
कार्यक्रम को भाजपा के जिलाध्यक्ष सोमनाथ सिंह ने संबोधित करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद का जीवन और उनके द्वारा किए गए कार्य भारत में ही में नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में लोगों को राह दिखाते रहेंगे। उनके योगदान को देश कभी नहीं भूल सकता। वहीं अनु पांडेय ने युवाओं से स्वामी जी के बताए हुए रास्ते पर चलने का संकल्प लेने के लिए कहा। युवा महोत्सव मे मिहिजाम नगर परिषद के अध्यक्ष कमल गुप्ता, जामताड़ा नगर पंचायत उपाध्यक्ष चंडी चरण दे, जिला भाजपा उपाध्यक्ष सुकुमार सरखेल, जिला महामंत्री सुमित शरण, प्रभास हेंब्रम, मिहिजाम नगर भाजपा अध्यक्ष मुकेश यादव, जामताड़ा नगर अध्यक्ष पिंटू गुप्ता, मोहन शर्मा, सुभाष प्रसाद, रंजीत राणा, राजेंद्र मंडल, किशोर झा, वरुण चंद्र दे, राजेश मंडल, संजय, कार्तिक भंडारी के अलावा सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।