विद्यालय में किया जा रहा है भारत को जानो प्रतियोगिता आयोजन
देवघर/वरीय संवाददाता। भारत विकास परिषद बैद्यनाथधाम शाखा के तत्वावधान में अमृत महोत्सव के अवसर पर विगत वर्षो की भांति गुलामी काल में विलुप्त हुई भारतीय संस्कृति को पुन: स्थापित हेतु विद्यालयों में “भारत को जानो ” प्रतियोगिता 19 अक्टूबर से शुरू हो गया है। जिसका समापन 23 अक्टूबर को होगा।
बता दें कि भारत विकास परिषद राष्ट्रहित में समर्पित, सम्पन्न, प्रभावी एवं प्रबुद्धजनों का राष्ट्रव्यापी गैर राजनीतिक विशिष्ट सामाजिक संगठन है। “भारत को जानो” प्रतियोगिता विद्यालय स्तर से जिला स्तर से राज्य स्तर से क्षेत्रीय स्तर से राष्ट्रीय स्तर तक कनिष्ठ वर्ग-6, 7, 8 वर्ग एवं वरिष्ठ वर्ग-9, 10,11,12 वर्ग प्रत्येक वर्ष आयोजित की जाती है। जिसमें कनिष्ठ वर्ग से दो छात्र एवं वरिष्ठ वर्ग से दो छात्र चयनित किए जाते हैं। इसी संदर्भ में बुधवार को दीनबंधु स्कूल के परिसर में लगभग 300 छात्र, छात्राओं के बीच उक्त कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत वंदे मातरम् से एंव समापन राष्ट्रगान से हुआ। उक्त अवसर पर अध्यक्ष संतोष शर्मा ने योद्धा सन्यासी स्वामी विवेकानंद की जीवनी पर विस्तार से प्रकाश डाला वही दिनेश कुमार सेवानिवृत्त लोक अभियोजक ने बिषय प्रवेश प्रस्तुत किया। कार्यक्रम को सफल आयोजन में सचिव मनोज कुमार मिश्र, रोहित कुमार, प्राचार्य काजल कान्ति सिकदार, वरिष्ठ सदस्य प्रशांत कुमार सिन्हा, विजय पांडेय, प्रदेश संगठन मंत्री, प्रो अरविंद कुमार झा की भूमिका सराहनीय रही।
मल्लिकार्जुन खड़गे बने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष
- कांग्रेसियों ने मनाया जश्न
देवघर/वरीय संवाददाता। अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव परिणाम घोषित होते ही देवघर जिला कांग्रेस कमिटी में जश्न का माहौल बन गया। चुनाव में 90 प्रतिशत से भी अधिक वोट लाकर मल्लिकार्जुन खड़गे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए। जिला कार्यालय में देवघर जिला कांग्रेस के नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थकगण जुटने लगे एवं जीत की बधाइयां दे रहे थे। इस दौरान मिठाईयां भी बांटी गयी। जिला अध्यक्ष मुन्नम संजय ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सोनिया गांधी जी का अध्यक्षीय कार्यकाल स्वर्णिम काल रहा। इस कार्यकाल में केन्द्र में दो बार और अधिकतर राज्यों में सरकारें बनी। पार्टी में उनका योगदान अविस्मरणीय रहा। इनके समयावधि में कांग्रेस का संगठनात्मक चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया से सम्पन्न हुआ। जिसमें आज पार्टी को एक नया, कुशल, अनुभवी और महान नेता के रूप में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे मिले। यह लोकतंत्र की जीत लोकतांत्रिक प्रक्रिया से हुई है। जो सिर्फ कांग्रेस पार्टी में ही देखने को मिलेगा। परिवार वाद का आरोप लगाने वाले को करारा जवाब मिला। श्री खड़गे के व्यापक अनुभव से पार्टी को लाभ मिलेगा और पार्टी संगठन को काफी मजबूती मिलेगी। बधाई संदेश देने वाले में प्रमुख रूप से पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र दास, ओम प्रकाश सिंह, जीवन प्रकाश, वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रो. उदय प्रकाश, जियाउल हसन, अजय कुमार, मीडिया प्रभारी दिनेश कुमार मंडल,अशोक सिंह, अवधेश प्रजापति, आदित्य सरोलिया, प्रमिला देवी, गणेश दास, मणिकांत यादव,नागेश्वर सिंह, सुधीर देव, उपेंद्र राय, रवि केसरी, पंजाबी राउत, नटराज प्रदीप, सुभाष मंडल, भावेश भूषण, संजय मिश्रा, अजीत सिंह, नरेश यादव, त्रिपुरारी सिंह, अफरोज अंसारी, नजाबुल अंसारी, नैयाज अहमद, गुलाब यादव, हेमंत चौधरी, मकसूद आलम, जयशंकर शरण, संजीव चौधरी, आफताब आलम, राजा साहिल, रवि वर्मा, नसीम हुसैन, अश्विनी कुमार प्रियांशु, शैफ दानिश, महादेव पंडित, जवाहरलाल मिर्धा, निरंजन राणा, शैलेश मालवीय, बासुकी पंडित, सयूब अंसारी आदि उपस्थित थे।
डेंगू मरीजों से मिले आजसू जिला अध्यक्ष
देवघर/वरीय संवाददाता। बुधवार को आजसू पार्टी के देवघर जिला अध्यक्ष आदर्श लक्ष्य डेंगू के संदिग्ध मरीजों से भेंट कर उनका हालचाल जाना। बता दें कि सदर अस्पताल के डेंगू वार्ड में चार मरीज भर्ती है। जिला अध्यक्ष के साथ जिला सचिव चंदन राय, जिला सचिव अविनाश कुमार एवं जिला सोशल मीडिया प्रभारी रवि कुमार भी मौजूद थे। जिला अध्यक्ष ने कहा कि जिले में अब तक डेंगू के 4 मरीजों की पुष्टि हो चुकी है। इसे लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट भी हो चुका है, लेकिन विभाग के पास जिले में डेंगू मरीजों की जांच से लेकर इलाज की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। इस कारण डेंगू मरीजों का सैंपल जांच के लिए रांची भेजना पड़ता है और रांची से रिपोर्ट आने में काफी समय लगता है, जिसके बाद तब जाकर सही इलाज शुरू किया जाता है, जो कि स्वास्थ्य विभाग के कमियों को दर्शाता है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर खड़गे को बधाई
देवघर/वरीय संवाददाता। झारखंड प्रदेश कांग्रेस सेवादल के प्रदेश उपाध्यक्ष अजय कुमार ने राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर श्री मलिकार्जुन खड़गे को बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में संगठन को एक नई दिशा एवं मजबूती मिलेगी तथा संगठन ऊंचाई के एक नए आयाम को प्राप्त करेगा।
इलाजरत अज्ञात वृद्धा की मौत
देवघर/संवाददाता। सदर अस्पताल में इलाजरत अज्ञात 65 वर्षीय महिला की मौत बुधवार की सुबह हो गई। बताया जाता है कि उसे 9 अक्टूबर को इलाज के लिये सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के क्रम में बुधवार की अहले सुबह उसकी मौत हो गई। अस्पताल प्रबंधन के द्वारा इसकी जानकारी पुलिस को दे दी गई है। वहीं पुलिस मृत वृद्ध महिला की पहचान करने में जुट गई है।
बिजली चोरी के आरोप में 10 लोंगों पर मामला दर्ज
देवघर/संवाददाता। नगर थाना में 10 लोंगों पर बिजिली चोरी के आरोप में दो अलग-अलग मामला दर्ज कराया गया है। यह मामला विभाग के कनीय अभियंता राजकमल और प्रभातेश्वर तिवारी ने दर्ज कराया है। जिसमे, मिथिलेश कुमार विकास प्रट्िंस, धीरज वर्णवाल एसबीआई ट्रेंनिग सेंटर के पास बालाजी प्रट्िंस, भोला पासवान, निरंजन कुमार सिंह, सचिदा सिंह, निरज प्रसाद सिंह बाभनबीघा, रंजन ईश्वर, अमित कुमार, काली शर्मा, भरत केशरी को आरोपी बनाया है।
संकल्प शाखा ने वृद्धाश्रम में मनाया दीपावली उत्सव
देवघर/वरीय संवाददाता। संकल्प शाखा देवघर की ओर से दीपावाली आनंद सबके लिए के तहत एक प्रोग्राम किया गया ताकि इस बार दीपावाली को यादगार बनाया जा सके। इसी के तहत बुधवार को वृद्धा आश्रम चांदडीह में मिठाइ, मोमबती, कॉफी मग, आटा, चावल, दाल, चीनी, आलू सरसों तेल, रिफाइन, माचिस, पटाखे, नए कपड़े, कुछ दवाई समेत कई सामग्रियों का वितरण किया गया। अध्यक्ष आरती शर्मा, राजश्री लच्छीरामका, बरखा बथवाल, ज्योति केजरीवाल, स्वाति मूंगड़ा, रश्मि डालमिया, रितु सिंघानिया, सारिका केजरीवाल, सलोनी, ऋषिका ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस कार्यक्रम की संयोजिका कविता पचेरीवाला,विनीता गुटगुटिया और पूजा सिंघानिया थी।
बिहार हिंदी साहित्य सम्मेलन का 104वां स्थापना दिवस
देवघर/वरीय संवाददाता। बिहार हिंदी साहित्य सम्मेलन के पूर्व प्रवक्ता अजय कुमार ने बिहार हिंदी साहित्य सम्मेलन के 104वें स्थापना दिवस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि अपने स्थापना काल से लेकर आज तक हिंदी को समृद्धि के शिखर पर पहुंचाने में बिहार हिंदी साहित्य सम्मेलन ने अतुलनीय योगदान दिया है। एक से एक लब्ध प्रतिष्ठित एवं शलाका कवियों, लेखकों एवं समालोचकों के उद्गम स्थल का गवाह है बिहार हिंदी साहित्य सम्मेलन। हिंदी को सुदृढ़ता प्रदान करने जैसे जिस उद्देश्य से राज्य में बिहार हिंदी साहित्य सम्मेलन की स्थापना की गई थी इस उद्देश्य को प्राप्त करने हेतु सम्मेलन द्वारा आज तक जो भी कदम उठाया गया है वह सराहनीय एवं प्रशंसनीय है।