देवघर/वरीय संवाददाता। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा झारखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व सदस्य एआईसीसी मणिशंकर को भारत जोड़ो यात्रा के तहत एर्नाकुलम जिला केरल के कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु बतौर पर्यवेक्षक भेजा गया था साथ ही अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने मणिशंकर को गोवा राज्य का कोऑर्डिनेटर भी नियुक्त किया है। जिसके तहत भारत जोड़ो यात्रा के मीडिया एवं प्रचार का कार्य को सफलता पूर्वक क्रियान्वित करने की जिम्मेदारी दी गई है। केरल से लौटने के पश्चात मणिशंकर ने देवघर में बताया कि भारत जोड़ो यात्रा 19 से 21 सितंबर तक अर्नाकुलम जिले के कुंबलंब से प्रारंभ हुआ जहां राहुल गांधी समुद्र विज्ञान एवं मत्स्य विश्वविद्यालय के छात्रों एवं अध्यापकों को संबोधित किए इसके उपरांत एडापल्ली तथा नजलकम में जिला कांग्रेस कमेटी ने पदयात्रियों का स्वागत किया तथा 21 सितंबर को सेमिनारीपड़ी में 50,000 लोगों की रैली को राहुल गांधी ने संबोधित किया। भारत जोड़ो यात्रा के दौरान महिलाओं तथा युवाओं में काफी उत्साह देखा गया जो सुरक्षा घेरा तोड़कर राहुल गांधी से मिलने आ रहे थे। मणिशंकर ने बताया कि भारत जोड़ो यात्रा 150 दिनों में 3517 किलोमीटर तय करेगी। भारत जोड़ो यात्रा एक अक्टूबर को कर्नाटक राज्य प्रवेश करेगी। मणिशंकर ने बताया कि आगामी 10 अक्टूबर से वह बतौर कोर्डिनेटर गोवा राज्य का दौरा करेंगे। यह यात्रा एक ऐतिहासिक आंदोलन का रूप ले चुका है।
जदयू की बैठक में सदस्यता अभियान पर बल
देवघर/वरीय संवाददाता। रविवार को जिला जनता दलयू की बैठक स्थानीय सिचाई अतिथिशाला में कार्तिक कर्महे की अध्यक्षता में की गयी।
बैठक में सर्वप्रथम जदयू महासचिव जफर कमाल के असामयिक निधन पर दुख प्रकट करते हुए 2 मिनट का मौन धारण किया गया। बैठक में मुख्य रूप से संगठन विस्तार पर चर्चा करते हुए सदस्यता अभियान को तेज करने की रणनीति बनाई गई। जिलाध्यक्ष कार्तिक कर्म्हे ने कहा की दुर्गा पूजा जैसे बड़े पर्व के समय में भी देवघर नगर निगम के कर्मी हड़ताल पर हैं जिससे देवघर में साफ-सफाई की व्यवस्था चरमरा गई है। पार्टी ने उपायुक्त से अविलंब इस मामले में हस्तक्षेप की मांग की है। बैठक में रांची में जदयू राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन की अगुवाई में 16 अक्टूबर को प्रस्तावित कार्यक्रम में अधिक से अधिक सदस्यों को शामिल होने का निर्देश दिया गया। इस अवसर पर मुख्य रूप से पुतुल देवी महिला जिला अध्यक्ष, जन्मेजय पांडे जिला उपाध्यक्ष देवघर, बैजनाथ रजक जदयू दलित प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष, तुलसी पोद्दार जिला सचिव, प्रमोद गांधी पूर्व जिला अध्यक्ष, अनिल यादव प्रखंड महासचिव, मोनिका तिर्की प्रखंड अध्यक्ष मोहनपुर तथा मिथिलेश मिश्रा प्रखंड अध्यक्ष मोहनपुर के साथ ही संतोष कुमार झा प्रवक्ता उपस्थित थे।
हड़ताली निगम कर्मियों की मांगें हो पूरी : अजय
देवघर/वरीय संवाददाता। झारखंड प्रदेश कांग्रेस सेवादल के प्रदेश उपाध्यक्ष अजय कुमार ने राज्य सरकार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर गए हड़ताली निगम कर्मियों की मांगों को मानने की मांग की है।
श्री कुमार ने कहा कि निगम कर्मियों की हड़ताल के चलते सफाई व्यवस्था बिल्कुल ही चरमरा गई है। हर तरफ कचरे का अंबार लग गया है। आम जनता कचरे की गंदगी से उत्पन्न बदबू के बीच जीने को विवश है! ऐसी स्थिति में आम जनता की परेशानियों को मद्देनजर रखते हुए राज्य सरकार निगम कर्मियों की मांगों को मानने की दिशा में यथाशीघ्र सार्थक पहल करे।