पहाडपुर पावर ग्रिड के ट्रांसफार्मर में आई तकनीकी खराबी से उत्पन्न हुई स्थिति
- रविवार शाम 7 से सोमवार सुबह 10 बजे तक विद्युत आपूर्ति रही बाधित
मधुपुर/संवाददाता। मधुपुर प्रखंड अंतर्गत पहाड़पुर स्थित पावर ग्रिड ट्रांसफार्मर में रविवार शाम अचानक तकनीकी खराबी के कारण मधुपुर क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। इस कारण पूरा मधुपुर शहर 15 घंटे ब्लैकआउट में तब्दील हो गया। जानकारी के अनुसार रविवार शाम 7:00 बजे से सोमवार सुबह 10:00 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रही।
विघुत आपूर्ति बाधित होने के कारण रात भर पुरा इलाका अंधेरे में डूबा रहा। लोगों को उमस भरी गर्मी के कारण कठिनाइयों का सामना करना पड़ा । काफी लंबे समय तक विद्युत आपूर्ति बाधित होने से कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बंद हो गए। चार्ज नही होने से ई-रिक्शा का परिचालन सुबह होते होते बंद हो गया। लोगो ंंका मोबाइल काम करना बंद हो गया। कई घरों में पानी की भारी किल्लत देखी गई।
विभागीय सूत्रों से मिली जानकारी के आनुसार क्षेत्र के पहाड़पुर स्थित पावरग्रिड ट्रांसफार्मर में अचानक तकनीकी खराबी हो जाने के कारण विद्युत आपूर्ति मधुपुर 132000 एवं 33000 वोल्ट नहीं मिल पाने के कारण मधुपुर क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। तकनीकी खराबी को दूर करने के लिए झारखंड ऊर्जा संचार निगम लिमिटेड के अधिकारी एवं कर्मियों ने बीती रात से ही कार्य शुरु कर दिया था। काफी मशक्कत के बाद सोमवार सुबह करीब 10 बजे विद्युत आपूर्ति बहाल हुई। विद्युत बहाल होते ही लोगों ने राहत की सांस ली। मौके पर पहुंचे झारखंड ऊर्जा संचारण निगम लिमिटेड के विद्युत कार्यपालक अभियंता सी मरांडी एवं विद्युत कार्यपालक अभियंता सरताज कुरैशी ने बताया कि तकनीकी खराबी दुरुस्त कर विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई है। उन्होंने लोगों को भी परेशानी के लिए खेद प्रकट किया।