डायन बता वृद्ध महिला की कर दी थी हत्या
उधवा। संवाददाता। डायन बता कर वृद्ध महिला का सिर काट हाथ में लेकर थाना पहुंचने वाला दो साल बाद दबोच लिया गया है। उस समय वीभत्स दृश्य देख कर थाना में हड़कंप मच जाने के चलते उसे गिरफ्तार नहीं किया जा सका था। दरअसल राधा नगर थाना पुलिस को आरोपी के घर में होने की गुप्त सूचना मिली थी। जिसके बाद मोहनपुर पंचायत अंतर्गत मेहंदीपुर गांव में मंगलवार की रात्रि पुलिस ने छापेमारी कर हत्यारोपी लखन टुडू को गिरफ्तार कर बुधवार को उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार थाना कांड संख्या 165/20 के नामजद आरोपी मेहंदीपुर निवासी लखन टुडू लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से फरार चल रहा था। छापामारी में राधानगर थाना प्रभारी कुंदनकांत विमल, पुलिस अवर निरीक्षक रविन्द्र कुमार दल-बल के साथ थे। गौरतलब है कि विगत 7 जुलाई, 2020 को मोहनपुर पंचायत के मेहंदीपुर गांव में लखन टुडू ने डायन के संदेह में वृद्ध महिला मकलू चौड़े(55)की हत्या कर दी थी फिर उसका सिर लेकर राधानगर थाना पहुंच गया था। सकल टुडू को पुत्र सादीन टुडू की मृत्यु के पीछे अपने ही सगी भाभी मकलू चौड़े पर संदेह था। इस मामले में मृतक के पुत्र राम टुडू के फर्द बयान पर सकल टुडू को मुख्य आरोपी बनाते हुए सकल टुडू के पुत्र सामु टुडू व बेटी बाले टुडू सहित कुल आठ लोगों को हत्याकांड में नामजद आरोपी बनाया था।