- महिलाओं के बीच साड़ी वितरण कर किया गया पौधरोपण
मां ने बताया था कि गरीबों और जरूरतमंदों के रूप में ईश्वर को देखना चाहिए : डॉ. राजीव
देवघर/नगर संवाददाता। आप के प्रदेश उपाध्यक्ष सह शहर के प्रसिद्ध दंत चिकित्सक डॉ राजीव रंजन ने अपनी मां माधुरी देवी की दसवीं पुण्यतिथि पर सपरिवार वृद्धाश्रम जाकर वहां रह रहे लोगों को श्रद्धा भाव से भोजन कराया। मौके पर डॉ. रंजन ने कहा कि मेरी मां ने हमेशा गरीबों की सेवा की। उनके संस्कारों से ही हमें यह प्रेरणा मिली कि हम भी गरीबों की मदद करें। मां ने यह सीख दी थी कि समाज के वंचितों के लिए समय-समय पर निश्चित रूप से कुछ ना कुछ करते रहना चाहिए। मां ने यह बताया था कि गरीबों और जरूरतमंदों के रूप में ईश्वर को देखना चाहिए। मां की इसी सीख को आत्मसात करते हुए उनकी पुण्यतिथि पर हम लोगों ने सपरिवार वृद्धाश्रम जाकर बड़े ही श्रद्धाभाव से वहां के लोगों को भोजन कराया। साथ ही अनाथ आश्रम में रह रहे बच्चों को भी भोजन व पढ़ने लिखने की सामग्री उपलब्ध करवाया गया। साथ ही गरीब महिलाओं के बीच साड़ी का भी वितरण किया। डॉ रंजन ने बताया कि मां की पुण्यतिथि पर हमारे परिवार द्वारा वृक्षारोपण किया गया। यदि हम हर पर्व, जन्मदिन, पुण्यतिथि अथवा अन्य खुशी के पावन अवसरों पर पौधारोपण करने व पौधे उपहार स्वरूप देने की परंपरा शुरू करें तो नि:संदेह अल्प समय में ही धरा वृक्षों से हरी-भरी हो जायेगी और चहुंओर सुख, समृद्धि एवं शांति की अनहद बयार बहती नजर आयेगी। प्राकृतिक आपदाओं से मुक्ति तो मिलेगी ही, साथ ही अपार पुण्य एवं मानसिक शांति की भी प्राप्ति होगी। मौके पर पुत्री संगीता देवी, अभय रंजन, पुत्र राजेश रंजन, डॉ राजीव रंजन, पुत्रवधू विनता कुमारी, डा पूजा राय व बच्चे आशीष रंजन, अभिषेक रंजन, सौम्या पटेल, उज्जयंती पटेल, पुण्य श्लोक आर शामिल थीं।
कांग्रेसियों ने बुके देकर उपायुक्त का किया स्वागत
देवघर/वरीय संवाददाता। झारखंड प्रदेश कांग्रेस सेवादल के प्रदेश उपाध्यक्ष अजय कुमार, वरिष्ठ कांग्रेस नेता अनंत मिश्रा एवं मणिकांत यादव ने देवघर परिसदन में पुष्पगुच्छ देकर नव पदस्थापित उपायुक्त विशाल सागर का स्वागत किया एवं उनके स्वर्णिम काल की कामना की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बतौर अनुमंडल पदाधिकारी उनका कार्यकाल काफी सराहनीय रहा है और अब उपायुक्त के रूप में निश्चित रूप से उनका कार्यकाल एक नए आयाम को प्राप्त करेगा।
पुण्यतिथि पर ईश्वरचंद विद्यासागर को श्रद्धांजलि
देवघर/वरीय संवाददाता। बिहार हिंदी साहित्य सम्मेलन के पूर्व प्रवक्ता अजय कुमार ने पुण्यतिथि पर स्वर्गीय ईश्वरचंद विद्यासागर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि विद्यासागर ने पश्चिम के ज्ञान को अंग्रेजी के माध्यम से भारत लाने का काम किया। इनका मानना था कि बिना पश्चिम के ज्ञान के सही दिशा में प्रगति नहीं की जा सकती है। वे भारतीय संस्कृति को विकसित करना चाहते थे।
श्री कुमार ने कहा कि विद्यासागर ने नारी जगत आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वाह किया। वे नारी को लेकर व्याप्त संकीर्ण धाराओं से समाज को मुक्त कराना चाहते थे। विधवा विवाह कानून जो 1856 में बना उन्हीं के प्रयासों का फल है। उन्होंने शास्त्रों में यह ढूंढने का प्रयास किया कि प्राचीन काल में विधवा विवाह का प्रचलन था या नहीं। इस क्रम में उन्हें मात्र श्लोक मिले।
श्री कुमार ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में भी विद्यासागर ने काफी योगदान दिया। पाठ्यक्रमों में परिवर्तन किया तथा आधुनिक विषयों का प्रवेश कराया। उनका विरोध भी हुआ लेकिन वे अपनी डगर पर चलते रहे। बांग्ला गद्य के विकास में भी उन्होंने योगदान दिया। पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्होंने हिंदू पैट्रियोट पत्र के माध्यम से राष्ट्रीय चेतना फैलाई।
बंसल परिवार कर रहा शिवभक्तों की सेवा
देवघर/वरीय संवाददाता। बसंल परिवार जमुनिया बाजार पश्चिम बंगाल द्वारा विगत आठ साल से कांवरियों की सेवा पूरे परिवार के साथ भूत बंगला खिजुरिया में करते आ रहे हैं। जिसमें शरबत, शिकंजी, नींबू, पानी बिस्किट, टॉफी, पैठा, छोटे-छोटे बच्चों को खिलौना, चिप्स झुनझुना, आइसक्रीम साथ में थैला नि:शुल्क दिया जा रहा है। इसमें मुख्य रूप से रमन बंसल, शिव कुमार बंसल, सज्जन बंसल, संजय बंसल, सुशीला बंसल, सरिता बंसल, शर्मिला बंसल, रीता बंसल, श्रेष्ठ बंसल , आदर्श बंसल परिवार समेत सेवा में जुटे हैं।