-पुलिस ने बिस्तर से बरामद किया एक निजी चिकित्सक का पर्चा
-चीन से कर रहा था मेडिकल की पढ़ाई, कोरोना काल में आया था घर
साहिबगंज। संवाददाता। चीन से मेडिकल की पढ़ाई करने वाले एक छात्र की संदेहास्पद मौत हो गयी। बुधवार को पुलिस ने उसके घर के एक कमरे से उसका शव बरामद किया है। वहीं बिस्तर पर पड़ा सुसाइड नोट व एक निजी चिकित्सक का पर्चा भी बरामद किया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। मिली जानकारी के अनुसार जिरबाबाड़ी ओपी थाना क्षेत्र के सकरोगढ़, जयप्रकाश चौक के समीप प्रोफेसर कॉलोनी के एक किराए के मकान से ओपी पुलिस ने रमन कुमार सिन्हा के पुत्र मेडिकल की पढ़ाई कर रहे 24 वर्षीय शशांक राज का शव बरामद किया है। बताया जा रहा है कि युवक शशांक राज चीन के किसी मेडिकल कालेज में पढ़ाई कर रहा था। कोरोना महामारी के दौरान लगे लॉकडाउन में शशांक घर वापस आ गया था। इसके बाद से यहीं रह कर ऑनलाइन पढ़ाई कर रहा था। युवक के पिता रमन कुमार सिन्हा मूलत: बिहार के सुपौल जिले के रहने वाले हैं। मत्स्य विभाग से सेवानिवृत्त के बाद स्थानीय सुनील यादव के मकान में पिछले 5 वर्षों से किराए पर रह रहे थे। घर में सिर्फ पिता व पुत्र ही रहते थे। एक वर्ष पूर्व रमन कुमार की पत्नी का निधन हो चुका है। जबकि पुत्री की धनबाद में शादी हो चुकी है। मंगलवार की रात धनबाद निवासी रमन कुमार की पुत्री पायल ने मकान मालिक की पत्नी को कॉल कर भाई की तबीयत खराब होने की जानकारी देते हुए उसका इलाज कराने का अनुरोध किया। मकान मालिक सुनील कुमार यादव की पत्नी ने बताया कि जानकारी मिलने पर रात में ही उन्होंने रमन सिन्हा के घर का दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया। लेकिन काफी आवाज लगाने के बाद भी किसी ने दरवाजा नहीं खोला। सुबह पुलिस को जानकारी दी गई। इधर सूचना मिलते ही जिरवाबाड़ी ओपी प्रभारी चिरंजीत प्रसाद, पुअनि सतीश कुमार सोनी ने दलबल के साथ घटना स्थल पर पहुंच और पूरे मामले की छानबीन की। पुलिस ने मृतक युवक के कमरे में पलंग से निजी डॉक्टर का पर्चा व सुसाइड नोट बरामद किया है। वहीं शव को कब्जे में लेते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है जहां मेडिकल बोर्ड में शामिल डॉ. मोहन मुर्मू, डॉ. आशुतोष व डॉ. कुलदीप ने युवक के शव का पोस्टमार्टम किया। बताया जा रहा है कि शव का बिसरा फोरेंसिक जांच के लिए प्रिजर्व किया गया है। पुलिस ने शव को परिजनों को सौंप दिया है। ओपी प्रभारी चिरंजीत प्रसाद ने बताया कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह का पता चलेगा। मृतक के पिता रमन कुमार सिन्हा ने जिरवाबाड़ी ओपी में मामले की जांच को लेकर आवेदन दिया है। मामले की छानबीन की जा रही है।
ऑटो की चपेट में आने से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल
राजमहल। संवाददाता। तीनपहाड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत बोरियो-तीनपहाड़ मुख्य पथ पर बुधवार को हुई सड़क दुर्घटना में घायल 38 वर्षीय बाइक सवार व्यक्ति को गंभीर अवस्था में इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया। दुर्घटना के संदर्भ में जानकारी मिली है कि उक्त सड़क पर तीनपहाड़ थाना अंतर्गत वृंदावन हाट के समीप ऑटो की चपेट में आने के कारण बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान बोरियो के गम्हरिया निवासी बछरू पहाड़िया के रूप में हुई है। बछरू तीनपहाड़ से अपने घर की ओर जा रहा था तभी दुर्घटना का शिकार हो गया। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी तीनपहाड़ थाना पुलिस को दी। पुलिस घटना स्थल पहुंच कर घायल को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल राजमहल में भर्ती करवाया। जहां उपस्थित चिकित्सकों ने घायल का प्राथमिक उपचार कर उसकी बिगड़ती हुई स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
दहेज प्रताड़ना के आरोपी को पुलिस ने भेजा जेल
राजमहल। संवाददाता। राजमहल थाना पुलिस ने दहेज प्रताड़ना के आरोपी को गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर करबला गांव से गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के अनुसार करबला गांव निवासी सिंटू शेख को पुलिस ने बीती मंगलवार रात्रि उसके घर से गिरफ्तार किया। उसके विरुद्ध उसकी पत्नी की शिकायत पर बीते वर्ष दहेज प्रताड़ना के आरोप में थाना कांड संख्या 243/21 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। सिंटू शेख बीते 1 वर्ष से फरार चल रहा था। पुलिस को फरार आरोपी के घर आने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी प्रणीत पटेल के नेतृत्व में सशस्त्र पुलिस बल की टीने छापेमारी उसे गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि उक्त आरोपी को स्वास्थ्य जांच के उपरांत न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत
तीनपहाड़। संवाददाता। मालदा रेलखंड के कल्याणचक- तीनपहाड़ रेल खंड के बीच कल्याणचक रेलवे स्टेशन के समीप बीते मंगलवार की देर रात्रि को ट्रेन की चपेट में आने से कल्याणचक निवासी कैलाश ठाकुर के पुत्र सुभाष ठाकुर (32) की मौत हो गयी। रेल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप यूडी केस दर्ज करते हुए छानबीन शुरू कर दी है। इधर युवक की मौत से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
25 क्विंटल पटसन जलाने की पुलिस से शिकायत
राजमहल। संवाददाता। राजमहल थाना अंतर्गत पूर्वी नारायणपुर पंचायत के 03 नंबर कॉलोनी के एक बंद पड़े विद्यालय के कमरे में रखा पटसन जला दिए जाने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर नारायणपुर 03 नंबर दियारा कॉलोनी निवासी बासंती विश्वास ने अज्ञात व्यक्तियों के 25 क्विंटल पटसन जला देने को लेकर पुलिस से शिकायत की है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि दियारा इलाका होने के कारण उक्त गांव बाढ़ की चपेट में आ जाता है। बाढ़ के प्रकोप के कारण लगभग 25 क्विंटल पटसन को विद्यालय के एक कमरे में रखा था। उक्त विद्यालय को शिक्षा विभाग ने एक अन्य विद्यालय में मर्ज कर दिया है। मर्ज होने के कारण उक्त भवन लगभग 06 वर्षों से बंद है। बीते 25 अक्टूबर को जब पटसन देखने गई तो देखा कि अंदर रखा पटसन पूरी तरह जल कर राख हो गया है। किसी व्यक्ति ने जान बूझकर पटसन को जलाने का काम किया है। जिससे उन्हें लगभग 01लाख, 30 हजार रुपए की हानि हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
राजमहल विधायक ने छठ घाटों का किया निरीक्षण
साहिबगंज। संवाददाता। लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा को लेकर बुधवार को राजमहल विधायक अनंत ओझा ने शहर के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान विधायक ने सदर एसडीओ राहुल जी आनंद जी व राजमहल एसडीओ रोशन कुमार साह को घाटों की साफ-सफाई, लाइटिंग, बैरिकेटिंग सहित कई सुधार को कहा। मौके पर सदर एसडीओ सह नगर परिषद कार्यपालक पदाधिकारी के अलावा नगर परिषद उपाध्यक्ष रामानन्द साह, पार्षद कौशल किशोर ओझा, धर्मेन्द्र कुमार, पंकज चौधरी, बिनोद चौधरी, संजय पटेल, संजीव पासवान, मनोज पासवान, रंजन पांडेय, बबलू तिवारी, गौतम पंडित, मनी सिंह, प्रमोद झा, जयकांत वर्मा सहित भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।
चार पत्थर कारोबारी पर लगा एक करोड़, 46 लाख का जुर्माना
साहिबगंज। संवाददाता । झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने कड़ी कार्रवाई करते हुए गंगा नदी किनारे पत्थर खनिज भंडारण व व्यापार करने वाले चार पत्थर कारोबारियों में प्रत्येक को साढ़े छत्तीस लाख रुपये कर कुल 01 करोड़, 46 लाख का जुर्माना किया है। जिले के पर्यावरण को बचाने के लिए एनजीटी में रिट दायर करने वाले सामाजिक कार्यकर्ता ने इसकी जानकारी देते हुए बताया है कि सीटीओ रद्द होने के बावजूद कुछ लोग अवैध तरीके से गंगा नदी किनारे पत्थर खनिज का भंडारण कर नाव के माध्यम से परिवहन कर रहे थे। जिसकी सूचना उन्होंने झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को दी थी। उन्होंने बताया कि झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने मामले की जांच कर विकास स्टोन वर्क्स, रामप्रीत स्टोन वर्क्स, विश्वनाथ स्टोन वर्क्स व बजरंगबली स्टोन वर्क्स को उक्त जुर्माना लगाया है। उन्होंने बताया कि जुर्माना भुगतान नहीं करने पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड 12 प्रतिशत वार्षिक ब्याज के साथ राशि वसूली करेगा। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।