जब्त की गयी लकड़ी व अन्य सामग्री
देवघर/वरीय संवाददाता। शुक्रवार को वन प्रमडल पदाधिकारी राजकुमार साह के निर्देशानुसार वन क्षेत्र पदाधिकारी एसडी सिंह के नेतृत्व में गठित छापेमारी दल द्वारा देवघर जिला के विभिन्न क्षेत्रों में सघन छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान पालोजोरी प्रखंड स्थित खागा थाना अंतर्गत काकी गांव तथा अन्य में अवैध रुप से संचालित लकड़ी मिल के संरचना को ध्वस्त किया गया। मौके पर मिले सभी तरह के मशीनरी और चिरान लकड़ी को जब्त कर लिया गया। पूछताछ के क्रम में पता चला कि उक्त अवैध आरा मिलों का संचालन वैद्यनाथ राणा, दिलीप राणा, युगन राणा और कारु राणा द्वारा किया जा रहा था। जिले के वन क्षेत्र पदाधिकारी श्री सिंह ने बताया कि अवैध संचालित सभी आरा मिलों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में संलिप्त सभी व्यक्तियों पर वन अपराध दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मौके पर देवघर वन प्रमंडल के उप परिसर पदाधिकारी अमीष आशीष, आशुतोष, विक्रम, प्रकाश, शशि, अजय, पंकज, चद्रमौलेश्वर, प्रमोद,धीरज और मंटू मौजूद थे।
जीडी डीएवी पब्लिक स्कूल भंडारकोला ने रचा इतिहास
- हैंडबॉल में बालिका वर्ग में बनी चैंपियन
देवघर/वरीय संवाददाता। डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स कलस्टर मीट 2022 हैंडबॉल प्रतियोगिता में 14 से लेकर 15 अक्टूबर तक हो रहे गिरिडीह में पहली बार देवघर के बालिका वर्ग में टीम चैंपियन बनी।
ज्ञात हो कि 13 अक्टूबर को 25 सदस्य टीम गिरिडीह के लिए जीडीडीएवी पब्लिक स्कूल भंडारकोला से रवाना हुई थी। 11 खिलाड़ी पुरुष बालक वर्ग में वही 11 खिलाड़ी बालिका युवा वर्ग में अपने कोच राजेश रंजन मैनेजर शिव शंकर साह एवं दीपिका कुमारी रवाना हुए। गर्ल्स हैंडबॉल टीम की कप्तान तृषा कुमारी के साथ एंजेल, मीनू, लक्ष्मी, पलक, आरुषि, साक्षी, निशु, अंजली, तनिष्का, सोनम, वही ब्यॉज कप्तान दिव्यांश रंजन, अनिकेत, उज्जवल, मनीष कुमार, आयुष, अभिनव, यशराज, सुधांशु, वीर राज, आयुष संतोषी आयुष सिंह, अतुल आनंद ने भाग लिया। इधर, गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल के प्राचार्य डॉ विजय कुमार, स्कूल के सीनियर शारीरिक शिक्षक सत्यवीर यादव एवं आशुतोष कुमार ने भी बधाई दी। कोच राजेश रंजन ने कहा कि मेहनत रंग लाई और हमने विजय प्राप्त की।
पथरौल गैंगरेप के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को ले धरना
देवघर/वरीय संवाददाता। सामाजिक नागरिक मंच देवघर द्वारा स्थानीय टावर चौक स्थित महात्मा गांधी प्रतिमा स्थल के समीप विष्णुकांत झा की अध्यक्षता में धरना कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मौके पर श्री ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था बिगड़ गई है। पिछले दिनों मधुपुर क्षेत्र के पथरोल में एक नाबालिग के साथ गैंगरेप की घटना हुई है जो काफी निंदनीय है। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग किया कि इस घटना में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की जाए एवं उसे कठोर से कठोर सजा दिलाई जाए। श्री झा ने झारखंड सरकार से मांग किया कि जिले में विधि-व्यवस्था एवं न्याय व्यवस्था के लिए स्पेशल कोर्ट के माध्यम से स्पीडी ट्रायल करवा कर आरोपियों को जल्द से जल्द सजा दिलावे। मौके पर शुभम राय, सन्नी मित्रा, सविता देवी, चंदन देव, सीताराम रजक, बैजनाथ मंडल, विनीता देवी, प्रमिला देवी, राधा पाल, झरना देवी, अजय कुमार, छोटू राय अनंत राव आदि उपस्थित थे।