- जिला स्तरीय खरीफ कर्मशाला सह प्रशिक्षण का आयोजन
जमुई/संवाददाता। डीएम अवनीश कुमार सिंह ने शिल्पा विवाह भवन में कृषि विभाग द्वारा आयोजित जिला स्तरीय खरीफ कर्मशाला सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी अन्न दाताओं को वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने के लिए जागरूक करें। कहा कि खरीफ अभियान का उद्देश्य किसानों को खरीफ फसलों की तकनीकी जानकारी देना, फसल अवशेष प्रबंधन के प्रति जागरूक करना, मौसम के अनुकूल कृषि कार्यक्रम के बारे में जानकारी उपलब्ध कराना और जैविक खेती को प्रोत्साहन देना है। इसके अतिरिक्त खरीफ मौसम में कृषि विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ विशेष दलहन एवं तेलहन बीज वितरण कार्यक्रम का प्रचार-प्रसार करना है। उन्होंने आगे कहा कि फसलों के उत्पादन एवं उत्पादकता में बढ़ोतरी के लिए स्वस्थ मिट्टी का होना अनिवार्य है। किसानों को अनुशंसित मात्रा में उर्वरक का उपयोग करने के लिए मृदा स्वास्थ्य कार्ड उपलब्ध कराना आवश्यक है। विभाग अभियान चला कर मिट्टी नमूनों का संग्रहण करे और जांच के बाद किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड उपलब्ध कराए ताकि अन्न उत्पादन में वृद्धि हो सके। डीएम ने पीएम किसान योजना की चर्चा करते हुए कहा कि सभी कृषि समन्वयक और किसान सलाहकार सात दिनों के भीतर ई-केवाईसी, एनपीसीआई सीडिंग और आधार में सुधार का काम पूरा करें ताकि उन्हें विधि सम्मत ढंग से संबंधित स्कीम का लाभ मिल सके। उन्होंने किसानों के हित को सर्वोपरि बताते हुए कहा कि उर्वरक की उपलब्धता की सूची एनआईसी पोर्टल पर 15 जून से अंकित करना सुनिश्चित करें। उन्होंने इसी संदर्भ में आत्मा को अन्नदाताओं को सम्मान दिए जाने के लिए इनकी सफलता की कहानी प्रत्येक तीन महीने पर पत्रिका के जरिये प्रसारित किए जाने का निर्देश दिया। डीएम ने समय सीमा के भीतर प्रशिक्षण कार्य पूरा कर लिए जाने की बात कही। संयुक्त कृषि निदेशक ने बढ़ती आबादी के लिए अन्न की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए अन्न दाताओं को अत्याधुनिक तकनीक अपनाने की सलाह दी। उन्होंने अन्न उत्पादन में वृद्धि के लिए किए जा रहे कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। जिला कृषि पदाधिकारी अविनाश चंद्र ने आगत मेहमानों का गर्मजोशी से खैर मकदम करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं और कार्यक्रमों से किसानों को वाकिफ कराना इसका मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने स्वीकृत योजनाओं को विस्तार से परिभाषित किया। आत्मा के परियोजना निदेशक पंकज कुमार समेत कई विभागीय अधिकारी, कर्मी और किसान इस अवसर पर उपस्थित थे।
युवक के साथ मारपीट, घायल युवक का हुआ इलाज
झाझा/संवाददाता। एक युवक को उसके भाई के ससुर सहित दर्जन भर लोगों के द्वारा मारपीट करते हुए घायल कर दिया। जिसको इलाज के लिए रेफरल अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टर के द्वारा घायल युवक का इलाज किया गया। घायल युवक की पहचान झाझा थाना क्षेत्र के करमा गांव के रिजवान अंसारी के रूप में हुई है। डॉक्टर के द्वारा घायल युवक का इलाज किये जाने के बाद उसकी स्थिति में सुधार हुआ है। घायल युवक ने बताया कि उनका एक भाई, दूसरे भाई के साली को लेकर भाग गया। जिस पर उनके भाई के ससुर, साला सहित दर्जन भर लोग उनके घर पर आकर उन्हें और उनकी पत्नी पर भाई और साली को भगाने का आरोप लगाते हुए मारपीट किया। घायल ने बताया कि उनलोग उनके साथ उनके घर के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट किया।
राजद पंचायत अध्यक्ष का आकस्मिक निधन
अलीगंज। संवाददाता। इस्लाम नगर पंचायत के राजद प्रखंड अध्यक्ष शंकर यादव का शनिवार की देर रात आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन का समाचार मिलते ही राजद कार्यकर्ताओं में शोक की लहर फैल गई। वे इस्लाम नगर गांव के ही रहने वाले थे। जीवन भर राजद से जुड़े रहे। वर्तमान में इस्लाम नगर पंचायत के राजद के पंचायत अध्यक्ष थे। उनके निधन पर राजद के जिलाध्यक्ष डॉ. त्रिवेणी यादव, इस्लाम नगर अलीगंज प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि सह राजद प्रखंड अध्यक्ष मुकेश यादव, सचिव सह झारखंड राज्य प्रभारी योगेन्द्र प्रसाद यादव, युवा शक्ति के प्रांतीय नेता शशि शेखर सिंह मुन्ना, चंद्रशेखर आजाद, महेश सिंह राणा, सहित दर्जनों गणमान्य लोगों ने उनके निधन पर शोक संवेदना प्रकट की।
पौधा रोपण कर साइकिल यात्रा विचार मंच ने प्रकृति को सहेजने का दिया संदेश
बीते दिनों कोल्हुआ पंचायत के सिमरिया गांव के चौधरी बगीचा में प्रकृति के दुश्मनों ने 10 एकड़ में लगे लगभग 500 पौधे जला कर रास्ता बनाने का मामला प्रकाश में आया था। घटना को लेकर साइकिल यात्रा एक विचार, जमुई के एक दर्जन सदस्य पहुंच कर एक दर्जन पौधा रोपण कर प्रकृति को सहेजने का संदेश दिया। साइकिल यात्रा एक विचार, जमुई के बैनर तले प्रत्येक रविवार को चलाया जा रहा अभियान के 386वें यात्रा के क्रम में जमुई से चल कर सिमरिया ग्राम पहुंचा। ऐसे घटना पर रोष व्यक्त किया गया। सदस्य लड्डू मिश्रा ने कहा यह घटित घटना कई जीवनों को खत्म करने जैसा है। एक पेड़ में भी जीवन होता है यह बात लोग भूल जाते हैं। उससे बड़ी बात है उनकी जिंदगी, हमारी जिंदगी को सुरक्षित रखने का काम किया जाता है। इनके बिना हम जिंदगी की कामना नहीं कर सकते। मौके पर कुंदन कुमार ने बताया कि परिसर में लोग गर्मी मेंे स्वच्छ हवा और प्रकृति सौंदर्य का आनंद लेते आ रहे हैं। इस अवसर पर लड्डू मिश्रा, संतोष कुमार सुमन, गुंजन मिश्रा, सचिराज पद्माकर, विवेक कुमार, शैलेश भारद्वाज सहित कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित थे।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने सुनी पीएम के मन की बात
चकाई/संवाददाता। चकाई मंडल अध्यक्ष सूरज मुर्मू के नेतृत्व में प्रखंड के गजही पंचायत अंतर्गत गजही बूथ संख्या 264 पर भाजपा से जुड़े लोगों सहित अन्य लोगों ने पीएम मोदी के मन की बात कार्यक्रम को सुना। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिला मंत्री मनोज पोद्दार शामिल हुए। मौके पर पोद्दार ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने मन की बात कार्यक्रम के दौरान युवा संगम से युवाओं को जोड़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा अरुणाचल प्रदेश, ग्यामर न्योकुम और बिहार की बेटी विशाखा सिंह जो तमिलनाडु में आईआईटी की पढ़ाई कर रही है उनसे दूरभाष पर बात कर उनका हालचाल लिया। उन्होंने कहा कि मन की बात कार्यक्रम दिनों दिन काफी लोकप्रिय हो रहा है। अब विदेशों में रह रहे भारतीय नागरिक भी श्रोता बन रहे हैं। इस कार्यक्रम में भारत की असली तस्वीर उभर कर सामने आती है। यही कारण है कि बड़ी संख्या में लोग इस कार्यक्रम से जुड़ते चले जा रहे हैं। भाजपा नेता मनोज पोद्दार के पहल पर प्रखंड के 30 बूथों पर भाजपाई ने मन की बात को सुना। मौके पर मंडल उपाध्यक्ष प्रमोद यादव, मंत्री प्रकाश वर्मा, अनिल वर्मा, भाजयुमो नेता मंटू राय, संगीता मरांडी, ललिता मुर्मू, बड़की मुर्मू, रूबीन मुर्मू, एन्जॉली मरांडी, तिलक हेंब्रम, सयोध्या ठाकुर, गणेश मरांडी, पंकज ठाकुर, मोती महतो, संजय ठाकुर, सोनाराम हांसदा, सुनील हेंब्रम, बिपिन हेंब्रम, जुरगा हांसदा, रामजीत हांसदा, मोती मरांडी, मनी मरांडी सहित दर्जनों लोग उपस्थित थे।
जन-जन तक पहुचायें भाजपा के नौ वर्षों के कार्यों को : विकास
जमुई/संवाददाता। भारतीय जनता पार्टी मंडल कार्य समिति की बैठक चुआं हाईस्कूल के सभागार में आयोजित की गयी। प्रदेश कार्य समिति सदस्य विकास प्रसाद सिंह उपस्थित होकर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की तस्वीर पर पुष्प अर्पित किया। अध्यक्षता नव मनोनीत अध्यक्ष मुकेश सिंह ने की। विकास ने कहा कि लोकसभा आमचुनाव में मात्र नौ महीने बचे हैं और भाजपा के एक-एक कार्यकर्ता को चुनावी समर में अभी से निकल पड़ना है। कार्य समिति की बैठक में इनके अलावा पूर्व अध्यक्ष शिवदानी सिंह, उदय नारायण सिंह, कृष्ण कुमार सिंह के अलावा अन्य कार्यकर्ता उपस्थित हुए।