जिले में 10 से 22 अक्टूबर एवं एक नवंबर से 14 नवंबर तक दो चरणों मे आयोजित होगा आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम
- कार्यक्रम के दूसरे चरण के सफल क्रियान्वयन को लेकर हुई बैठक
देवघर/वरीय संवाददाता। आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन को लेकर उप विकास आयुक्त डॉ ताराचंद अध्यक्षता में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान उप विकास आयुक्त द्वारा जानकारी दी गई कि सरकार की अतिमहत्वपूर्ण आपकी योजना-आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का दूसरा चरण जिले के सभी 194 पंचायतों में आयोजित किया जाना हैं। साथ ही कार्यक्रम दो चरणों के तहत आयोजित की जा रहा है, 10 अक्टूबर से 22 अक्टूबर एवं 01 नवंबर से 14 नवंबर तक जिले के 10 प्रखंड के सभी पंचायतों में आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त ने अभियान के सफल संचालन को लेकर टीम भावना के साथ कार्य करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। साथ प्रखंड व पंचायत स्तर पर कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन को लेकर उपविकास आयुक्त ने सभी प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी व अंचलाधिकारी को समन्वय के साथ पंचायत व ग्राम स्तर पर विशेष जागरुकता के साथ लोगों को कार्यक्रम के आयोजन की जानकारी से अवगत कराने का निर्देश दिया, ताकि ज्यादा से ज्यादा योग्य लाभुक योजनाओं के लाभ से लाभान्वित हो सके। आगे उन्होंने आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत पंचायत व ग्राम स्तर पर योजनाओं को सेचुरेटेड किया जाएगा। साथ ही अभियान के तहत सावित्री बाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, झारखंड राज्य खाद्य सुरक्षा योजना, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, मुख्यमंत्री पशुधन योजना, सर्वजन पेंशन योजना, धोती, साड़ी लुंगी योजना, किसान क्रिडेट कार्ड आदि के साथ ज्यादा से ज्यादा राज्य सरकार के योजनाओं से लाभान्वित करने का निर्देश दिया। वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान उप विकास आयुक्त ने आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के क्रियान्वयन को लेकर किए जाने वाले कार्यों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व उचित दिशा निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने ने सभी प्रखंडो के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी को कड़े शब्दों में निर्देशित किया कि आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का व्यापक स्तर पर प्रचार प्रसार करें, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों की समस्याओं का निराकरण किया जा सके। साथ ही कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी के अलावा शिकायतों का निष्पादन के साथ योग्य लाभुकों को जोड़ते हुए सरकारी योजनाओं के लाभ से आच्छादित भी किया जा सके। इस दौरान उप विकास आयुक्त, नगर आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी देवघर, अनुमंडल पदाधिकारी मधुपुर, डीआरडीए निर्देशक, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, कार्यपालक अभियन्ता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, कार्यपालक अभियन्ता, पथ प्रमंडल, देवघर/राष्ट्रीय उच्च पथ प्रमण्डल, कार्यपालक अभियन्ता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, कार्यपालक अभियंता, भवन प्रमण्डल, भवन निर्माण निगम, कार्यपालक अभियंता, ग्रामीण कार्य प्रमण्डल, कार्यपालक अभियंता एनआरईपी, कार्यपालक अभियंता, ग्रामीण विकास विशेष प्रमण्डल, खाद्य सुरक्षा, पदाधिकारी, जिला गव्य पदाधिकारी, सभी प्रखण्ड पदाधिकारी, सभी अंचल अधिकारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी एवं संबंधित विभाग के अधिकारी आदि उपस्थित थे।
सौहार्दपूर्ण माहौल में मनायें दशहरा : अजय
देवघर/वरीय संवाददाता। झारखंड प्रदेश कांग्रेस सेवादल के प्रदेश उपाध्यक्ष अजय कुमार ने लोगों से सौहार्दपूर्ण माहौल में दशहरा पूजा मनाने की अपील करते हुए कहा कि अफवाह और अशांति फैला कर भाईचारे से परिपूर्ण वातावरण को विषाक्त बनाने वाले असामाजिक तत्वों से सतर्क एवं सजग रहें तथा बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं।
जयंती पर स्वर्गीय एनी बेसेंट को श्रद्धांजलि
देवघर/वरीय संवाददाता। झारखंड प्रदेश कांग्रेस सेवादल के प्रदेश उपाध्यक्ष अजय कुमार ने जयंती पर स्वर्गीय एनी बेसेंट को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि व एक महान समाज सुधारक, महिला कार्यकर्ता, सुप्रसिद्ध लेखिका, थियोसॉफिस्ट राष्ट्रीय कांग्रेस की पहली महिला अध्यक्ष और प्रभावी प्रवक्ता थी। वे भारतीय मूल की नहीं थी लेकिन फिर भी उन्होंने भारतीयों के हक के लिए लड़ाई लड़ी। लोकमान्य तिलक के साथ मिलकर स्वर्गीय एनी बेसेंट ने होमरूल आंदोलन के द्वारा राष्ट्रीय आंदोलन को गति दी। वे उन महिलाओं में गिनी जाती है जिन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ आंदोलन चलाया। स्वतंत्रता आंदोलन में उन्होंने महती भूमिका निभाई। महिलाओं एवं मजदूरों के अधिकारों के लिए भी उन्होंने अपनी आवाज बुलंद की। बाल विवाह, जाति व्यवस्था और विवाह जैसी कुरीतियों को खत्म करने का स्वर्गीय एनी बेसेंट ने काम किया।
बेलभरनी की पूजा कर माता को दिया गया आमंत्रण
देवघर/वरीय संवाददाता। शारदीय नवरात्र के छठे दिन अश्विन मास षष्ठी तिथि पर माता बेलभरनी की पूजा कर मां भगवती को भी बेदी पर आने का निमंत्रण दिया गया। आज से माता की प्रतिमा बेदी पर स्थापित कर पूजा-अर्चना की जाएगी एवं आम भक्तों के लिए माता का पट खोल दिया जाएगा। शनिवार शाम चार बजे से सभी पूजा समितियों द्वारा बिल्व वृक्ष के नीचे माता बेलभरनी की पूजा की गई। ढोल बाजे के साथ लोग माता का जयकारा लगाते हुए मां भगवती को निमंत्रण देने पहुंचे। बाबा मंदिर भीतरखंड कार्यालय से शाम 4 बजे ढोल बाजे के साथ भव्य निमंत्रण शोभायात्रा निकाली गई। ढोल बाजे के साथ लोग मां भगवती का जयकारा लगाते हुए बिल्व वृक्ष के पास पहुंचे। जहां मंदिर स्टेट पुजारी श्रीनाथ मिश्र मंदिर महंत सरदार पंडा गुलाब नंद ओझा, पुजारी गोपाल महाराज ने तांत्रिक विधि से बिल्ववृक्ष की पूजा कर मां भगवती को बेदी पर आने का निमंत्रण दिया। पूजा शाम पांच बजे से आरंभ होकर लगभग दो घंटे बाद समाप्त हुई। पूजा को सफल बनाने में मंदिर उपचारक भक्ति नाथ फलाहारी, अरुण राउत, आदित्य फलाहारी सुधीर मिश्र मल्लू झा सहित मंदिर के सभी कर्मचारी शामिल थे। शुक्रवार को माता की विल्ववरणी को महास्नान कराने के पश्चात डोली पर मां भगवती को बेदी पर लाया जाएगा। इसके बाद मां भगवती की प्रतिमा में प्राण प्रतिष्ठा कर मां भगवती की पूजा आरंभ की जाएगी। मां भगवती की पूजा को लेकर पूरे शहर में चारों ओर भक्ति का माहौल छाया हुआ है। हर तरफ मां भगवती की आराधना की जा रही है।
सेवा पखवारा के तहत भाजपा ने लगायी पुस्तक प्रदर्शनी
- विधायक सह जिला अध्यक्ष ने किया उद्घाटन
- नरेंद्र मोदी का कालखंड पुस्तक में रेखांकित है : नारायण
देवघर/नगर संवाददाता। भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 2 अक्टूबर गांधी जयंती तक आयोजित सेवा पखवारा के तहत शनिवार को भाजपा जिला उपाध्यक्ष राकेश नरौने सुग्गा के आवास स्थित सभागार में पुस्तक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। भाजपा जिला कमेटी की ओर से आयोजित पुस्तक प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवनवृत्त से जुड़े कथाओं का विवरण है। कार्यक्रम का उद्घाटन भाजपा जिला अध्यक्ष सह विधायक नारायण दास ने किया। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कालखंड पुस्तक में रेखांकित किया गया है। पीएम के नेतृत्व में कई योजनाएं चलाई जा रही है। उसकी जानकारी कार्यकर्ता रखें और उसे परिभाषित करने का काम करें। साथ ही जन जन तक उसे पहुंचाने का काम करें। उनके नेतृत्व भारत सपना पूरा हो रहा है और नया भारत का निर्माण हो रहा है। कार्यकर्ताओं की हौसला अफजाई करते हुए विधायक ने कहा कि भाजपा के झारखंड प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी का जब देवघर आगमन हुआ तो यहां के अभिनंदन से खुश हैं और वे इसकी चर्चा भी करते हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व भारत विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसर है। भाजपा कार्यकर्ता उनके आदर्शों को अपनाते हुए उस मार्ग पर चलने का काम करें। कार्यक्रम को भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विशाखा सिंह, जिला महामंत्री सह कार्यक्रम प्रभारी पंकज सिंह भदौरिया, जिला उपाध्यक्ष राकेश नरौने सुग्गा, जिला मंत्री डॉ राजीव रंजन सिंह, जिला मंत्री जूनियर बाबूलाल मरांड़ी आदि ने संबोधित किया। कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष विजया सिंह, एससी मोर्चा जिला उपाध्यक्ष दशरथ दास, मीडिया प्रभारी सचिन सुल्तानियां, सोमेश पंडित, ब्रजभूषण शर्मा, बबलू राज, रीता राज, प्रेमलता बरनवाल, कुसुम सिंह, संतोष मुर्मू, अनिल कोल, गणेश राय, सिमरा मंडल अध्यक्ष सौरव सिंह, बजरंगी साह, प्रताप दुबे, शांति देवी सुमन केसरी, मीडिया प्रभारी संध्या कुमारी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
शॅार्ट सर्किट लगने से विद्युतकर्मी घायल
देवघर/संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के बमबम बाबा पथ स्थित ट्रांसफार्मर के नीचे काम कर रहे एक विद्युत कर्मी शॉर्ट सर्किट से गंभीर रूप से झुलसा गया। उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल का नाम हनकू पंडित है जो सारठ थाना क्षेत्र के ओझाडीह का रहने वाला है। घटना के संबंध में साथ में काम करने वाले नंदकुमार ने बताया कि उपभोक्ता की शिकायत पर बिजली ठीक करने के लिए गए थे उसी क्रम में ट्रांसफार्मर के नीचे लगे बॉक्स को खोल कर चेक कर रहे थे। उसी क्रम में अचानक पलास से छूने से ही शॉर्ट सर्किट हो गया और करंट से झुलस गया।
महिला कर्मी के पर्स से 15 हजार नकद व कागजात की चोरी
देवघर/संवाददाता। देवघर बिजली विभाग में कार्यरत एक महिला के पर्स से 15 हजार नकद व कागजात चोरी कर लिए जाने का मामला प्रकाश में आया है। इसे लेकर महिलाकर्मी मोनिका झा ने नगर थाना में मामला दर्ज कराया है। कहा है कि ड्यूटी के क्रम में अपने ऑफिस में पर्स रखकर एसडीओ कार्यालय कुछ कार्य से गई थी। उसी दौरान पर्स से 15 हजार नकद एवं जरूरी कागजात की चोरी कर ली गई। कहा है कि ऑफिस में उसके अलावे विनय कुमार उपस्थित था जिसे रुपये की रखे होने की जानकारी थी। नगर पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।
दो लोगों से 88 हजार की साइबर ठगी
देवघर/संवाददाता। जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्र के रहने वाले लोगों से 88 हजार साइबर ठगी कर लिये जाने का मामला प्रकाश में आया है। कुंडा थाना क्षेत्र के हाथीपहाड़ निवासी अंकित कुमार ने अपने पुराने सूट को बेचने के लिये ओएलएक्स पर डाला था। उसके बाद उसके मोबाइल पर एक कॉल आया और दाम पुछकर उसे क्यू आर कोड स्केन करने के लिये भेजा। वह उसके झांसे में आकर उसके द्वारा भेजे गये क्यूआर कोड को स्कैन किया। उसके बाद उसके खाता से चार बार में 48 हजार की अवैध निकासी कर ली गयी। दूसरा साइबर ठगी का शिकार देवीपुर थाना क्षेत्र के आमडीह पंचरूखी निवासी कैलाश यादव हुआ। वह ऑन लाइन बाइक खरीदने का प्रयास कर रहा था। उसी दौरान उसके मोबाइल पर अपने आप को आर्मी मैन कह कर एक कॉल आया और बाइक की कीमत 40 हजार बताया। उसने यूपीआई के माध्यम से 40 हजार उसे पे कर दिया। बाइक जब नहीं आया तो वह दुबारा उक्त नंबर पर कॉल किया तो वह बंद बताने लगा।
छह पुलिस पदाधिकारी हुए प्रतिनियुक्त
देवघर/संवाददाता। देवघर एसपी सुभाषचन्द्र जाट के निर्देश पर दो दारोगा और चार जामादार को पुलिस केन्द्र से विभिन्न थानों में प्रतिनियुक्त किया गया है। जिसमें पुअनि चन्दन कुमार पांडेय को पुलिसकेन्द्र से देवीपुर थाना, पुअनि जिशान अख्तर पुलिसकेन्द्र से जसीडीह थाना, सअनि विपिन कुमार मिश्रा को महिला थाना, सअनि उमेश कुमार दूबे को महिला थाना, सअनि रविन्द्र कुमार -1 को कुंडा थाना और सअनि विरेन्द्र राम को सारवां में प्रतिनियुक्त किया गया है।