विभिन्न मंदिरों में पूजन के साथ हुआ हनुमान चालीसा का पाठ
गिरिडीह। संवाददाता। श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा के एक वर्ष पूर्व होने के उपलक्ष्य में गिरिडीह में भी वार्षिक उत्सव को लेकर काफी उत्साह देखा जा रहा है। इस दौरान शनिवार को श्रीराम भक्तों की ओर से कई मंदिरों में भी पूजा अर्चना व आरती के साथ-साथ भंडारे का आयोजन किया गया। इस दौरान सिरसिया स्थित कबीर ज्ञान मंदिर, बड़ा चौक स्थित हनुमान मंदिर, पचंबा स्थित सार्वजनिक दुर्गा स्थान, धरियाडीह हनुमान मंदिर, हुट्टी बाजार स्थित संकट मोचन मंदिर, सार्वजनिक महावीर मंदिर तिवारीडीह सहित विभिन्न मंदिरों में पूजा अर्चना के साथ हनुमान चालीसा का आयोजन किया गया। इधर शहर के बड़ा चौक स्थित श्रीराम जानकी हनुमान मंदिर का भी वार्षिक उत्सव मनाया गया, जिसमें काफी संख्या में भक्त शामिल हुए और पूरे विधि-विधान के साथ भगवान श्रीराम, माता सीता व बजरंगबली की पूजा अर्चना की गई। पूजा अर्चना के बाद दोपहर में भंडारा का आयोजन किया गया, जिसमें सैंकड़ो की संख्या में पहुंचे भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। मौके पर आयोजन को सफल बनाने में जुटे सांसद प्रतिनिधि सह भाजपा नेता दिनेश यादव, विहिप नेता विनोद केशरी, दीपक यादव, शशी रंजन, नवीन सिन्हा ने बताया कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा के दौरान ही बड़ा चौक स्थित श्रीराम जानकी हनुमान मंदिर की भी प्राण प्रतिष्ठा की गई थी। मौके पर विनय सिंह, रितेश पांडेय, गोपाल भदानी, शशि कुमार, किशन अग्रवाल, अजय साव, टिंकू भदानी, सुमन आनन्द, मनीष सिंह आदि मौजूद थे।
पूर्वी रेलवे के उप महाप्रबंधक को भाजपा नेता ने गिरिडीह वासियों को बेहतर सुविधा देने की मांगों को ले सौंपा ज्ञापन
गिरिडीह। संवाददाता। जोनल रेलवे यूजर्स कंसल्टेटिव कमिटी के सदस्य सह भाजपा के जिला कोषाध्यक्ष मुकेश कुमार जालान ने पूर्वी रेलवे के उप महाप्रबंधक वेद प्रकाश से मुलाकात की और गिरिडीह की जनता की विभिन्न मांगों से अवगत कराया। इस दौरान उन्होंने पूर्वी रेलवे के उप महाप्रबंधक वेद प्रकाश को ज्ञापन सौंपते हुए सलैया स्टेशन का नाम परिवर्तन कर पचंबा स्टेशन रखने, आसनसोल रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस का पचंबा स्टेशन में ठहराव, सियालदह आसनसोल इंटरसिटी सुपरफास्ट का विस्तार गिरिडीह स्टेशन तक करने, गिरिडीह से कोलकाता तक सीधी रेल सेवा बहाल करने व गिरिडीह से आसनसोल के बीच सुबह और शाम को एक ट्रेन चलाने के अलावे गिरिडीह स्टेशन का सौंदर्यीकरण कराने की मांग की। इस दौरान महाप्रबंधक ने जोनल रेलवे यूजर्स कंसल्टेटिव कमिटी के सदस्य सह भाजपा नेता मुकेश जालान के सभी मांगो पर उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया।
झामुमो जिला कार्यालय में मनाया गया दिशोम गुरु शिबू सोरेन का 81वां जन्मदिन
गिरिडीह। संवाददाता। झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला कार्यालय में शनिवार को झामुमो सुप्रीमो सह दिशोम गुरु शिबू सोरेन का 81वां जन्मदिन धूमधाम के साथ मनाया गया। इस दौरान राज्यसभा सांसद डॉ सरफराज अहमद व पार्टी के जिलाध्यक्ष संजय सिंह समेत पार्टी के कई नेताओं ने केक काट कर दिशोम गुरु की लंबी आयु की प्रार्थना की। साथ ही, एक दूसरे को केक खिलाकर बधाईयां भी दी। इस दौरान राज्यसभा सांसद डॉ सरफराज अहमद ने दिशोम गुरु की लंबी उम्र की कामना करते हुए कहा कि आज दिशोम गुरु के नेतृत्व में हुए आंदोलन के कारण ही झारखंड अलग राज्य बन पाया है। कहा कि पिछली बार भी दिशोम गुरु के दिशा निर्देश के बाद झारखंड में गठबंधन की सरकार बनी थी और एक बार फिर झारखंड के लोगों का आशीर्वाद मिला और फिर गठबंधन के तहत यहां हेमंत सोरेन की सरकार बनी है। उन्हें पूरा उम्मीद है कि झारखंड सरकार लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरेगी। वहीं जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि दिशोम गुरु का जन्मदिन पूरे झारखंड में हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। सभी लोगों ने उनके बेहतर स्वास्थ्य के साथ-साथ लंबी आयु की कामना कर रहे हैं। मौके पर अजीत कुमार पप्पू, प्रमीला मेहरा, शहनवाज अंसारी, दिलीप मंडल, नुनू राम किस्कू, अभय सिंह, रॉकी सिंह, राकेश सिंह टून्ना, बढ़न वर्मा, महेंद्र मंडल, सैयद अख्तर, दारा हाजरा, कृष्ण मुरारी शर्मा, हरगौरी साव, नुरूल होदा, महताब मिर्जा, आनन्द मिश्रा, अजय रजक, मो सत्तार, अनवर अंसारी, लोकनाथ सहाय समेत कई लोग मौजूद थे।
वाहन विक्रेताओं के साथ जिला परिवहन पदाधिकारी ने की बैठक
गिरिडीह। संवाददाता। जिला परिवहन पदाधिकारी गिरिडीह की अध्यक्षता में जिले के सभी वाहन विक्रेताओं के साथ समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। उक्त बैठक में जिले के सभी वाहन विक्रेता उपस्थित रहे। सभी को डीलर स्तर से रजिस्ट्रेशन पेंडेंसीस का विवरण देतेे हुए शीध्र 2 माह से 6 माह के बीच के पेंडेंसीस को दूर करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, हिदायत दी गयी कि अल्प अवधि के पेंडेंसीस को भी शीध्र दूर कर लें। सभी को ट्रेड का नवीकरण समय पर करवा लेने का निर्देश दिया गया तथा डीलर स्तर पर प्रपत्र 19 एवं 19। का संधारित करने का भी निर्देश दिया गया। सभी को ट्रेड रजिस्ट्रेशन मार्क के बारे में अवगत कराया गया। वाहन विक्रेताओं ने एचएसआरपी व अन्य समस्याओं पर अवगत कराया, जिसे शीध्र दूर करने का आश्वासन दिया गया। वाहन विक्रेताओं ने रोड सेफ्टी माह में रक्त दान कैप आयोजित करने का अनुरोध जिला परिवहन पदाधिकारी से किया।
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित
सुनहरे व सुरक्षित भविष्य के लिए पर्यावरण संरक्षण जरूरी: रविंद्रनाथ
गिरिडीह। संवाददाता। झारखंड विधानसभाध्यक्ष रविन्द्र नाथ महतो के गिरिडीह जिला आगमन पर उपायुक्त ने पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। साथ ही, परिसदन भवन में जिला प्रशासन की ओर से उन्हें गॉड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके पश्चात झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष ने समाहरणालय परिसर में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा अभियान के तहत आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में भाग लिया तथा पौधारोपण कर युवाओं को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के अनुपालन के लिए प्रोत्साहित किया। मौके पर उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा, जिला आपूर्ति पदाधिकारी गुलाम समदानी, जिला परिवहन पदाधिकारी शैलेश प्रियदर्शी, जिला कोषागार पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी समेत जिला प्रशासन की टीम मौजूद थे। इस दौरान झारखंड विधानसभा ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि एक महीना के लिए राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य लोगों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के उचित अनुपालन समेत हेलमेट के उपयोग, सेटबेल्ट आदि के संबंध में जानकारी दी जा रही है। साथ ही, एलईडी जागरूकता वैन के माध्यम से इसका व्यापक प्रचार प्रसार किया जा रहा है ताकि युवा समेत हरेक व्यक्ति जो बाइक, कार और बड़े वाहन चलाते है, उस समय सड़क सुरक्षा और यातायात संबंधी नियमों का उचित अनुपालन करें। इसके अलावा उन्होंने बताया कि सुनहरे व सुरक्षित भविष्य के लिए पर्यावरण संरक्षण जरूरी है। मौके पर उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने भी पौधारोपण किया और अन्य को भी पौधारोपण करने के लिए प्रोत्साहित किया।
भगवान श्री रामचंद्र जी के अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा के प्रथम वर्षगांठ पर कार्यक्रम आयोजित
श्री कबीर ज्ञान मंदिर में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने लिया भाग
गिरिडीह। संवाददाता। हिंदू हृदय सम्राट भगवान श्री रामचंद्र जी के अयोध्या नगरी में प्राण प्रतिष्ठा की प्रथम वर्षगांठ के शुभ अवसर पर श्री कबीर ज्ञान मंदिर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। मंदिर को सुसज्जित तरीके से सजाया गया। संपूर्ण वातावरण प्रभु श्रीराम के संकीर्तन से भक्ति में शराबोर हो गया। कीर्तन, भजन के पश्चात महाआरती का आयोजन किया गया। हाथ में दीपक की थाली लिए रामभक्त ऐसे प्रतीत हो रहे थे कि सभी अयोध्या में उपस्थित हो। तत्पश्चात प्रसाद वितरण और भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सतगुरु मां ज्ञान ने उपस्थित जन समुदाय को संदेश देते हुए कहा कि अयोध्या में भगवान श्री रामचंद्र जी का मंदिर बन जाने के पश्चात सभी हिंदुओं के मन का सपना पूरा हुआ है, मुझे पूर्ण विश्वास है की अयोध्या में राम मंदिर से लोगों का मंगल, आपसी प्रेम और शांति का विकास होगा।
झारखंड विस अध्यक्ष ने किया गिरिडीह वेल्फेयर एजुकेशन ट्रस्ट का उद्घाटन
विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए की गई है फाउंडेशन की शुरुआत
गिरिडीह। संवाददाता। गिरिडीह जिले के विद्यार्थियों को शिक्षा एवं खेल के क्षेत्र में भविष्य बनाने और न्यूनतम खर्च में शिक्षित करने के उद्देश्य से गिरिडीह वेलफेयर एजुकेशन ट्रस्ट का शुरुआत किया जा रहा है। इसे लेकर शनिवार को बदडीहा में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो उपस्थित हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता शाहिद खान एवं संचालन अधिवक्ता साजिद महमूद ने किया। वहीं कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रवीन्द्रनाथ महतो का स्वागत संस्थान के फाउंडर शाहिद खान ने बुके देकर एवं शॉल ओढ़ाकर किया। इसके साथ ही फाउंडेशन के सदस्यों ने स्वागत नृत्य एवं गान भी प्रस्तुत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष श्री महतो ने कहा कि झारखंड में बच्चों को बेहतर शिक्षा मिल सके, इसके लिए सरकार की ओर से कई योजनाएं चलाई जा रही है, लेकिन अगर इसके साथ ही अगर कोई भी संस्थान आगे बढ़कर बच्चों की शिक्षा एवं खेल कूद में आगे बढ़ाने का कार्य करते हैं तो इससे और अधिक विकास होगा। उन्होंने दक्षिण राज्यों का उदाहरण देते हुए कहा कि दक्षिण राज्यों के लोग शिक्षा के क्षेत्र के काफी आगे हैं और इसका कारण वहां के संस्थानों की ओर से उन्हें प्रोत्साहित करना एवं उन्हें हर संभव मदद प्रदान करना है। संस्थान के संस्थापक शाहिद खान ने बताया कि वर्तमान समय में शिक्षा एक व्यवसाय बनकर रह गया है, जिस कारण गरीब लोगों को बेहतर शिक्षा नहीं मिल पा रहा है। उनके संस्थान का मुख्य उद्देश्य सभी धर्म और वर्ग के लोगों को कम खर्च में मेडिकल, वकालत आदि की शिक्षा प्रदान करना है। इसके साथ ही गिरिडीह में हॉर्स राइडिंग, लॉन टेनिस सहित कई प्रकार के खेल में भी लोगों को आगे बढ़ाना भी है, जिसके लिए संस्थान की शुरुआत की जा रही है।
भाजपा नेता ने वृद्धाश्रम में मनाया प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी का जन्मदिन, काटे केक
गिरिडीह। संवाददाता। राज्य के प्रथम मुख्यमंत्री सह झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के जन्मदिन के मौके पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेश साव ने शनिवार को शहर के बस स्टेंड रोड स्थित स्नेहदीप वृद्ध आश्रम में रहने वाले वृद्धों के बीच चूड़ा, गुड़, तिलकुट, लाई आदि खाद्य सामग्रियों के साथ-साथ कम्बल का वितरण किया। इस दौरान मौके पर सभी ने केक काटकर श्री मरांडी का जन्मदिवस भी मनाया गया। मौके पर भाजपा नेता सुरेश साव ने कहा कि हम सभी कार्यकर्ता प्रत्येक वर्ष 11 जनवरी को बाबूलाल मरांडी के जन्मदिवस पर सेवा भाव से सामाजिक कार्य करते हैं, जिसके प्रभाव से उन्हें दीर्घायु होने का आशीर्वाद प्राप्त हो सके। कहा कि अपने राजनीतिक, सामाजिक और व्यक्तिगत जीवन में कई उतार-चढ़ाव के अनुभव से परिपूर्ण उनके शालीन जीवनशैली, दूरदर्शिता और कार्य के प्रति निरंतरता हम सबों को प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास में उनके योगदान को नकारा नहीं जा सकता और भविष्य में ओर भी बेहतर तरीके से राज्य का विकास हो, इसके लिए उनका स्वस्थ और दीर्घायु होना राज्य के लिए हितकर साबित होगा। मौके पर शैवाल घोष, राजेश जायसवाल, मनोज मौर्या, अरविंद बर्णवाल, राजेश गुप्ता, नागेश्वर दास, राम बाबू साव, विनोद साव, प्रदीप राय, उज्जवल साव समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
कड़ाके की ठंड को देखते हुए जेबीकेएसएस नेता ने जरूरतमंदों के बीच बांटे कंबल
गिरिडीह। संवाददाता। कड़ाके की ठंड को देखते हुए जेबीकेएसएस के केन्द्रीय सचिव नागेन्द्र चन्द्रवंशी ने पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओं के साथ देर रात को शहर के विभिन्न स्थानों पर घूम घूमकर वृद्ध, असहाय व जरुरतमंदों के बीच कंबल का वितरण किया। शहरी क्षेत्र के सदर अस्पताल रोड, रेलवे स्टेशन, बड़ा चौक, कालीबाड़ी चौक सहित अन्य स्थानों पर पहुंचे और मौके पर ठंड से ठिठुर रहे करीब एक सौ जरूरतमंद लोगों को कंबल देकर ठंड से राहत दिलाई। इस दौरान नागेन्द्र चन्द्रवंशी ने कहा कि जेबीकेएसएस से जुड़े लोग हमेशा जरूरतमंद व असहाय की सेवा में तत्पर रहते हैं। ठंड के बढ़ते प्रकोप से वृद्ध गरीब व असहाय काफी परेशानी में हैं। इस कड़कड़ाती ठंड से वृद्ध, गरीब व असहाय को बचाने के लिए उनकी ओर से एक छोटा सा प्रयास किया जा रहा है। कहा कि कड़ाके की ठंड में असहायों की सेवा ही मानवता की सेवा है। इस दौरान जेबीकेएसएस के अर्जुन पंडित, दिग्विजय सिंह, सोनू रवानी, अरुण साव, वतन साह, मिहिर चन्द्रवंशी, राजा कुमार, सिद्धार्थ सिन्हा, प्रमोद रवानी सहीत अन्य लोग मौजूद थे।
झारखंड विस अध्यक्ष रविंद्र महतो का हुआ भव्य स्वागत
डुमरी। संवाददाता। झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवीन्द्रनाथ महतो के शनिवार को रांची से गिरिडीह जाने के क्रम में झामुमो, कांग्रेस व युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने वनांचल चौक में विधानसभा अध्यक्ष का फूल माला पहनाकर एवं बुके देकर स्वागत किया। इस दौरान उप प्रमुख उपेन्द्र महतो उर्फ बबलू झामुमो नेता राजकुमार पाण्डेय, कारी बरकत अली मुखिया नुरउद्दीन अंसारी, पंकज महतो, कांग्रेस के महासचिव सरफराज अहमद उर्फ गुड्डू मलिक, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष नागेश्वर मंडल, झामुमो नेता डेगलाल महतो, डेगनारयण महतो, भुनेश्वर मंडल, गौरीशकर भदानी, छोटी अंसारी, जमाल अंसारी, अखिलेश राणा, सुभाष महतो, उमाशंकर राय, जगरनाथ ठाकुर आदि उपस्थित थे।
कराटे चैम्पियनशिप में सफल प्रतिभागियों को प्रमुख ने किया सम्मानित
डुमरी। संवाददाता। देहरादून में सम्पन्न इंटरनेशनल रेन्बूकान कराटे चैम्पियनशिप डुमरी प्रखंड के सफल प्रतिभागियों को शनिवार को प्रखण्ड प्रमुख उषा देवी ने उपहार देकर स्वागत किया। सफल प्रतिभागियों में चकरबरई निवासी राहुल कुमार महतो, पिता रामलाल महतो (55 किग्रा) वजन में तृतीय स्थान, 30 किलो वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली नगरी के रतिडीह गांव की रहने वाली श्वेता कुमारी, पिता बिनोद रविदास, रांगामाटी पंचायत के अमीत कुमार यादव, पिता राजकुमार गोप 40 किलो वर्ग में तृतीय स्थान शामिल है। स्वागत समारोह का आयोजन झारखंड रेन्बू कान कराटे के महासचिव नारायण महतो के नेतृत्व में किया गया था। इस दौरान मुखिया जागेश्वर यादव, परमेश्वर तुरी पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ राजेश कुमार पूर्व मुखिया लालमनी साव, युगल यादव, अजीज अंसारी, उमेश ठाकुर, देबु साव, उमेश यादव, संतोष साव, लोकेश यादव, गिरधारी साव आदि उपस्थित थे।