दुमका/निज संवाददाता। सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय में राजनीति विज्ञान एवं हिन्दी विषय के लिये संविदा आधारित शिक्षक नियुक्ति के लिये साक्षात्कार का आयोजन किया गया। दोनों विषयों में गड़बड़ी के बाद वर्ष 2019 में नियुक्त अनुबंध आधारित शिक्षकों को विश्वविद्यालय ने हटाने के बाद फिर रिक्त सीटों को भरने के लिये विज्ञापन निकाला था। दोनों विषयों के लिये लगभग 86 आवेदन आये थे। हिन्दी और राजनीतिविज्ञान के लिये विश्वविद्यालय में कुलपति प्रो सोना झरिया मिंज के देख-रेख में हो रहे नियुक्ति प्रक्रिया में दो दिन साक्षात्कार के लिये निर्धारित किया गया था। 6 जनवरी को राजनीति विज्ञान विषय के अभ्यर्थियों का साक्षत्कार लिया गया था। शेष बचे अभ्यर्थियों का साक्षात्कार गुरूवार को लिया गया। विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण डा संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित कमेटी नियुक्ति कर रही है। साक्षात्कार में कितने अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया यह साक्षात्कार समाप्त होने के बाद ही पता चलेगा। समाचार लिखे जाने तक हिंदी के अभ्यर्थियों का साक्षात्कार चल रहा था।