दुमका। निज संवाददाता सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय 10 जनवरी 2021 को अपना 30वां स्थापना दिवस मना रही है। इस विश्वविद्यालय की स्थापना वर्ष 1992 में भागलपुर विश्वविद्यालय से अलग कर सिदो-कान्हो विश्वविद्यालय के नाम से किया गया था। झारखण्ड अलग राज्य गठन के बाद इसमें मुर्मू शब्द जोड़ दिया गया। संताल परगना का यह एकमात्र विश्वविद्यालय है जो छात्र-छात्राओं के शिक्षा का अलख जगा रहा है। सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो सोना झरिया मिंज की अध्यक्षता में रविवार को विश्वविद्यालय परिसर में स्थापना दिवस समारोह मनाया जाएगा। इस समरोह में झारखंड की राज्यपाल सह कुलाधिपति द्रौपदी मुर्मू विडियो कान्फ्रेसिंग के माध्यम से जुड़ेगी। राज्यपाल सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ऑन लाईन शामिल होंगी। इसके पूर्व ही सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति कार्यालय के सामने बने टेंट में कार्यक्रम शुरू हो जाएगा। उसके बाद छात्र-छात्राएं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे।