हनवारा। संवाददाता एक सितंबर से लेकर सात सितंबर तक आयोजित पोषण पखवाड़ा के तहत महागामा प्रखंड अंतर्गत हनवारा के आंगनबाड़ी केंद्र संख्या- 04 में पोषण जागरूकता रैली निकाली गई। साथ ही रंगोली प्रतियोगिता आयोजित किया गया। इस दौरान आंगनबाड़ी सेविका गुलशन आरा ने स्थानीय महिलाओं को पोषण की जानकारी दी। साथ ही उनके खानपान को लेकर व्यवहार परिवर्तन पर चर्चा की गई। सब्जी एवं भोजन से संबंधित सामानों की प्रदर्शनी लगा कर स्थानीय लोगों को पोषण के प्रति जागरूक किया गया। रैली के दौरान सही पोषण, देश रोशन, पोषण में मुस्कान है, स्वास्थ्य की पहचान है, स्वस्थ बच्चा, देश अच्छा जैसे स्लोगन के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया। मौके पर आंगनबाड़ी सेविका गुलशन आरा समेत कई किशोरियां उपस्थित थी।