बसंतराय। संवाददाता प्रखंड अंतर्गत हिलावे पंचायत के वार्ड सदस्यों ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपते मुखिया गौतम गुप्ता के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए मनमानी करने और धमकी देने का आरोप लगाया है। वार्ड सदस्य ममता कुमारी ने कहा कि वे सभी ग्राम के वार्ड सदस्य बहुत उम्मीद के साथ ग्रामीण द्वारा चयनित हुए हैं जो कि बहुत आशा के साथ विकास का कार्य सोचा था। सभी वार्ड सदस्य मुखिया से बातचीत एवं किसी प्रकार की जानकारी लेना चाहते हैं तो वह उनलोग के साथ अभद्र भाषा के साथ पेश आते हैं। वार्ड सदस्य नेमानी मंडल ने कहा मुखिया हर बात की जानकारी मोबाइल फोन पर व्हाट्सएप कर देते हैं और बोलते हैं वे किसी वार्ड सदस्य से बात करने वाले नहीं हैं। किसी भी योजना में वार्ड सदस्य का कोई हस्तक्षेप नहीं चलने देंगे। और प्रत्येक योजना पर उनका 8 आदमी गोपनीय रूप से काम करेगा। वार्ड सदस्य चंदन कुमार ने आरोप लगाया कि हर योजना पर मुखिया जी 15 परसेंट लेने की मांग करते हैं। इस मांग पर सभी वार्ड सदस्य विरोध किया तो मुखिया सभी वार्ड सदस्य पर गुस्सा दिखाते हुए बोले जहां शिकायत करना है करो। प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रभाषचंद्र दास ने कहा कि पंचायतीराज पदाधिकारी के साथ टीम गठित कर इसकी जांच की जाएगी। मौके पर हिलावे पंचायत के वार्ड सदस्य पुष्पा देवी, संतलाल दास, हरदेव सिंह, गीता देवी, ममता कुमारी, अमोद कुमार गुप्ता, शिखा कुमारी, आदि मौजूद थीं।
क्या कहते हैं मुखिया
हिलावे पंचायत के मुखिया गौतम गुप्ता ने कहा कि वार्ड सदस्य उनके ऊपर दबाव बना कर कह रहे हैं कि जितना भी मनरेगा का काम आएगा वह उनके ही आदमी के नाम से आना चाहिए। उसमें उनका ही आदमी अध्यक्ष, सचिव रहेगा। इनमें से 11 वार्ड सदस्य मनमानी से काम कराना चाहते हैं। उनका कहना है कि वार्ड में जो भी काम आएगा उसमें उनका ही अध्यक्ष, सचिव रहेगा। उनके शर्तों को नहीं मानने पर यह आरोप उन पर लगाया गया है जो कि सरासर गलत है। कहा कि वे पहली बार मुखिया बने हैं। डीलर के पास बैठ कर अनाज वितरण करवाते हैं। जिनका अनाज कट जाता था उसको अनाज दिलवा देते हैं। इसी को लेकर उनके पीछे कुछ डीलर और पूर्व मुखिया का भी हाथ है।