मुर्गाबनी राजनगर सड़क के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण कार्य का शिलान्यास
कुंडहित। संवाददाता। रविवार को झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष सह नाला विधायक रविंद्र नाथ महतो ने नारियल फोड़कर मुर्गाबनी राजनगर सड़क के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का शिलान्यास किया। शिलान्यास के लिए धेनुकडीह मोड़ पहुंचे विस अध्यक्ष का पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया गया। मौके पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष श्री महतो ने कहा कि नाला विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे राज्य में विकास का कार्य जोर-शोर से कार्यान्वित किया जा रहा है। उन्होंने बताया आवश्यकता के आधार पर क्षेत्र के सभी सड़क, पुल, पुलिया अथवा तालाब की मरम्मत कराई जाएगी। ताकि जनता को किसी प्रकार की समस्या ना हो। उन्होंने कहा कि आज राज्य में यह पहचानना मुश्किल हो गया है कि कौन असली झारखंडी है, कौन नकली झारखंडी है। हेमंत सरकार ने असली झारखंडियों की पहचान देने का निर्णय लिया है। स्थानीयता नीति को 1932 के खतियान के आधार पर परिभाषित करने की दिशा में सक्रिय रुप से कार्य कर रही है। जल्द ही 1932 के खतियान के आधार पर असली झारखंडियो की पहचान सुनिश्चित की जाएगी। उल्लेखनीय है कि 40 किलोमीटर लंबी मुर्गाबनी-राजनगर मुख्य सड़क के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण का कार्य लगभग 19 करोड़ की लागत से कालेश्वर कंस्ट्रक्शन की ओर से किया जाना है। मौके पर विधानसभा अध्यक्ष श्री महतो के अलावे प्रखंड विकास पदाधिकारी श्रीमान मरांडी, थाना प्रभारी रौशन कुमार, कालेश्वर कंस्ट्रक्शन के अरुण सिंह तथा मनोरंजन सिंह, कुतुबुद्दीन खान, शरम मंडल, रफीक अंसारी सहित काफी संख्या में झामुमो के स्थानीय नेता गण उपस्थित थे।