साहिबगंज। संवाददाता मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत महादेवगंज स्थित गंगा तट पर पथल घाट में शनिवार की दोपहर लगभग 3:30 बजे एक युवक को गोलियों से भून डाला गया। 6-7 की संख्या में बदमाश वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। गोली लगने के बाद युवक की तत्काल वारदात स्थल पर ही मौत हो गई। बताया जाता है कि युवक पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ 10 राउंड गोली दागी। जिसमें में 3 गोली युवक को लगी। इधर वारदात की सूचना मिलते ही एसडीपीओ राजेन्द्र दूबे, मुफस्सिल थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश, जिरवाबाड़ी ओपी प्रभारी चिरंजीत प्रसाद, एसआई सतीश कुमार सोनी, एसआई निरंजन कच्छप, प्रणीत पटेल, विक्रम कुमार व अन्य ने वहां पहुंच मामले की तफ्तीश करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मिली जानकारी के अनुसार महादेवगंज निवासी रविन्द्र यादव (43) मछली के जाल के उठने की सूचना पर वहां पहुंचा था। इस दौरान 6 से 7 की संख्या में अज्ञात बदमाशों ने उसपर ने 10 रांउड गोली दाग दी। जिसमे 3 गोली रविंद्र के शरीर में जा लगी। जिससे तत्काल उसकी मौत हो गई। इधर मृतक के बड़े भाई धर्मेंद्र यादव ने बताया कि पुराने जमीनी विवाद में सुनील यादव उर्फ नुनुआ ने वारदात को अंजाम दिया होगा। वहीं पुलिस ने घटना स्थल से मृतक का मोबाइल, गमछा, 4 कारतूस का खोखा भी बरामद किया है। वारदात स्थल पर एसडीपीओ राजेंद्र दुबे ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक को तीन लगी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। इधर सदर अस्पताल को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। यहां कई थानों की पुलिस भारी संख्या में तैनात कर दी गई है। रविन्द्र अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र व दो पुत्री छोड़ गया है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
फांसी के फंदे से लटका मिला महिला का शव
कोटालपोखर। थाना क्षेत्र के रेलवे फाटक के निकट शनिवार की दोपहर एक घर की सीढ़ी के रेलिंग से एक महिला का फंदे से लटका हुआ शव मिलने से सनसनी मच गई। मृतक महिला संजू देवी (22) के परिजनों ने हत्या कर शव को फांसी के फंदे से लटका देने की आशंका व्यक्त की है। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर कुलदीप कुमार, थाना प्रभारी सतीश आशीष तिर्की, पुअनि शिवोदय तिर्की सअनि राजेश राम, पृथ्वी हरिजन ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी सतीश आशीष तिर्की ने बताया कि लड़की की माता पवित्री देवी के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।पूछताछ के लिए संजू देवी के पति आकाश भगत को हिरासत में लिया गया है।
विवाहिता की तबीयत बिगड़ी
राजमहल। संवाददाता। थाना अंतर्गत हल्दी टोला गांव निवासी एक विवाहिता ने घर में रखा विषैला पदार्थ का सेवन कर लिया। जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने आनन-फानन में उसे इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती करवाया। अस्पताल में परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार छाया देवी (25) ने पति के साथ हुए घरेलू विवाद के उपरांत आवेश में आकर घर पर रखा विषाक्त पदार्थ का सेवन कर ली। समाचार लिखे जाने तक अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था।
भाई ने भाई पर चाकू से किया हमला
तीनपहाड़। संवाददाता। थाना क्षेत्र के हरचंदपुर गांव में आपसी विवाद में भाई ने भाई को चाकू घोंप दिया। पीड़ित निताय मंडल ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 24 मई की रात्रि करीब 8:30 बजे घर के बाहर सड़क पर खड़ा था। इसी दौरान उसका भाई लक्ष्मण मंडल बाइक से आकर उसके पास गिर गया।उसके बाद उसके साथ धक्का-मुक्की करने लगा। बीच बचाव में आयी उसकी पत्नी लीना और बेटी माधुरी देवी को भी मारा। जिससे दोनों भी जख्मी हो गए। फिर चाकू लेकर उसे दौड़ाते हुए फोनी मंडल के घर में घुस चाकू से उसकी गर्दन और छती पर हमला कर दिया। जिससे बुरी तरह जख्मी हो कर बेहोश हो गया। वारदात के बाद उसका भाई फरार हो गया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।